रंगून तक पहलवानी का जलवा बिखरने वाले मंगला राय
- सुहैल ख़ान
![]() |
| मंगला राय |
यूनान में कुश्ती केवल एक खेल नहीं, बल्कि जीवन-दर्शन का अभिन्न अंग थी। वहां यह माना जाता रहा है कि ‘एक स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है।’ यूनान में पहलवानों को अत्यन्त सम्मान प्राप्त था। उनके लिए भव्य अखाड़े बनते थे, जिनके अवशेष आज भी एथिन्स की धरती पर गवाही देते हैं। यहां तक कि शक्ति के प्रतीक रूप में हर्क्यूलिस जैसे देवता की आराधना होती थी। यही परम्परा आगे चलकर रोम, तुर्की और ईरान के रास्ते हिन्दुस्तान पहुंची, जहां यह केवल एक खेल न रहकर संस्कार, साधना और स्वाभिमान का प्रतीक बन गई। भारत में कुश्ती की परम्परा अत्यन्त प्राचीन और गौरवपूर्ण रही है। राजे-महाराजे, नवाब और सामन्त वर्ग पहलवानों के संरक्षक हुआ करते थे। इसी परंपरा में शाहनामा के वीर पात्र रुस्तम और सोहराब की गाथाएं भी प्रेरणा का स्रोत बनीं, जिन्होंने मल्लविद्या को वीरता और त्याग का प्रतीक बना दिया।
उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ीपुर जिले से भी कई बड़े पहलवान हुए हैं, जिन्होंने पूरी दुनिया में अपना कारनामा कर दिखाया है। इन पहलवानों में हरिनारायण राय, बलवण्ड खां, करीम बख्श, सोहराब खां आदि का नाम प्रमुखता से लिया जाता है। इसी कड़ी में एक नाम पहलवान मंगला राय है। जिन्हें रुस्तमे-हिन्द के खि़ताब से नवाज़ा गया है। इनका जन्म वर्ष 1916 में जिले के जोगा-मुसाहिब में हुआ था। इनके परिवार में पहलवानी रग-रग में भरी हुई थी। पिता रामचंद्र राय और चाचा राधा राय अपने समय के प्रसिद्ध पहलवान थे। मंगला राय का जन्म मंगलवार के दिन हुआ था, इसलिए इनका मंगला रखा गया।
मंगला राय ने अपनी पहलवानी का हुनर ऐसा दिखाया कि धीर-धीरे पूरी दुनिया में ख़्याति होने लगी। रंगून से लेकर लाहौर तक इन्होंने दीना, हुसैन बख्श, केसर सिंह, खड़क सिंह और मेहरूद्दीन जैसे नामी पहलवानों का पटखनी दी। वे केवल एक विजेता नहीं थे, बल्कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक पहलवानों के गुरु और प्रेरणास्त्रोत भी थे। उन्होंने अखाड़ों की उस परम्परा को जीवित रखा, जहां गुरु-शिष्य सम्बन्ध केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं, बल्कि जीवन-दर्शन का मार्गदर्शन भी देता है। उनके व्यक्तित्व में विनम्रता, अनुशासन और देशप्रेम का अद्भुत संगम था। यही वजह है कि वे केवल एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि एक युग-पुरुष बन गए। पूर्वांचल की काली सोंधी मिट्टी की खुशबू से उठी वह ताक़त थे मंगला राय, जिसने देश-विदेश में अपना एक अलग इतिहास बना दिया दिया।
जीवन के अंतिम चरण में वे मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों से ग्रसित हुए। वाराणसी में उपचार के दौरान 24 जून 1976 को इस संसार से विदा हो गए। इस दुनिया को अलविदा कहने से इन्होंने हमें सीख दी कि मिट्टी चाहे कितनी ही साधारण क्यों न हो, यदि उसमें श्रम, समर्पण और आत्मविश्वास के बीज बोये जाएं, तो एक दिन वह एक विशाल इतिहासिक वृक्ष को भी जन्म दे सकती है। उनकी गाथा केवल एक पहलवान का इतिहास नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, परिश्रम और आत्मगौरव की जीवित मिसाल है।
( ‘गुफ़्तगू’ के अप्रैल-जून 2026 अंक में प्रकाशित )


0 टिप्पणियाँ:
एक टिप्पणी भेजें