शनिवार, 26 नवंबर 2022

फूल अब गुफ़्तगू भी करने लगे

                                      - डॉ. वारिस अंसारी 
                                           फतेहपुर
                                           मो. 9935005032



 ज़हे-नसीब आज मेरे हाथ में एक मशहूर सहाफी, गुफ्तगू जैसी अज़ीम पत्रिका के संस्थापक और मुनफरिद लब-ओ-लहजे के खूबसूरत शाइर इम्तियाज़ अहमद गाज़ी की ताज़ा तरीन किताब ‘फूल मुखातिब हैं’ मौजूद है। सवाल इस बात का है कि कोई किसी से क्यों मुखातिब होगा ? इसके दो तीन जवाब हो सकते हैं। एक तो ये कि मुख़ातिब होने वाले शख़्स का कोई काम हो, दूसरा रस्मी तौर पर भी लोग मुख़ातिब हो जाते हैं। तीसरी सबसे अहम वजह ये कि हम जिससे मुख़ातिब हैं, वह एक बा-सलाहियत और नेक इंसान है, वह लोगों की कद्र करना जानता है। यही सारी बातें इम्तियाज़ अहमद ग़ाज़ी के साथ भी लागू होती है कि वह बा-सलाहियत शख़्स के साथ-साथ नेक दिल इंसान भी हैं। आप कमाल की शायरी करते हैं। इस किताब में तीन सौ अशआर हैं, जिसमें कहीं फूल गाज़ी से बात कर रहे हैं और कहीं गाज़ी साहब फूलों से गुफ्तगू करते नज़र आ रहे हैं। एक शे’र देखते चलें- 
            उनको देखा तो ये हुआ मुमकिन,
            फूल अब गुफ्तगू भी करने लगे।
  ऐसे बहुत से अशआर हैं जो कि काबिले-तारीफ हैं। आपने आसानी से और नए रंग में अशआर पेश कहं हैं। खुद गाज़ी साहब की ज़ुबानी ‘मैने चाय की चुस्कियों के साथ ऐसे अशआर कहे हैं’ इस तरह इतने खूबसूरत की शे’र की तखलीक अपने आप में किसी मोजेजा से कम नहीं। आपकी शायरी में संजीदगी है। अमन और भाईचारे का संदेश है। मोहब्बत का खूबसूरत पैगाम है और यही एक सच्चे शाइर का मकसद होता है। खूबसूरत कवर के साथ इस किताब में 80 पेज हैं। गुफ्तगू पब्लिकेशन प्रयागराज से प्रकाशित इस किताब की कीमत 150 रुपए है। उम्मीद करता हूं कि गाज़ी साहब की ये किताब अदब में आला मुकाम हासिल करेगी ।


सच्चाई का अक्स गई हैं ख्वाबों का जज़ीरह



 ख्व़ाबों का जज़ीरह सरफराज अशहर का शेरी-मजमूआ है, जिसमें 56 गजलें हैं। मजमूआ में गज़लें भले ही कम लग रही हों लेकिन जितनी गज़लें हैं एक से बढ़ कर एक हैं। सारी गज़लें हालात की अक्कासी करती नज़र आ रही हैं। सरफराज़ अशहर ने वही ख़्यालात पेश किए हैं जो कि एक सच्चा अदीब पेश करता है। इनकी गजलों को पढ़ कर अंदाज़ा होता है कि शायरी सिर्फ इनका शौक़़ नहीं बल्कि इन्हें लोगों के दर्द का एहसास भी है। समाजी हालात को बा-ग़ौर देखने के साथ-साथ आदिल के इंसाफ पर भी पैनी नज़र रखते हैं। मुफलिसों का कर्ब इन्होंने करीब से देखा है। यही सब वजूहात हैं कि जाम ओ साकी, लब ओ रुखसार तक नहीं गया। इन्होंने अपनी शायरी में सच् की आवाज़ बुलंद की है। ज़ालिम और गुमराह लोगों को आइना दिखाने का काम किया है जो काबिले-तहसीन है। अशहर साहब बहुत ही सादगी से अपनी बात कहने का हुनर जानते हैं। इनकी शायरी की एक बड़ी खूबी ये है कि पाठक आसानी से पढ़ता चला जाता है और बोझिल होने का एहसास भी नहीं करता। इनकी शायरी में बला की सादगी है और पुरानी बातों को भी नए स्लूब में ढाल देते हैं। जिससे कारी सोचने पर मजबूर हो जाता है। इनकी शायरी झूट और बनावट से पाक है। अगर इनका मश्के सुखन यूं ही जारी रहा तो आने वाले कल के लिए इनकी शायरी अदब में एक मुनफरिद पहचान की हासमिल होगी। इस मजमूआ में 140 पेज हैं। खूबसूरत जिल्द के साथ किताब की कीमत सिर्फ 250 रुपए है। इस किताब की किताबत रूशान प्रिंटर्स देहली से हुई है और एजुकेशनल पब्लिशिंग हाउस नई दिल्ली से प्रकाशित हुई है। उम्मीद करता हूं ख्वाबों का एक जजीरह अवाम व अदब में एक बुलंद मुकाम तक मकबूल होगा।


अवाम का एहसास है एहसास-ए-मुजाहिद



 
मुजाहिद हुसैन चौधरी अदब का वह नुमाया नाम है, जिसे किसी तआरूफ की ज़़रूरत नहीं। कहीं वह अपने पेशे (वकालत) के लिए पहचाने जाते हैं तो कहीं समाजी कारकुन और लोगों के मददगार के रूप में जाने पहचाने जाते हैं। आपकी अदबी पहचान तो बिल्कुल ही मुनफरिद है।  आपका शेरी-मजमूआ ‘एहसास-ए-मुजाहिद’ बहुत ही खूबसूरत और नायाब है। मैंने पढ़ना शुरू किया तो मुझे पता ही नहीं चला कि कब मैंने पूरी किताब खत्म कर ली। कहने का मतलब कि शायरी में जिस तरह की रवानी है, सादा अल्फाज़ हैं, उम्दा खयालात हैं पढ़ने में एक अलग किस्म का मज़ा देते हैं। आपकी शायरी इश्क़, मोहब्बत,  हालात की अक़्क़ासी सब कुछ बहुत दिलकश अंदाज़ में देखने को मिलता है। एक ख़ास बात और कि आपके यहां वतन-परस्ती का जज़्बा भी खूब है। एक मतला मुलाहेज़ा करते चलें- 
            शहीदाने वतन की ज़िंदगी किस्मत से मिलती है, 
            वतन पर जां लुटाने की घड़ी किस्मत से मिलती है।
   आपकी शायरी पढ़ कर अंदाज़ा होता है कि आपने शायरी को कहीं भी मजरूह नहीं होने दिया और निहायत खूबसूरती के साथ अशआर कहे हैं। लोगों के दर्द को अपना दर्द समझा और फिर उस एहसास को लोगों तक पहुंचाया जो आसान काम नहीं है। आपकी शायरी एहसासत का ज़खीरा है जो कि दुनिया ए अदब में मील का पत्थर साबित होगी। इस किताब की कंपोजिंग हर्फ कंपोजिंग सेंटर दिल्ली ने की है और प्रकाशन सलमान आफसेट प्रेस मौज पुर दिल्ली से हुआ है। 128 पेज की इस किताब की कीमत 90 रुपए है। इस खूबसूरत मजमूआ के लिए मैं मुजाहिद हुसैन चौधरी साहब को अमीक दिल से मुबारकबाद पेश करता हूं और दुआ करता हूं कि ये किताब अदबी घराने में खूब मक़बूल हो।


ज्ञान का भंडार है पिकनिक



पिकनिक शब्द का अर्थ यूं तो सैर सपाटा या किसी मनोरम जगह का भ्रमण करना है लेकिन मोहतरमा शाह ताज खान ने पिकनिक के माध्यम से बहुत कह दिया। बेहद आसान ज़बान में सरल शब्दों का प्रयोग करके लिखी गई वाकई पिकनिक की तरह ही लग रही है। पढ़ना शुरू कर दो तो ऐसा लगता है पढ़ते ही चले जाओ। ऐसे-ऐसे उदाहरण दे कर बात की गई है कि बच्चे भी आसानी से समझ सकते है जिससे बच्चों में ज्ञान का भंडार भी बढ़ेगा और उन्हें आनंद भी आएगा। अक्सर कुछ चीजें होती हैं जो पढ़ने में काम लेकिन सुनने और देखने पर ज्यादा समझमें आती हैं। लेकिन इस किताब का यही कमाल है कि जब आप इस किताब को पढ़ेंगे तो महसूस करेंगे कि हम वही दृश्य, वही चीजे़ं देख रहे हैं जो इस किताब में मौजूद हैं। जैसे पहली कहानी ही ले लीजिए जिसका शीर्षक ही पिकनिक है। इस कहानी में हाथी को मास्टर साहब के किरदार में दिखाया गया है जबकि शेर  चीता, बंदर आदि जानवरों के बच्चों को विद्यार्थी के रूप में। मास्टर साहब के साथ जानवरों के ये बच्चे पिकनिक पर जाते हैं। जहां इंसानों को पिंजरे में कैद किया गया है। सचमुच ये कहानी इंसान को झकझोर देने वाली है। 

 इस किताब में अठारह कहानियां हैं जो कि एक से बढ़ कर एक हैं। नाखूून, नींद, ज़बान संभाल के जैसी कहानियों को पढ़ कर बहुत कुछ सीखा जा सकता है। और बच्चों के लिए तो ये किताब बेहद कारामद है जिससे उनका दिमाग भी तेज होगा। किताब के पीछे कवर पेज पर मतीन अचल पुरी की एक बहुत ही शानदार तौशीही नज़्म भी है। खूबसूरत कवर, उम्दा किस्म का कागज़ और शानदार प्रिंटिंग वाली इस किताब पिकनिक में 112 पेज हैं। यह किताब का दूसरा एडिशन है, जिसे शाह ताज खान आफसेट भिविंडी, महाराष्ट्र से कंपोज कराकर समर पब्लिकेशन मालेगांव महाराष्ट्र से प्रकाशित किया गया है। कवर पेज की डिजाइन क्षितिजा वाहुवाल पूना से हुई है। इस किताब की कीमत मात्र 120 रुपए है। 



 अवाम का दर्द है ‘देखो तो जरा


ज़रा देखो तो अशफाक ब्रदर के नसरी नज्मों का संग्रह है। जो कि अपने अंदर अवाम की आवाज़, अवाम का दर्द समेटे हुए है। एक दौर था जब उसातज़ह (गुरुजन) लोग इस तरह की नस्री नज़्म/कविता को शायरी के पैराए से अलग मानते थे। मज़ाक की निगाह से देखते थे लेकिन धीरे-धीरे वक़्त बदला, लोग बदले और बीसवीं सदी के करीब यह विधा भी कविता में शामिल हो गई। आज इस तरह की कविताओं का चलन बन गया है। कहा जाए तो यह दौर ही आधुनिक कविताओं का दौर है। आधुनिक कविताएं पढ़ने में तो आसान लगती हैं लेकिन इनकी रचना करना उतना ही मुश्किल है। हालांकि बहर, औजान, रदीफ ,क़ाफिया में कै़द शायरों ने कभी आज़ाद नज़्म की जानिब तवज्जह नहीं दी, मगर कुछ अदबी दानिशवरों ने इस तरफ पूरा ध्यान दिया और यहां तक कह दिया कि शेर वज्न और बह्र का मोहताज नहीं बल्कि जो वाक्य नस्र (गद्य) में होते हुए भी एक भाव पैदा करे वह भी शेर है। 

     ऐसे ही सिफत के मालिक अशफाक ब्रदर हैं, जो कि नई नज्मों के एक बाकमाल शायर की हैसियत रखते हैं और अदब में भी उनका एक अलग मुकाम है। अशफाक ने अपने अदबी सफर की शुरुआत 1980 के बाद अफसानों से किया। उनके अफसानों में भी शायरी की झलक मिलती है। अशफाक ब्रदर की किताब ‘जरा देखो तो’ नसरी नज्मों का मजमुआ है। जिसमें अवाम का दर्द है, लोगों के दिल की बात है। उन्होंने जो देखा और महसूस किया वही अपनी नज्मों में ढाल दिया। उनकी एक छोटी सी नज़्म की बानगी देखें जो इंसान को सोचने पर मजबूर कर देती है- ‘पल पल कर/जवां होते अहसासात/ आज/क्या मांग रहे हैं ?/ तालीम या दो वक्त की रोटी/या फिर दोनो/मगर इसमें/अहम तरीन कौन?/रोटी या तालीम।’ ऐसी ढेरों नज्में मौजूद हैं । 

बेहद मकबूल किताब जरा देखो तो खूबसूरत जिल्द के साथ 166 पेज की इस किताब की कीमत सिर्फ 200 रुपए है। जो कि अब्दुल बाकी कासमी कम्प्यूटर से कंपोज हुई और इंप्रेशन प्रिंट हाउस लाटूस रोड लखनऊ से प्रकाशित हुई है। इस खूबसूरत संग्रह के लिए अशफाक ब्रदर को खूब खूब मुबारकबाद। उम्मीद कि अदब में ये किताब मील का पत्थर साबित होगी।


( गुफ़्तगू के जुलाई-सितंबर 2022 अंक में प्रकाशित )


शुक्रवार, 18 नवंबर 2022

साहित्यकार की कल्पना में होती है वास्तविकता: एडीजी

 अमेरिका की डॉ. निशा समेत देशभर के साहित्यकारों का हुआ सम्मान

अपर पुलिस महानिदेशक प्रेम प्रकाश


प्रयागराज। देशभर से आए साहित्यकारों और पत्रकारों को सम्मानित करके गुफ़्तगू ने एक बेहद महत्वपूर्ण कार्य किया है। वेैसे भी प्रया्रगराज अकबर इलाहाबादी, बच्चन, पंत, निराला जैसे साहित्यकारों का शहर रहा है। ऐसे शहर में गुफ़्तगू की तरफ से कराया जा रहा आयोजन बेहद महत्वपूर्ण है। साहित्यकारों का काम होता है कि वे अपनी रचनाओं के माध्यम सेे देश और समाज में एकता और खुशहाली पैदा करने का संदेश दें। इसमें साहित्यकार सफल भी रहते हैं, उनकी कल्पना में भी समाज का सही चित्रण किसी न किसी में होता ही है। यह बात 13 november 2022 को हिन्दुस्तानी एकेडेमी में गुफ़्तगू की ओर से आयोजित ‘गुफ़्तगू साहित्य समारोह-2022’ के दौरान मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक प्रेम प्रकाश ने कही। उन्होंने कहा कि आज सम्मान समारोह में दूर-दूर से आए हुए लोगों को देखकर लगता है कि प्रयागराज और गुफ़्तगू का यह कार्यक्रम वास्तविक में भी संगम ही है और यह सब संगमनगरी में हो रहा है। इस आयोजन से एक साहित्यक परिदृश्य सामने आ रहा है। साहित्य समाज और देश की बेहतरी के लिए ही रचा जाता है।

गुफ़्तगू के अध्यक्ष इम्तियाज़ अहमद ग़ाज़ी ने कहा कि हमारी संस्था प्रत्येक वर्ष अच्छे रचनाकारों और पत्रकारों का सम्मान करती है। आज के दौर में जो लोग अच्छा लेखन कर रहे हैं, उनका सम्मान किया जाना चाहिए, इसी सोच के तहत गुफ़्तगे टीम कार्य करती रही है, बीस वर्ष से यह सिलसिला जारी है। आगे भी लोगों के सहयोग से इस तरह के साहित्यिक आयोजन होते रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान कुवैत की लेखिका नाज़नीज अली नाज़ की पुस्तक ‘खलिश’, आईएएस राम नगीना मौर्या की पुस्तक ‘आगे से फटा जूता’ और गुफ़्तगू के नए अंक विमोचन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे डॉ. वीरेंद्र तिवारी ने कहा कि आज का आयोजन सही मायने में साहित्यकारों के सम्मान का कार्यक्रम है। गुफ़्तगू द्वारा प्रत्येक वर्ष देशभर के लोगों का सम्मान किया जा रहा है, यह एक बहुत नेक और शानदार आयोजन बन गया है।

डॉ. हसीन जीलानी ने कहा कि आज जहां एक तरफ साहित्यकारों का सम्मान हुआ वहीं दूसरी ओर नाज़नीज अली नाज़ की किताब ‘खलीस’ के हिन्दी और उर्दू संस्करणों का विमोचन किया गया। ‘खलिश’  एक बहुत शानदारी कहानी संग्रह है, जिसमें लेखिका ने समाज की स्थितियों का सटीक और बेहतरीन वर्णन किया है। नाज़नीन अली नाज़ ने कहा कि मेरी किताब को प्रयागराज जैसे साहित्यिक शहर में विमोचन होना, मेरे लिए बड़े गर्व की बात है, इसके लिए मैं गुफ़्तगू संस्था का आभारी हूं। कार्यक्रम का संचालन शैलेंद्र जय ने किया।

दूसरे दौर में मुशायरे का आयोजन किया गया। नरेश महारानी, अनिल मानव, प्रभाशंकर शर्मा, अशोक श्रीवास्तव कुमुद, नीना मोहन श्रीवास्तव, राजेश राज, अफसर जमाल, रचना सक्सेना, शिबली सना, दयाशंकर प्रसाद, अतीक़ नूर, सेलाल इलाहाबादी, देवी प्रसाद पांडेय, धीरेंद्र सिंह नागा, राधा शुक्ला, शाहीन खुश्बू, असद ग़ाज़ीपुरी आदि ने कलाम पेश किया।



अकबर इलाहाबादी सम्मान

तलब जौनपुरी

कुलदीप नैयर सम्मान 

स्नेह मधुर (वरिष्ठ पत्रकार), सुशील कुमार तिवारी (सहारा समय), पंकज चौधरी (न्यूज 24), गिरीश पांडेय (लोकमित्र) 

सुभद्रा कुमारी चौहान सम्मान 

डॉ. निशा पंड्या (अमेरिका), डॉ. तस्नीमा परवीन (रांची), अनिला सिंह (जम्मू कश्मीर), शगुफ्ता रहमान (काशीपुर), निधि चौधरी (किशनगंज, बिहार), सुनीता सिंह (लखनऊ) 

कैलाश गौतम सम्मान 

राम नगीना मौर्या (लखनऊ), श्याम नारायण श्रीवास्तव (रायगढ़), मोहम्मद क़मर सलीम  (मुंबई), चौधरी मुजाहिद हुसैन (अमरोहा), चंद्र प्रकाश पांडेय (प्रयागराज)

 इब्राहीम अश्क सम्मान 

डॉ. प्रकाश खेतान (प्रयागराज) सुशील खरे वैभव (पन्ना, मध्य प्रदेश), डॉ. अशफ़ाक़ अहमद (गोरखपुर) 

धीरज सम्मान 

डॉ. नीलिमा तिग्गा (अजमेर), स्नेहा पांडेय (बस्ती), प्रदीप बहराइची (बहराइच), सीमा वर्णिका (कानपुूर), नरेश महरानी (प्रयागराज) 

सीमा अपराजिता सम्मान 

सरिता कटियार (लखनउ), ममता देवी (कानपुर),, स्वराक्षी स्वरा (कटिहार),, शहाना बेगम (प्रयागराज), डॉ. निशा मौर्या (प्रयागराज)


मंगलवार, 8 नवंबर 2022

नई पीढ़ी के प्रेरणा-स्रोत डॉ. विवेकी राय

                                             

डॉ. विवेकी राय

                 


                                                                                - अमरनाथ तिवारी ‘अमर’

                                             

  डॉ. विवेकी राय का जन्म 19 नवंबर 1924 को हुआ था। इनके पिताजी का नाम शिवपाल राय और माताजी का नाम जविता देवी था। उनका पैतृक गांव सोनवानी, ग़ाज़ीपुर है। 1940 में मिडिल और 1941 उर्दू से मीडिल करने के बाद 1942 में गांव लोवर प्राइमरी स्कूल में शिक्षक हो गए थे। इसके आगे की शिक्षा इन्होंने व्यक्तिगत विद्यार्थी के रूप में की। 1964 में एम.ए. और काशी विद्यापीठ वाराणसी से वर्ष 1970 में पी-एच.डी. की। इनके लेखन का प्रारंभ वर्ष 1945 में वाराणसी से प्रकाशित दैनिक ‘आज’ में उनकी छपी कहानी से माना जाता है। इसके बाद इस समाचार-पत्र में उनकी कविता, कहानी और लेख निरंतर छपते रहे। इनका एक चर्चित साप्ताहिक स्तंभ ‘मनबोध मास्टर की डायरी’ वर्ष 1957 से 1970 तक इस अख़बार में छपा। जो बहुत लोकप्रिया हुआ। इसमें ललित निबंध, रेखाचित्र और रिपोर्ताज छपे। वर्ष 1964 में डॉ. विवेकी राय का स्नातकोत्तर महाविद्यालय ग़ाज़ीपुर में अध्यापन करने लगे। इससे पहले लगभग 13 वर्षों तक अपने गांव के निकट खरडीहा के सर्वोदय इंटर कॉलेज में भी इन्होंने  अध्यापन किया था। ग़ाज़ीपुर आने के बाद वे हिन्दी की चर्चित स्तरीय पत्र-पत्रिकाओं में लिखने-छपने लगे। धर्मयुग, साप्ताहिक हिन्दुस्तान, सारिका, नवनीत, कादंबिनी, कल्पना, ज्ञनोदय आदि पत्रिकाओं में निरंतर छपने लगे। उत्तर प्रदेश सरकार ने इन्हें वर्ष 1974 में पुनगर्ठित हिन्दी समिति का सदस्य मनोनीत किया। बिहार सरकार ने 1978 में भोजपुरी एकेडेमी का सदस्य मनोनीत किया। 1971 में इन्हें आकाशवाणी इलाहाबाद के कार्यक्रम परामर्श दात्री समित का सदस्य बनाया गया। 1977 से कई वर्षों तक ये अखिल भारतीय भोजपुरी साहित्य सम्मेलन की प्रवर समिति के सदस्य रहे। 1983 में वे इस संस्था के अध्यक्ष चुने गए। 1980 में डॉ. विवेकी राय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ग़ाज़ीपुर के हिन्दी विभाग से अवकाश ग्रहण किए।

डॉ. विवेकी राय की लगभग 70 पुस्तकें प्रकाशित हैं। ये पुस्तकें विभिन्न प्रकाशनों में छपी हैं। इनकी कहानियों और उपन्यासों का अनुवाद उर्दू, पंजाबी, मराठी, उड़िया आदि भाषाओं में भी हुआ है। इनका प्रारंभिक जीवन साधन विहीन गांव में अध्यापन और किसानी करते हुए बीता। बाद में पूर्वांचल के अति पिछड़े शहर ग़ाज़ीपुरी आए। अपनी अनवरत और एकनिष्ठ साधन के बल पर इन्होंने विविधि विधाओं में रचनाएं की। इन्होंने हिन्दी के साथ भोजपुरी साहित्य को भी समृद्ध किया। भोजपुरी में भी हिन्दी 10 पुस्तकें हैं। डॉ. विवेकी राय को विभिन्न राज्य सरकारों और साहित्यिक संस्थाओं ने सम्मानित किया है। प्रमुख पुरस्कार और सम्मान ये हैं- 1987 में उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान द्वारा सोनामाटी पर प्रेमचंद पुरस्कार, 1994 में साहित्य भूषण सम्मान, 2006 में महात्मा गांधी सम्मान, वर्ष 2006 में यश भारती सम्मान, 2002 में केंद्रीय हिन्दी संस्थान आगरा द्वारा राहुल सांकृतयायन सम्मान,  मध्य प्रदेश शासन द्वारा वर्ष 1996-97 का शरद जोशी सम्मान, वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर द्वारा वर्ष 2000 में पूर्वांचल रत्न सम्मान, साहित्य चेतना समाज ग़ाज़ीपुर द्वारा 2003 में ग़ाज़ीपुर गौरव सम्मान प्राप्त हुआ है। डॉ. विवेकी राय पर विभिन्न विधाओं पर देश-विदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के माध्यम से 100 से अधिक लोगों ने शोघ किया है। इनके उपर दर्जनभर से अधिक शोध की पुस्तकें प्रकाशित हुई हैं। इनका देहावसान नवंबर 2016 में हुआ। डॉ. विवेकी राय का व्यक्तित्व एंवं कृतित्व आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।


( गुफ़्तगू के लुलाई-सितंबर 2022 अंक में प्रकशित )