शनिवार, 21 जून 2025

           बच्चों के किरदारसाज़ नदीम अंसारी

                                                                                 - डॉ. वारिस अंसारी 


 

 डॉक्टर बनना आसान है लेकिन बच्चों का डॉक्टर बनना बहुत कठिन काम है। क्योंकि बच्चे कुछ बता नहीं सकते, उनकी हालात का जायज़ा लेकर ही उन्हें समझा जा सकता है। इसी तरह कहानीकार वह भी बच्चों का कहानीकार एक बड़ी सिफत का मालिक होता है। लेखक को बच्चों के तर्जे अमल को करीब से खंगालना होता है। उनके एहसासात समझने पड़ते हैं। उनके दुख सुख को जानना होता है। तब कहीं जाकर बच्चों के लिए कुछ लिखा जा सकता है  नदीम अंसारी ने बच्चों को बहुत करीब से देखा-समझा और उनका अध्ययन किया है, तब कहीं उनकी मेहनत ‘सुनहरा कलम’ की शक्ल में मंजरे आम पर आ पाई। बच्चों के लिए बहुत पहले से अदबी कहानियां लिखी जाती रही हैं लेकिन उनमें वह सब नहीं है जो आज के बच्चों की ज़़रूरत है। नदीम अंसारी ने आज के बच्चों के मेज़ाज को परखा और समझा तब उन्होंने बच्चों के लिए अपना कलम उठाया ताकि इन कहानियों को पढ़ कर बच्चे दर्स हासिल कर सकें। ‘सुनहरा कलम’ में 24 कहानियां हैं, जिनमें ‘साबरह’ एक ऐसी कहानी है जो दो अलग-अलग मज़हब के मानने वालों पर मुन्हसिर है, और ये कहानी हिदोस्तानी तहज़ीब और कौमी यकजहती की नुमाइंदगी करती है। इसी मजमूआ (संग्रह) में ‘नेकी की राह’ से बच्चों में हमदर्दी का जज़्बा पैदा किया जा सकता है । 

 नदीम की ज़बान में बला की सादगी है, सलासत है। इनकी कहानियां पढ़ने में एक अलग का लुत्फ आता है। नदीम अंसारी दुनिया में भले ही न हों वह अदब में आज भी जिंदा हैं। उनके छोटे भाई मो. इरशाद की लगन और इरफान अहमद अंसारी की मेहनत ने उनकी कहानियों को मंजरे आम पर ला कर एक बड़ा काम किया है। यकीनन इस अदबी काम से मरहूम नदीम की रूह को तस्कीन ज़रूर मिली होगी। दुआ है अल्लाह उनको गरीके रहमत करे ।

 इस मामूली से कालम में उनकी कहानियों पर तब्सेरा करना आसान नहीं है। उनकी कहानियों में सब एक से बढ़ कर एक कहानी हैं। ‘फुलवारी’, ‘इंसाफ’, ‘झूठा ख़्वाब’, ‘अटूट रिश्ते’, ‘नई जिं़दगी’ जैसी तमाम कहानियां पढ़ने के लायक हैं जिनका सीधा असर दिलो दिमाग पर पड़ता है। हार्ड जिल्द के साथ 160 पेज की इस किताब को मीनाई ग्राफिक्स , तारैन जलाल नगर, शाहजहांपुर कंपोज करा कर रोशन प्रिंटर्स दिल्ली से सन 2022 में प्रकाशित किया गया। किताब की कीमत मात्र 250 रुपए है ।

एक अज़ीम शख़्सियत दिल शाहजहांपुरी



  ये बात बिलकुल सच है कि हर ज़िंदा और बेदार कौम अपने पुरखों को याद करती हैं। और जिसने अपने पुरखों को भुला दिया तो समझें उसने अपनी नस्लों को मिटा दिया। सो अपने बुजुर्गों की याद दहानी बहुत ज़रूरी है। इस कड़ी में इरफान अहमद अंसारी का नाम लेना बहुत ज़़रूरी है क्योंकि उन्हीं की मोरत्तिब किताब ‘इरफान-ए-दिल’ का ज़िक्र होना है । इरफान को अगर अदबी दुनिया का मुजाहिद कहा जाए तो गलत नहीं होगा। क्योंकि इन्होंने अदब में नुमाया खिदमात अंजाम दीं हैं जो कि उनके जिंदादिली और अपने पुरखों से दिलचस्पी का सुबूत हैं । 

  दिल शाहजहांपुरी पर मुरत्तिब उनकी किताब इरफान ए दिल कोई मामूली किताब नहीं और मामूली होगी भी कैसे। क्योंकि दिल शाहजहांपुरी कोई छोटा मोटा या मामूली नाम नहीं है। ये वह शख्सियत है जिसे हजरते अमीर मीनाई की शागिर्दी हासिल है। दिल शाहजहांपुरी शायरी की दुनिया का बहुत बड़ा नाम है। उन पर और उनकी शायरी पर अब तक हजारों मजमून लिखे जा चुके हैं। सबसे बड़ी बात ये  कि अल्लामा इकबाल भी दिल शाहजहांपुरी की शायरी से बहुत मुतास्सिर थे। इरफान अहमद अंसारी ने भी इन्हीं बड़ों के नक्शे कदम पर चलने का काम अंजाम दिया और अपने कलम को अफसाना निगारी व मज़मून निगारी की जानिब मुंतखिब करके अदबी खिदमात को अंजाम दे रहे हैं । 

 पच्चासों लोगों से मज़मून इकट्ठा करना और फिर उन पर काम करके किताब की शक्ल देना कोई बच्चों का खेल नहीं। ये बड़े दिल और बड़े हौसला वालों का काम है। जहां ज़र और वक्त सब कुछ कुर्बान करना पड़ता है। दिन का चैन और रातों की नींद कुर्बान करनी पड़ती है। तब कहीं जाकर इस तरह की किताबें मंजरे आम पर आ पाती हैं। यकीनन ये किताब तलबा के लिए बहुत ही नायब किताब है। ख़ास तौर पर स्कॉलर्स के लिए बेहद काम की किताब है। जो अदबी दुनिया के लिए मील का पत्थर साबित होगी। किताब को रोशन प्रिंटर्स देहली से कंपोज करा कर सन 2018 में एजुकेशनल पब्लिकेशन हाउस 3191, वकील स्ट्रीट , लाल कुआं, देहली 6, से प्रकाशित किया गया । 336 पेज के इस किताब की कीमत 400 रुपए है।


(गुफ़्तगू के अक्तूबर-दिसंबर 2024 अंक में प्रकाशित)


मंगलवार, 17 जून 2025

उमाकांत जी के घर में दलित महिला बनाती थी खाना

उन्होंने बचपन से ही बच्चों को दी कविता लिखने-पढ़ने की ट्रेनिंग

कर्मचारी यूनियन में सक्रियता के कारण एजी ऑफिस से हुए थे निलंबित

                                                                   - डॉ. इम्तियाज अहमद ग़ाज़ी

नैनीताल के एक कवि सम्मेलन में काव्य पाठ करते उमाकांत मालवीय

उमाकांत मालवीय अपने कार्य, चरित्र और स्वभाव से भी सच्चे साहित्यकार थे। उनके अंदर एक महान कवि, पिता, दार्शनिक, मंच संचालक और समाज सेवी समाहित था। उन्होंने अपने तीन बेटों को इंसानियत के लिए जीने का सबक दिया था। किसी भी बेटे पर किसी प्रकार का दवाब नहीं था। सभी ने अपने मन और रुचि के अनुसार पढ़ाई की, कविता लिखा और समाज को समझने के लिए कार्य किया। उनके अंदर समाजिक स्तर पर कोई भेद-भाव नहीं था। इसका सबसे बड़ा उदाहरण यह है कि उनके घर में खाना बनाने महिला भी दलित वर्ग से थी। इसकी जानकारी होने पर दोस्तों और रिश्तेदारों ने ऐतराज़ जताया, कई लोगों ने उनके यहां चाय-नाश्ता करना बंद कर दिया था, लेकिन उमाकांत जी ने उस खाना बनाने वाली को निकाला नहीं। इस मामले में उनकी पत्नी भी पूरी तरह उनके साथ खड़ी थीं।

बीच में बैठी हुई हैं तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी। सबसे बाएं खड़े हैं उमाकांत मालवीय


 उमाकांत मालवीय अपने समय के जाने-माने कवि थे। देशभर के कवि सम्मेलनों में काव्य पाठ के साथ-साथ मंच का संचालन भी करते थे। उनका मानना था कि कविता लिखने का प्रांरभ छंद से होना चाहिए और कविता का बेसिक ज्ञान होना चाहिए कि कविता क्या है ? जो लोेग बिना छंद को समझे ही कविता का लेखन कर रहे हैं, वे पूर्ण रूप से कभी कवि नहीं हो सकते, उन्हें सही ढंग से कविता लिखना नहीं आ सकता। कविता का प्रारंभ छंद से ही होना चाहिए, बाद में भले ही बिना छंद वाली कविता लिखें। कविता में एक मैसेज होना चाहिए, साथ ही उसमें आपका कमिटमेंट भी ज़रूरी है। उमाकांत जी के मझले पुत्र यश मालवीय बताते हैं कि हम तीनों भाइयों को वे अपनी कविताएं सुनाते थे और हमारी लिखी हुई कविता पर चर्चा करते थे। मुझे बड़े पिता जी, बसु को मझले पिताजी और अंशु को छोटे पिताजी कहकर बुलाते थे। उनका हमारे साथ पिता-पुत्र वाला संबंध नहीं था, बिल्कुल दोस्तों वाला संबंध था। वे अपने बच्चों को इसका प्रशिक्षण देते थे। छंद सिखाने के लिए शब्द बोलकर अपने बेटांे से पूछते थे कि बताओ इसमें कितनी मात्राएं हैं। कहते थे- जो सही बताएगा उसे चवन्नी मिलेगी। 

 उमाकांत मालवीय महालेखाकार ऑफिस में कार्य करते थे। कर्मचारी यूनियन में सक्रिय रहने के कारण वर्ष 1968 से 1971 तक निलंबित रहे थे। तब ख़ास तौर पर बच्चों की फीस जमा करने में उन्हें काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा था। यश मालवीय इस घटना को याद करते हुए बताते हैं-‘हम तीनों भाई एक तरह से कविता के पाले हुए हैं। फीस न जमा होने के कारण कई बार स्कूल से नाम भी कटा। जब कवि सम्मेलन से पारिश्रमिक मिलता था तब फीस जमा हो पाती। कई बार पिताजी 500 से 600 रुपये में पूरा कविता संग्रह लिखकर दूसरों को दे देते थे, ताकि हम लोगों की पढ़ाई चलती रहे।  

मदादेवी वर्मा और रामजी पांडेय के साथ बैठे हुए उमाकांत मालवीय।

एक बार की बात है। अंशु मालवीय के स्कूल में नामांकन के समय आवेदन-पत्र में यह भी भरना था कि आप अपने बच्चे को पढ़ा-लिखाकर क्या बनाना चाहते हैं ? किसी ने डाक्टर, किसी ने इंजीनियर और किसी ने आईएएस आदि लिखा था। उमाकांत जी ने लिखा- ‘नेक इंसान’। उनका यह आवेदन-पत्र स्कूल की प्रार्थना-सभा में लहराकर दिखाया गया कि एक आवेदन ऐसा भी आया ह,ै जिसमें पिता अपने बेटे को नेक इंसान बनाना चाहता है।

आपस में बातचीत करते बाएं से- अशोक श्रीवास्तव ‘कुमुद’, डॉ. इम्तियाज़ अहमद ग़ाज़ी और यश मालवीय।

यश मालवीय जब हाईस्कूल में थे, तब परीक्षा का परिणाम आया तो बहुत ही सामान्य नंबर से पास हुए थे। तब डॉ. जगदीश गुप्त ने उमाकांत जी से कहा कि यश की पढ़ाई-लिखाई पर भी ज़रा ध्यान दीजिए, कविता से कुछ होगा नहीं। उमाकांत जी बोले- ‘कुछ नहीं होगा तो मेरा बेटा कविता की दिहाड़ी करेगा, गीतों की दिहाड़ी करेगा, बच्चा मेरा भूखों नहीं मरेगा।‘ आज यश मालवीय के साथ पढ़े-लिखे लोगों को कोई नहीं जानता, जबकि यश मालवीय की साहित्य के क्षे़त्र में एक ख़ास पहचान हैै। 


उमाकांत मालवीय की किताबों के कवर पेज।    

यश मालवीय की पहली कविता वर्ष 1971 में ‘दैनिक जागरण’ और ‘धर्मयुग’ में छप गई थी। इसी वर्ष पहली बार आकाशवाणी इलाहाबाद से इन्हें काव्य पाठ का अवसर मिला। तब से यह सिलसिला आज तक जारी है। मझले पुत्र बसु मालवीय का मुंबई में एक एक्सीटेंड के दौरान निधन हो गया था। छोटे भाई अंशु मालवीय कविताओं का सृजन करते हैं। उमाकांत मालवीय का 1982 में निधन हो गया था।


(गुफ़्तगू के अक्तूबर-दिसंबर 2024 अंक में प्रकाशित)   


शनिवार, 14 जून 2025

साम्प्रदायिकता एकता को समर्पित लेख

                                      - अजीत शर्मा ‘आकाश’


 

‘भारत और इस्लाम’ नामक पुस्तक पश्चिम बंगाल के लोकप्रिय लेखक रेज़ाउल करीम के लेखों का संकलन है, जो कलकत्ता के विभिन्न पत्रों में प्रकाशित हुए हैं। यह लेख पराधीन भारत के समय मुसलमानों की दयनीय दशा को देखते हुए लिखे गये हैं। डॉ. प्रमोद कुमार अग्रवाल ने इन मूल निबन्धों का अंग्रेज़ी से हिन्दी में अनुवाद कर उन्हें पुस्तक के रूप में प्रस्तुत किया है, जिसे हिन्दू-मुसलमान एकता के लिए समर्पित किया गया है। पुस्तक के विषय में कहा गया है कि यह देश की साम्प्रदायिक परिस्थिति में साम्प्रदायिकता को कम करने में सहायता करेगी। इन निबन्धों को भारत और इस्लाम के शत्रुओं से मुक़ाबला करने के उद्देश्य से लिखा गया है। लेखक इनमें प्रतिक्रियावादी एवं साम्राज्यवादी नीतियों वाले नेताओं की कटु आलोचना करते हुए चेतावनी देता है कि देश के मुसलमान इस प्रकार के तत्वों द्वारा किये जा रहे भ्रामक प्रचार से पथभ्रष्ट न हों। पुस्तक के माध्यम से यह प्रमुख सन्देश दिया गया है कि व्यक्ति को सर्वप्रथम परिवार से प्रेम करके देशप्रेम और विश्वप्रेम अर्थात् मानवता प्रेम की ओर बढ़ना चाहिए।

 पुस्तक में साम्प्रदायिक एकता जैसे ज्वलन्त विषय को लेकर लिखे गये कुल 22 लेख संकलित हैं। ‘भारतीय प्रथम एवं सदैव भारतीय’ शीर्षक वाले इस प्रथम लेख में स्वयं को भारतीयता की भावना से ओतप्रोत होने का सन्देश दिया गया है। ‘मै राष्ट्रीय ध्वज को प्रणाम करता हूं’ में झण्डे का सम्मान करने की बात कही गयी है। ‘इस्लाम में सहिष्णुता’ में बताया गया है कि पवित्र क़ुरआन में बहुत सी बहुमूल्य आयतें मुसलमानों को दूसरे धर्म के समर्थकों के प्रति सहनशील होने के लिए सलाह देती हैं। ‘राजकुमार दारा शिकोह का जीवन दर्शन’ शीर्षक लेख में मुसलमानों में एकता और सहिष्णुता की सीख मानने पर बल दिया गया है। “सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तां” जैसी रचना लिखने वाले सर मुहम्मद इक़बाल को लिखे गये एक खुले पत्र के माध्यम से पुस्तक के लेखक द्वारा उनकी राजनीति की चालबाज़ियों और झूठ के संकुचित क्षेत्र में आने की भरपूर आलोचना की गयी है। ‘मुसलमानों का क्या हित है?’ लेख में इस बात पर ज़ोर दिया गया है कि मुसलमान भारत के अभिन्न अंग हैं एवं भारत की समस्त महानता एवं वैभव से अपृथक रूप से जुड़े हुए हैं। इसी प्रकार से ‘इस्लाम में पैग़म्बर और ग़ै़र मुसलमान’, ‘निम्न वर्ग एवं मुसलमानों का कर्तव्य’, ‘महामान्य आग़ा ख़ाँ का सन्देश’, ‘धर्म एवं अन्तर साम्प्रदायिक एकता, राष्ट्रीय आदर्श’ आदि लेखों में आवश्यक बातें कही गयी हैं। पुस्तक में संग्रहीत अन्तिम निबन्ध ‘क्या इस्लाम ख़तरे में है?’के अंतर्गत लेखक ने कहा है कि यह एक कायरतापूर्ण मानसिकता है। इसमें यह भी कहा गया है कि स्वार्थी एवं चालाक नेताओं ने अपने समर्थकों के मस्तिष्कों में इस पकार का झूठा भय घुसाकर, मुसलमानों को धोखा दिया है।

पुस्तक के उद्धरणों के कुछ अंश प्रस्तुत हैं -‘प्रारम्भ से लेकर अन्त तक पवित्र क़ुरआन पढ़ो एवं तुम्हें यहां वहां बहुत सी बहुमूल्य आयतें बीच-बीच में मिलेंगी जो कि मुसलमानों के दूसरे धर्म के समर्थकों के प्रति सहनशील होने के लिए सलाह देती हैं। धर्म में कोई ज़बर्दस्ती नहीं है।’ (पृ. सं.-23) 

‘धर्म को व्यक्ति की आत्मा से ही तात्पर्य होना चाहिए उसे उसके शरीर के साथ नहीं हस्ताक्षेप करना चाहिए जोकि पृथ्वी पर ईश्वर का तम्बू है। मुनष्य का शरीर वह जिस भी सम्प्रदाय से सम्बन्धित हो, प्रत्येक धर्म एवं प्रत्येक दूसरे मानव का संरक्षित हित होना चाहिए एवं हमें सभी मनुष्यों के साथ समानता, न्याय एवं बिना किसी भेदभाव के साथ बर्ताव करना चाहिए।’ (पृ. सं.-58) पुस्तक का मुद्रण एवं प्रकाशन सामान्य कोटि का कहा जा सकता है। लेखों के अन्तर्गत कहीं- कहीं ‘अनेकों’, ‘पाश्विक’ जैसी व्याकरणिक अशुद्धियां दृष्टिगोचर होती हैं। कुल मिलाकर बु़द्धजीवियों एवं आम पाठकों के लिए इसे एक पठनीय, सराहनीय एवं आवश्यक दस्तावेज़ कहा जा सकता है। प्रभाकर प्रकाशन, दिल्ली द्वारा प्रकाशित 118 पृष्ठों की इस पुस्तक का मूल्य 150 रुपये है।


विभिन्न रंगों के अशआर का संकलन


                                        

 गुफ़्तगू पब्लिकेशन की पुस्तक-श्रृंखला के अन्तर्गत ‘अनिल मानव के चुनिंदा अशआर’ शीर्षक से लघु पुस्तक का प्रकाशन किया गया है। जिसके अन्तर्गत अनिल ‘मानव’ की ग़ज़लों के प्रतिनिधि शे’र संग्रहीत किये गये हैं। इन चुने गये शे’रों के माध्यम से शायर की काव्यात्मक क्षमता एवं उसकी सृजनात्मक शक्ति का पर्याप्त परिचय पाठकों को प्राप्त होता है। संग्रहीत किये गये शे’रों को पढ़कर ज्ञात होता है कि ग़ज़लों के व्याकरण एवं उनके शिल्प पक्ष पर रचनाकार की पकड़ है। पुस्तक में संग्रहीत शे’रों का भावपक्ष एवं कथ्य भी सराहनीय है। इनके माध्यम से रचनाकार के मन में चल रहा रचनाशीलता का द्वन्द्व परिलक्षित होता है। जीवन में व्याप्त आपाधापी, भागदौड़ तथा घर-परिवार एवं देश-दुनिया की बातें इत्यादि विषयों को शब्द चित्रों के माध्यम से प्रकाश में लाया गया है। आसान शब्दावली से युक्त इन संग्रहीत शे’रों की भाषा सरल, सहज एवं बोधगम्य तथा जनसामान्य की भाषा है। इनमें प्रयुक्त हिन्दी, उर्दू तथा अंग्रेज़ी के प्रचलित एवं अति प्रचलित शब्दों का प्रयोग किया गया है, जिसके कारण ये आम बोलचाल की भाषा के निकट के प्रतीत होते हैं। पुस्तक के अन्तर्गत संग्रहीत हर एक शे’र का अपने आप में एक अलग महत्व है, जिसके माध्यम से रचनाकार की प्रतिनिधि शायरी की झलक देखने को मिलती है। प्रस्तुत हैं इस पुस्तक के कुछ अंशः-‘जुर्म सहने वाला भी इतिहास में/कोई भी हो दोषी माना जाएगा।‘, ‘राज़ सब खोलती है मगर बाद में/ज़िन्दगी पहले से कुछ बताती नहीं।’,:ग़म की एक कहानी देकर जाता है/कुछ तो इश्क़ निशानी देकर जाता है।‘, ‘फ़ख़्र है हमें अपने देश के किसानों पर/वो अगर नहीं होते रोटियाँ नहीं होतीं।’, ‘घर बड़ा है आपका/दिल ज़रा बड़ा करो।’ 

  लेखन में भाषा-व्याकरण सम्बन्धी कुछ छोटे-मोटे दोष भी दृष्टिगोचर होते हैं, यथा- सूरज के कभी आगे (वाक्य विन्यास), प्रेम की गणित, ज़िन्दगी काट लिया (लिंग दोष), ‘आपका’ के साथ ‘करो’ का प्रयोग आदि। “लुगाई’ जैसे शब्दों का प्रयोग करने से ग्रामत्व दोष भी आ गया है। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि जीवन एवं समाज के अनेक रंग लिए हुए चुनिन्दा अशआर की यह पुस्तक पठनीय एवं सराहनीय है। 24 पृष्ठों की पुस्तक की कीमत 25 रुपये है।


राशदी के शेर कहने का अंदाज़ है अनूठा



  गुफ़्तगू पब्लिकेशन की सौ अशआर की पुस्तक-श्रृंखला के अन्तर्गत मासूम रज़ा राशदी के सौ शेर की पुस्तक का प्रकाशन किया गया है। वस्तुत, किसी भी ग़ज़लकार की ग़ज़लों में कुछ शे’र सामान्य, कुछ अच्छे और कुछ उत्कृष्ट कोटि के होते हैं। सभी ग़ज़लों में से उत्कृष्ट कोटि के चयनित शे’र उस शायर विशेष की अलग पहचान निर्मित करते हैं। मासूम रज़ा राशदी दूसरे ग़ज़लकारों के मध्य अपनी अलग पहचान रखते हैं। इनके शे’र कहने का अन्दाज़ अनूठा है। चुने गये सौ शे’रों के माध्यम से शायर की काव्यात्मक क्षमता एवं उसकी सृजनात्मक शक्ति का परिचय पाठकों को प्राप्त होता है।

  संग्रहीत शे’रों के कथ्य एवं उनमें निहित भावपक्ष पर दृष्टिपात करने पर पाठक को ज्ञात होता है कि सामाजिक विसंगतियों पर शायर की सूक्ष्म दृष्टि है। समाज के बिगड़े हुए हालात को सुधारने के लिए शायर समाज को सकारात्मक दिशा एवं अंधेरों से संघर्ष करने की प्रेरणा दे देता है। कुछ शे’रों को पढ़कर पाठक को आनन्द की अनुभूति होती है। पुस्तक के अन्तर्गत संग्रहीत हर एक शे’र का अपने आप में एक अलग स्थान है, जिनकी एक झलक देखने के लिए प्रस्तुत हैं कुछ अंशः-‘ख़ार हैं फूलों में अब इस ख़ौफ़ से/ कैसे कोई बाग़बानी छोड़ दे। .... पहले रोटी का इंतज़ाम करूं/ बाद में शाइरी भी कर लूंगा। .... अगर सवाल तिरी प्यास का है ऐ साक़ी/ मैं ख़ुद को आखि़री हद तक निचोड़ सकता हूं। .... तैरना सीख ही लेगा वो यक़ीनन इक दिन/ हो के बेख़ौफ़ जो पानी में उतर जाएगा। .... आप तो आइने में संवरते रहे/ आईना आपको देखता रह गया। .... तुमने इतना डरा दिया मुझको/ अब ज़रा सा भी डर नहीं लगता। संग्रहीत शे’रों में कुछ हल्के-फुल्के दोष भी हैं, यथा- ‘न’ के स्थान पर ‘ना’ का प्रयोग किया जाना वर्जित है। “हर मुसाफ़िर के नसीबों” जैसे अंश भाषा-व्याकरण की दृष्टि से वचन सम्ब्न्धी त्रुटि को इंगित करते हैं। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि पुस्तक के सौ शेर हमारी ज़िन्दगी एवं समाज के सौ रंग लिए हुए हैं। इस प्रकार के चुनिन्दा शेरों को पुस्तकाकार में प्रकाशित किया जाना साहित्यिक दृष्टि से एक अच्छा एवं सराहनीय कार्य है। ‘मासूम रज़ा राशदी के सौ शेर’ नामक इस पुस्तक की कीमत: 20 रुपये है।


गम्भीर प्रकृति की कविताओं का संग्रह



‘सम्वेदना’ (स्व.) सन्तोष कुमार श्रीवास्तव की 65 छन्दहीन नयी कविताओं का संग्रह है, जिसका रचना-चयन एवं सम्पादन श्रीमती ऊषा किरण श्रीवास्तव द्वारा किया गया है। पुस्तक में संग्रहीत रचनाएं गम्भीर सामाजिक विषयों तथा वर्तमान समाज में व्याप्त संत्रास, घुटन, वेदनाओं तथा अनुभूतियों पर आधारित हैं, जिनमें मानवीय मूल्यों तथा परम्पराओं के प्रति संवेदनशीलता को प्रमुख विंषय बनाया गया है। मुख्य रूप से मानव मन की प्रेम संकल्पनाओं और दार्शनिक मान्यताओं के साथ-साथ, समाज में व्याप्त विषमताओं तथा विभीषिकाओं एवं विडम्बनाओं से से उपजे ऊहापोह एवं मनुष्य की जिजीविषा का चित्रण किया गया है। आज के दौर में परम्पराओं के निरन्तर अवमूल्यन तथा मस्तिष्क मे उमड़ते वैचारिक झंझावात को इन कविताओं में दर्शाया गया है। पुस्तक में संग्रहीत कविताओं की भाषा सरल एवं सहज है, जिसके अन्तर्गत हिन्दी, अंग्रेजी, उर्दू के प्रचलित शब्दों का प्रयोग किया गया है। प्रस्तुत हैं पुस्तक में संग्रहीत रचनाओं के कुछ अंशः-‘भावना- बिखर जाती/जैसे ही होता/सत्य से सामना।’, ‘खोज- खोजते नए आयाम/हो गए दिशा विहीन/खो गया वो आसमान/खो गयी अपनी जमीन।’, ‘कामना- प्यार की हो कल्पना/प्यार की हो साधना/प्यार ही बस प्यार हो/ज़िन्दगी की कामना।’,  ‘इन्सान से भगवान- करते जाओ कर्म/तभी बन पाओगे/आदमी/आदमी से इन्सान/इन्सान से भगवान।’ इनके अतिरिक्त अन्य कुछ अन्य रचनाओं के शीर्षक हैं- जीवन का सार, सूर्य, सामंजस्य, सच की तलाश, सम्वेदना, ज़िन्दगी आदि। कहा जा सकता है कि यह रचना संग्रह गम्भीर प्रकृति के पाठकों के लिए है। ‘सम्वेदना’ (काव्य संग्रह) पुस्तक को गुफ़्तगू पब्लिकेशन, प्रयागराज द्वारा प्रकाशित किया गया है, जिसकी की 150 रुपये है।


दो पाती के फूल में हैं प्रासंगिक दोहे


 

ग़ज़ल लेखन की भांति रचनाकारों के मध्य आजकल दोहा लेखन अत्यधिक लोकप्रिय हो रहा है। वस्तुत, दोहा-सृजन इतना आसान कार्य नहीं है, जितना बाहर से दिखता है। गम्भीर रचनाकार दोहा लेखन कर इसका भविष्य उज्ज्वल करने हेतु प्रयासरत हैं। इसी क्रम में नरेश कुमार महरानी द्वारा लिखित ‘दो पाती पर फूल’ शीर्षक से दोहों की एक पुंस्तक का प्रकाशन हनुआ है। पुस्तक का कथ्य विविधता लिए हुए है और इसका भाव पक्ष सराहनीय है। रचनाकार ने सामाजिक परिवेश के अनेक पक्षों पर दृष्टिपात करने का प्रयास किया है। वर्तमान समय को देखते हुए संग्रह के दोहे प्रासंगिकता लिये हुए हैं, जिनमें नवीन उपमाओं एवं मिसालों का प्रयोग किया गया है। राजनैतिक और सामाजिक विसंगतियाँ, देश, समाज, परिवार, हमारे संस्कार एवं छूटती परम्पराएं, भौतिकता की चाह, सत्ता लोलुपता, देश के गम्भीर हालात और आज की इंटरनेट संस्कृति पर प्रहार आदि रचनाओं के प्रमुख वर्ण्य विषय हैं। रचनाकार ने समाज को जिस रूप में देखा, समझा और परखा है, उसको वर्णित करने का प्रयास किया है। संग्रह की रचनाओं के कुछ अंश इस प्रकार हैं-धन कुबेर सब बढ़ गए, मध्यम बोझा जाय/निर्धन मस्त सदा दिखे, सूखी रोटी खाय।.... ताला चाभी देखिए, साथी दिखती प्रीति/इक दूजे के बिन यहां, नहिं खुलने की रीति।.... विपक्ष चुनौती ना रही, अब चिल्लाये कौन/तानाशाह जन्म लिया, सब सुख रहता मौन।.... फोन प्रयोग न कीजिए, करते कोई काज/जीवन जोखि़म में रहे, बिगड़त है सब राज।’ 

 दोहे स्थानीय भाषा मिश्रित खड़ी बोली में लिखे गये हैं, तथा इनमें दैनिक बोलचाल के शब्दों का प्रयोग किया गया है। संग्रह की अधिकतर रचनाओं में सपाटबयानी है तथा काव्यात्मकता कहीं-कहीं पर ही झलकती है। अच्छा होता, यदि प्रकाशन से पूर्व संग्रह की पाण्डुलिपि किसी वरिष्ठ रचनाकार को दिखाकर उनसे इस विषय में सलाह ली जाती। कथ्य एवं वर्ण्य-विषय को दृष्टिगत रखा जाए, तो संग्रह को सराहनीय कहा जा सकता है। रचनाकार की लेखनधर्मिता तथा सृजनशीलता सराहनीय है। नरेश कुमार महरानी की इस सजिल्द पुस्तक की कीमत मूल्यः 250 रुपये है, जिसे गुफ़्तगू पब्लिकेशन ने प्रकाशित किया है।


राधा एवं कृष्ण भक्तिपरक रचनाएं


‘अच्युतम केशवम’ नामक लघु पुस्तक कामिनी कृष्णा भारद्वाज द्वारा लिखित है। इसमें कुल 29 भक्ति रचनाएं सम्मिलित हैं, जिन्हें भजन कहा जा सकता है। अधिकतर रचनाएं राधा एवं कृष्ण भक्ति तथा वृंदावन से सम्बन्धित हैं। इनके अतिरिक्त भगवान शिव एवं गणेश की स्तुतिपरक रचनाएँ भी हैं। पुस्तक के शीर्षक अच्युतम केशवम में ‘म’ के नीचे हलन्त (्) नहीं लगाया गया है, जिसे वर्तनी की दृष्टि से अशुद्ध कहा जाएगा, क्योंकि अपने मूल रूप में संस्कृत भाषा के शब्दों अच्युत एवं केशव को द्वितीया विभक्ति, एकवचन के रूप में प्रयोग किया गया है, जिनका संस्कृत स्वरूप अच्युतम् केशवम् है। हलन्त (्) चिह्न किसी वर्ण के आधे होने का संकेत देता है। प्रेम तथा भक्ति के वशीभूत कृष्णमय हो जाने की चाहत को इस पुस्तक की मुख्य विषयवस्तु बताया गया है। लेखिका के अनुसार प्रभु तक पहुंचने के लिए केवल भक्ति मार्ग ही है। इसी कारण हर कविता में कृष्ण एवं राधा रानी को पाने की पुकार करते हुए अपने मन के भक्ति भावों को शब्दों का स्वरूप प्रदान किया गया है। इन रचनाओं को मन्दिरों, मठों एवं पूजाघरों में गाये जाने वाले भजनों में सम्मिलित किया जा सकता है। पुस्तक में संग्रहीत कुछ रचनाओं के अंश प्रस्तुत हैं -जीवन को नया मोड़ दो-‘हृदय के सागर में भक्ति रंग घोल दो/भक्ति के सहारे जीवन को नया मोड़ दो।’ मोहन राधे संग आ जाओ- ‘मां एक बार फिर राधा बन कर आओ/इस दुनिया को तुम प्रेम का पाठ पढ़ाओ/कान्हा के साथ तुम्हें फिर से आना होगा/संसार से इस नफरत को मिटाना होगा।’

 तकनीकी दृष्टि से यह लघु पुस्तक सुन्दर कलेवर तथा अनुपम साज-सज्जा से युक्त है। मुद्रण हेतु अच्छे एवं महंगे आर्ट पेपर का प्रयोग किया गया है। हर एक पृष्ठ पर राधा एवं कृष्ण के विभिन्न आकर्षक चित्र हैं। 30 पृष्ठों की इस भव्य एवं आकर्षक गेट अप वाली इस लघु पुस्तक का मूल्यः 250 रुपये है।

कर्ण के जीवनवृत्त का ख़ास चित्रण


 

पुस्तक ‘अविजित कर्ण’ के कृतिकार रामलखन शुक्ल हैं। यह महाकाव्य है, जिसे 18 सर्गों में विभक्त किया गया है। प्राचीन ग्रन्थ महाभारत से कथानक ग्रहण कर उसके एक प्रमुख पात्र कर्ण के जीवनवृत्त को चित्रित कर इस कृति का प्रणयन किया गया है। काव्यशास्त्र के अन्तर्गत महाकाव्य के कुछ लक्षण बताये हैं, जिनके अनुसार इसमें अष्टाधिक सर्ग होते हैं जिनमें से प्रत्येक की रचना एक ही छन्द में की जाती है। इसके अतिरिक्त महाकाव्य के प्रारम्भ में आशीर्वाद, देवस्तुति या वर्ण्यवस्तुनिर्देश होता है।‘अविजित कर्ण’ कृति में रचनाकार ने महारथी कर्ण को उदात्त गुणों से सम्पन्न, वीर शिरोमणि, त्यागी, अजेय, सर्वगुण सम्पन्न तथा महान वचन पालक एक महान योद्धा के रूप में वर्णित किया है। उनका पराक्रम, शौर्य, दानशीलता, मैत्री भाव अद्वितीय है। 

कथानक की दृष्टि से देखा जाए तो पुस्तक में कुन्ती को दुर्वासा से गर्भ धारण की वर-प्राप्ति से लेकर पाण्डवों के स्वर्गलोक प्रस्थान तक की महाभारत की कथा वर्णित की गयी है। ‘अविजित कर्ण’ पुस्तक को दोहा-चौपाई शैली में लिखा गया है। इसकी भाषा सरल एवं प्रवाहपूर्ण खड़ी बोली मिश्रित अवधी है। संस्कृत निष्ठ एवं अवधी के शब्दों के साथ ही कहीं-कहीं राज, कमतर, जलन, ईमान जैसे सामान्य बोलचाल के शब्द भी प्रयुक्त हुए हैं। काव्य में अनुप्रास, उपमा, उत्प्रेक्षा आदि अलंकारों का प्रयोग हुआ है। शैली रोचक एवं प्रवाहमय प्रतीत होती है। पुस्तक के कुछ उल्लेखनीय अंश प्रस्तुत हैं-‘‘कर्ण पराक्रम जे सुनहिं हिय महं हर्षित होहिं/बल पौरूष लखि वीर का सबै सराहहिं ओहिं।’ कर्ण का चरित्र- ‘तजेहुं प्रान त्यागेहु नहिं संगा/कबहुं वचन कीन्हेउ नहिं भंगा/दीन्हेउ दान आइ जो मांगा/सत्य धर्म ईमान न त्यागा।’ युद्ध वर्णन- ‘बान घटोत्कच छोड़त अइसे/नभ से बरसत गोले जइसे।’   वीभत्स रस- ‘सोणित की धारा बही दिखे लास ही लास/चील गिद्ध कुरूक्षेत्र महं नोंच रहे हैं मांस।’ करूण रस- ‘रूदन विलाप चर्तुर्दक होई/दुखी उदास मलिन सब कोई।’ 

काव्य-रचना में यत्र-तत्र अशुद्धियां भी परिलक्षित होती हैं। उदाहरणार्थ नीर-बैन (पृ.-200), विनासा-घाता (पृ.- 201) जैसी तुकान्तता की अशुद्धियां। ‘तुम’ और ‘तेरे’ (पृ.-170) तथा ‘तुम्हारा’ और ‘तोहि’ (पृ.-177) का एक साथ प्रयोग जैसे सम्बोधन सम्बन्धी व्याकरण दोष भी कहीं-कहीं हैं। इसके अतिरिक्त प्यस, विषाइ, धृत, जैसी प्रूफ़ सम्बन्धी अशुद्धियां भी कहीं-कहीं हैं। अन्त में कहा जा सकता है कि समीक्ष्य पुस्तक में मुख्य रूप से कर्ण के उदात्त गुणों को चित्रित करते हुए उनका महिमा मण्डन किया गया है, जो पौराणिक तथा प्राचीन सन्दर्भों की अभिरुचि वाले पाठकों के लिए रोचक एवं पठनीय होगा। अविजित कर्ण’ पुस्तक को सरस्वती साहित्य संस्थान, अल्लापुर, प्रयागराज ने प्रकाशित किया है, 208 पेज की इस किताब का मूल्य 475 रुपये है।


रोचक, मनोरंजक अवधी मुक्तकों का संग्रह


 
डॉ. शम्भुनाथ त्रिपाठी ‘अंशुल’की पुस्तक ‘काऽ करबऽ‘ अवधी भाषा में रचित मुक्तकों का संग्रह है। जिन्हें आराधन, उद्वेग, संवेग, मनश्चिन्ता, समाज, राजकाज, परिवर्तन, भारत देश, आस्था, बारहमासा, तथा अध्यात्म- इन एकादश तरंगों में विभक्त किया गया है। काव्यशास्त्रानुसार चार पंक्तियों के मुक्तक के अन्तर्गत एक अनुभूति, एक भाव या कल्पना का चित्रण होता है तथा इनका वर्ण्य विषय अपने में पूर्ण होता है। प्रस्तुत मुक्तक संग्रह की रचनाएँ अन्तर्मन के द्वंद्व को पाठक के समक्ष प्रस्तुत करती हैं तथा एक आम आदमी की आशा, निराशा, चुनौतियों संवेदनाओं, जैसी अनेक अभिव्यक्तियाँ को प्रदर्शित करती हैं। अधिकतर मुक्तकों में रचनाकार परम्परावादी तथा रूढ़िवादी विचारधारा का समर्थन करता हुआ-सा प्रतीत होता है। अहिरे कऽ मीत बनावइ, नाऊ ठाकुर बड़ा छतीसा, पंडित बीच बजार बइठि जूता बेंचइं/फूँकइं शंख चमार बतावऽ काऽ करबऽ, ध्वस्त भई सब वर्ण व्यवस्था काऽ करबऽ, करइ न बाभन सन्ध्या वन्दन काऽ करबऽ/माथे नाहीं टीका चन्दन काऽ करबऽ आदि पंक्तियों में रचनाकार द्वारा जातिवाद एवं रूढ़िवाद का समर्थन दृष्टिगत होता है। इसके अतिरिक्त किन्हीं कारणों से पुस्तक का रचनाकार वर्तमान सत्ताधारियों का गुणगान करते हुए सत्तापक्ष के सम्मुख नतमस्तक सा होता हुआ प्रतीत होता है, यथा- “पी.एम. मोदी जुगुति लगाएनि काऽ करबऽ/सारी जनता कऽ समझाएनि काऽ करबऽ। जोगी बाबा हाथ लगाएनि काऽ करबऽ/सुदृढ़ व्यवस्था सबइ कराएनि काऽ करबऽ।“ “ बसपा, सपा काँग्रेसी खपतुलहवास भें/मोदी अमित साह जउ होकइं काऽ करबऽ। जैसी पंक्तियाँ साम्प्रदायिक भावनाओं का पोषण करती-सी प्रतीत होती हैं। शिल्प की दृष्टि से रचनाकार ने छन्दविधान का पूर्णरूपेण पालन किया है, जिससे छन्दों में लय, प्रवाह एवं गतिशीलता निरन्तर विद्यमान रहती है। 

    बोए बबुर तऽ आम न खाये, मूड़ मुड़उतइ बरसइ ओला, बालू से केउ भीत बनावइ, दूर कऽ ढोल सुहावन, जान जाइ न जाये दमड़ी, मूस भवा लोढ़ा मुटाइ के, आँखि कऽ आँन्हर नाम नयनसुख, चोर-चोर मउसेरे भाई,, सूप बोल बोलइ तऽ तन्निउ अनुचित नाहीं/अब तऽ बोलइ छेदही चलनी काऽ करबऽ आदि मुहावरों एवं लोकोक्तियों का प्रयोग भी अधिकतर स्थानों पर किया गया है। इसके अतिरिक्त गदेला, लतखोर, धुँआधार, चौचक, चूतिया, लबार दहिजराए खपतुलहवास आदि ठेठ आंचलिक शब्द भी प्रयुक्त हुए हैं। पंक्तियों में कहीं-कहीं ‘ग्राम्यत्व’ एवं ‘अश्लीलत्व’ दोष भी आ गया है, जिससे बचा जा सकता था (पृ.-102, मुक्तक-14)।

कुल मिलाकर पुस्तक रोचक एवं व्यंग्यात्मक शैली में है, जिसे अवधी भाषा-भाषी पाठक अधिक रुचिपूर्वक पढ़ना चाहेंगे। प्रभाश्री विश्वभारती प्रकाशन, प्रयागराज द्वारा प्रकाशित साहित्यकार डॉ. शम्भुनाथ त्रिपाठी ‘अंशुल’ के अवधी मुक्तक काव्य “काऽ करबऽ“  का मूल्यः 250 रुपये है।


 भोजपुरी साहित्य को समृद्ध करने का प्रयास


 

 हिन्दी लघुकथा लेखन की भांति भोजपुरी रचनाकार भी इस विधा को समृद्ध करने के लिए निरन्तर प्रयासरत हैं। भोजपुरी हिन्दी की एक उपभाषा एवं बोली है, जो मुख्य रूप से पश्चिम बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तरी झारखण्ड के क्षेत्र में बोली जाती है। डॉ. मधुबाला सिन्हा की पुस्तक ‘अनहद’उनकी सत्तर भोजपुरी लघुकथाओं का संग्रह है, जिनके माध्यम से घर-परिवार, गांव, समाज की छोटी-छोटी घटनाओं आदि का यथार्थ चित्रण करने का प्रयास किया गया है। पुस्तक में संग्रहीत ‘गूँज’ एवं ‘नयतनतारा’ आदि लघुकथाओं के माघ्यम से समाज में पति के सामने पत्नी की स्थिति तथा उस पर लगाये गये लांछनों एवं प्रताड़ना को चित्रित करते हुए स्त्री विमर्श को रेखांकित किया गया है। ‘तेरहवीं’ शीर्षक लघुकथा में बेटे की दृष्टि पिता की मृत्यु पर न होकर उनके द्वारा बनाये गये मकान पर रहती है। ‘लखपतिया’ समाज में व्याप्त नौकरी में ऊपरी आमदनी जैसे भ्रष्टाचार को चित्रित करती है। ‘तियना’ लघुकथा में कोरोना काल की त्रासदी की ओर संकेत किया गया है। इनके अतिरिक्त ‘रिस्ता’, ‘राजनीति’, ‘जमाना’, ‘आजु के नारी’, ‘बाँझ’, ‘नोकरी’, ‘कराटे’, ‘लभ इन’, ‘बेरोजगारी’ आदि कुछ प्रमुख लघुकथाओं के शीर्षक हैं, जिनसे इन कथाओं की विषयवस्तु ध्वनित होती है। अनेक लघुकथाएँ स्त्री विमर्श, परिवार में वृद्धजनों की स्थिति, सामाजिक संरचना की विकृतियों एवं विसंगतियों को रेखांकित करती हैं। कुछ लघुकथाएँ अनावश्यक विस्तार के कारण छोटी कहानी जैसी प्रतीत होती हैं। वस्तुतः आकारगत लघुता’ लघुकथा की एक प्रमुख विशेषता है। इस दृष्टि से कुछ रचनाओं में फालतूपन-सा आ गया प्रतीत होता है। बावजूद इसके अधिकतर लघुकथाओं का प्रस्तुतीकरण रोचक एवं भावपूर्ण बन पड़ा है। सर्वभाषा प्रकाशन, नई दिल्ली द्वारा प्रकाशित 88 पृष्ठों की इस पुस्तक का मूल्य 225 रुपये है।


(गुफ़्तगू के अक्तूबर-दिसंबर 2024 अंक में प्रकाशित)