बुधवार, 22 सितंबर 2021

‘अकबर की शायरी में अपने समय का बेहतरीन चित्रण’

‘अकबर इलाहाबादी के सौ साल बाद’ कार्यक्रम में बोले जस्टिस अशोक कुमार

तीन पुस्तकों का विमोचन, सात लोगों को मिला ‘शान-ए-इलाहाबाद’ सम्मान

न्यायमूर्ति अशोक कुमार 

प्रयागराज। यह वर्ष जहां अकबर इलाहाबादी के निधन का 100वां साल है, वहीं उनके जन्म का भी 175वां वर्ष है। ऐसे मौके पर अकबर इलाहाबादी को याद करना बेहद ज़रूरी था। अकबर ने अपनी शायरी में अपने समय की बेहतरीन चित्रण किया है। उस समय अंग्रेज़ों का देश पर कब्जा था, पूरा देश उनकी जुल्म से परेशान था, ऐसे अकबर ने बिना डरे हुए शायरी की और अंग्रेजों का मुकाबला अपनी शायरी के जरिए किया। यह बात राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति अशोक कुमार ने 19 सितंबर 2021 को गुफ़्तगू की ओर से हिन्दुस्तानी एकेडेमी में आयोजित ‘अकबर इलाहाबादी के सौ साल बाद’ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि कही। उन्होंने कहा कि अकबर इलाहाबादी की शायरी से इलाहाबाद की ख़ास पहचान भी हैं, हमें ऐसे शायर को ठीक से पढ़ना भी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान सात लोगों को ‘शान-ए-इलाहाबाद सम्मान’ दिया गया। इम्तियाज़ अहमद ग़ाज़ी की संपादित पुस्तक ‘सदी के मशहूर ग़ज़लकार’, विजय लक्ष्मी विभा की पुस्तक ‘हम हैं देश के पहरेदार’ और जया मोहन की पुस्तक ‘रूठा बसंत’ का विमोचन किया गया।



गुफ़्तगू के अध्यक्ष इम्तियाज़ अहमद ग़ाज़ी ने कहा कि अबकर इलाहाबादी की शायरी की मक़बूलियत इतनी अधिक है कि उनकी शायरी को बडे़-बड़े गायकों ने अपनी आवाज़ दी है, पाकिस्तान से लेकर पूरे एशिया में उनके लिखे नग़में गाए जाते हैं। साहित्यकार रविनंदन सिंह ने कहा कि अकबर की शायरी में अनेक पर्तें हैं, अपने समय के तमाम पात्रों को अकबर ने उल्लेखित किया है। उन पर आरोप लगता है कि वे अंग्रेज़ी के खिलाफ थे, लेकिन हक़ीक़त यह है कि वो अंग्रेज़ी के खिलाफ नहीं थे, बल्कि अंग्रेजियत के खिलाफ थे। अंग्रेजियत की वजह से भारतीय संस्कृति नष्ट हो रही थी, जिस पर अकबर ने शायरी की। 

डॉ. ताहिरा परवीन ने कहा कि अकबर के ज़माने में दो संस्कृतियों में टकराव थी। अंग्रेजियत और हिन्दुस्तानियत के टकराव की वजह से उन्होंने इस विषय पर काफी शायरी है। उनका खिला नज्म ‘गांधीनामा’ बहुत ही मशहूर है, जिसमें उन्होंने उस समय भारत में गांधी जी के काम को शानदार ढंग से रेखांकित किया है। डॉ. मोहम्मद शाहिद ख़ान ने कहा कि अकबर की शायरी हमारे लिए एक नज़ीर है कि वक्त के साथ कैसे शायरी की जाती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. असलम इलाहाबादी ने किया। 

दूसरे दौर में मुशायरे का आयोजन किया गया। संचालन मनमोहन सिंह तन्हा ने किया। नरेश महरानी, प्रभाशंकर शर्मा, अर्चना जायसवाल, इश्क़ सुल्तानपुरी, डॉ. नीलिमा मिश्रा, शिवाजी यादव, विजय प्रताप सिंह, डॉ. राकेश तूफ़ान, नीना मोहन श्रीवास्तव, संजय सक्सेना, अफसर जमाल, शिवपूजन सिंह, संजय सागर, सरिता जायसवाल, डॉ. मधुबाला सिन्हा, सुजाता सिंह, नाज़ खान, हकीम रेशादुल इस्लाम, शैलेंद्र जय, विजय लक्ष्मी विभा, शिबली सना, अर्शी बस्तवी, उस्मान उतरौलवी, साजिद अली सतरंगी, बहर बनारसी, बसंत कुमार शर्मा, सागर होशियारपुरी, अंदाज़ अमरोहवी, रईस सिद्दीक़ी, राज जौनपुरी, अतिया नूर, रजिया सुल्ताना आदि ने कलाम ने पेश किया।


इन्हें मिला ‘शान-ए-इलाहाबाद सम्मान

इफ्तेख़ार अहमद पापू (मरणोपरांत), सरदार जोगिंदर सिंह (मरणोपरांत), नीलकांत, राजेंद्र कुमार तिवारी उर्फ दुकान जी, अतुल यदुवंशी, डॉ. सविता दीक्षित, डॉ. सोनिया सिंह 



बुधवार, 15 सितंबर 2021

हिन्दी भाषा के लिए अतुलनीय प्रयास

                                        - अजीत शर्मा ’आकाश’


   

माननीय उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश कीर्तिशेष न्यायमूर्ति प्रेम शंकर गुप्त जी ने अपने न्यायिक कार्यकाल में लगभग 5,000 निर्णय एवं आदेश हिन्दी भाषा में दिये, जो आज एक कीर्तिमान बन गया है। ‘पावन स्मृतियां’ शीर्षक पुस्तक उन्हीं के सुपुत्र माननीय न्यायमूर्ति अशोक कुमार ने उनके 90 वें जन्म दिवस 30 सितम्बर, 2020 के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि स्वरूप प्रस्तुत की है। पुस्तक में प्राक्कथन के अंतर्गत लेखक ने न्यायमूर्ति प्रेम शंकर गुप्त जी के जीवन, शिक्षा एवं न्यायिक क्षेत्र में उनके द्वारा मातृभाषा हिन्दी को प्रतिष्ठित किये जाने एवं गरिमापूर्ण स्थान दिलाये जाने के विषय में सविस्तार प्रकाश डाला है। पुस्तक में बताया गया है कि वकालत से न्यायिक सेवा प्रारम्भ करने वाले उनके पिताश्री ने अपीलीय ट्राइल एवं वादों में अपना पक्ष हिन्दी भाषा में रखा, जिससे वादकारी यह जान सके कि उसके अधिवक्ता द्वारा उसके वाद को ठीक से प्रस्तुत किया गया है। न्यायमूर्ति प्रेम शंकर गुप्त जी मानते थे कि जनता को न्याय जनभाषा में नहीं मिलता है। आज भी उच्च न्यायालय में अंग्रेजी का बोलबाला है और इस कारण समाज में वर्गभेद स्थापित हो रहा है। अत : वे मातृभाषा हिन्दी में ही बहस की अनुमति लेकर न्यायिक कार्य सम्पन्न करते थे। मातृभाषा हिन्दी के प्रति उनका यह अगाध प्रेम 1992 में उनकी सेवानिवृत्ति और उसके पश्चात् भी जीवन भर बना रहा। वर्ष 1993 में उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान द्वारा उन्हें ‘हिन्दी गौरव’ की उपाधि से सम्मानित किया गया। हिन्दी एवं भारतीय भाषाओं की अभिवृद्धि के लिए उन्होंने वर्ष 1993 में ‘इटावा हिन्दी सेवा निधि’ संस्था स्थापित की। 

  इस पुस्तक के लेखक विद्वान् न्यायमूर्ति अशोक कुमार को भी हिन्दी के प्रति निष्ठा अपने पिताश्री से उत्तराधिकार के रूप में प्राप्त हुई। इसी का परिणाम रहा कि उन्होंने इलाहाबाद उच्च न्यायालय में न्यायाधीश का पदभार ग्रहण कर अपना प्रथम निर्णय हिन्दी में लिखवाकर एवं अपने कार्यकाल का अन्तिम आदेश भी हिन्दी में पारित कर अपने पिताश्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। मात्र यही नहीं, अपने कार्यकाल में जब भी सम्भव हो सका तब उन्होंने हिन्दी में निर्णय एवं आदेश पारित किये। पुस्तक को दो खंडों में विभक्त किया गया है। प्रथम खंड में लेखक द्वारा अपने कार्यकाल में दिये गये लगभग 32 न्यायिक निर्णय एवं द्वितीय खंड में लगभग 26 न्यायिक आदेशों का संकलन है। न्यायिक कार्यों में हिन्दी का प्रयोग करके अपनी मातृभाषा की सेवा के साथ ही जन-जन तक न्याय पहुंचाने की दिशा में किया गया उनका यह अभिनव प्रयास निश्चित रूप से सराहनीय एवं स्वागतयोग्य है। पुस्तक के अन्त में कीर्तिशेष न्यायमूर्ति प्रेम शंकर गुप्त जी की स्मृतियां संजोए हुए कुछ छायाचित्र एवं लेखक के न्यायिक कार्यकाल की स्मृतियाँ एवं कुछ पारिवारिक छायाचित्र भी संकलित हैं। पुस्तक का मुद्रण एवं प्रकाशन उच्च कोटि का है। 202 पेज की इस पुस्तक को माडर्न लॉ हाउस प्रा.लि. इलाहाबाद ने प्रकाशित किया है, 

 

 देशप्रेम का रंग लिए अच्छी बाल-कविताएं


  

अच्छा बाल-साहित्य बच्चों के मानसिक विकास के लिए नितान्त आवश्यक है। यह बच्चों से सीधा संवाद स्थापित करने की विधा है। साधारणतः यह धारणा है कि बच्चों के लिए लिखना सहज कार्य है। लेकिन ऐसा नहीं है। इसके लिए स्वयं को बच्चों के मानसिक स्तर पर लाना होता है, तभी यह सृजन नन्हें बालकों को प्रेरित करता है। वरिष्ठ कवयित्री विजयलक्ष्मी ‘विभा‘ अपनी अन्य विधाओं की अपनी कृतियों के साथ ही बाल साहित्य के सृजन में भी उतनी ही सक्रिय हैं। अपने बालगीत संग्रह ‘हम हैं देश के पहरेदार’ के माध्यम से उन्होंने बच्चों को उनके परिवेश, सामाजिक-सांस्कृतिक परम्पराओं, संस्कारों, जीवन मूल्यों, आचार-विचार एवं व्यवहार के प्रति सतत् चेतन बनाने का प्रयास किया है। प्रस्तुत संग्रह में 32 बाल कविताएं संकलित हैं। प्रायः सभी रचनाएं देशभक्ति का स्वर लिए हुए हैं, साथ ही विविध मानवीय मूल्यों से युक्त भी हैं। इनमें रोचकता एवं मनोरंजकता का भी ध्यान रखा गया है, जिससे रचनाएं बोझिल न होने पायें। प्रस्तुत हैं इस बाल गीत संग्रह की कुछ रचनाओं के उल्लेखनीय अंशः- संग्रह की पहली रचना ‘भारत सबसे प्यारा है’ देशप्रेम की अच्छी कविता है एवं बच्चों के मन में देशभक्ति का भाव जाग्रत करने में सक्षम है- नील गगन के तारों में/सबसे उज्ज्वल ध्रुवतारा है/धरती के तारों में अपना/भारत सबसे प्यारा है।’ इस कविता में सम्पूर्ण मानवजाति के कल्याण की कामना की गयी है-‘सुख, शांति और खुशहाली हो/हर मुख पर मुखरित लाली हो।’ इनके अतिरिक्त हरदम हैं तैयार, तसवीर बनायें, मणि मुक्ता सा मन है, चांद सूरज वाला, इंसाफ कर, हम हैं अपने स्वयं प्रणेता आदि कविताएं भी उल्लेखनीय हैं। संग्रह की रचनाएं छन्दबद्ध, गेय एवं बाल-पाठकों को देशभक्ति के रंग में रंगने में सक्षम हैं। यह कविताएं बच्चों में अपनी जन्मभूमि, अपने देश, प्रकृति व पर्यावरण के प्रति रुचि जाग्रत करती हैं। कुल मिलाकर श्रेष्ठ बाल-कविताओं का संग्रह ‘हम हैं देश के पहरेदार’ बच्चों के लिए उपादेय होगा एवं बाल-मन को भायेगा, ऐसी आशा है। बाल-साहित्य के सृजन में कवयित्री का यह योगदान सराहनीय है। इस पुस्तक को गुफ्तगू पब्लिकेशन ने प्रकाशित किया है, जिसकी कीमत 50 रुपये है।


 ग़ज़ल लेखन का सराहनीय प्रयास


 

ग़ज़ल आज हिन्दी साहित्य में भी एक लोकप्रिय विधा के रूप में प्रतिष्ठित हो चुकी है। इसका शिल्प एवं इसके व्याकरण की समझ रखने वाले कुछ ग़ज़लकार इस विधा को और ऊंचाइयां प्रदान कर रहे हैं। लेकिन, ध्यातव्य है कि ग़ज़ल का एक विशेष अनुशासन एवं व्याकरण है, जिसका पालन किया जाना गजल-लेखन के लिए अनिवार्य होता है। रामावतार सागर का ग़ज़ल संग्रह ‘निगाहों में बसा सावन’ अपनी कुछ खूबियों के साथ ही कुछ कमियां भी समेटे हुए है। ग़ज़ल संग्रह से चयनित किये गये अशआर इसके साक्षी है। उदाहरणार्थ-आज के नेताओं की सियासत बयान करते हुए ये अश्आर- ‘वोट देकर जिताया था हमने जिसे/वो भी निकला नहीं है खरा आदमी। तुझे बस काम है वोटों से मेरे/तेरा वादा तो हर झूठा रहा है।’ आम आदमी की पीड़ा का चित्रण- ‘होगा गुजारा कैसे ये सोचना हमारा/राशन ख़त्म है सारा और इक माह बिताना। रोटियां फाकाकशों से दूर हैं/ अब ये दिन कैसे गुजारे जाएंगे।’ संग्रह की कई ग़ज़लें बे-बह्र हैं। स्थान-स्थान पर शे‘रों में रवानी की कमी खटकती है। अधिकतर शे‘र शब्दों के गठजोड़ के रूप में सामने आते हैं। ग़ज़लकार ने अच्छी ग़ज़लें कहने की भरसक कोशिश की है। इसके अतिरिक्त ख़्यालों, तर्जुबे, फिकर, रोड़, होंसले, जैसे अशुद्ध शब्दों का प्रयोग ग़ज़ल के सौन्दर्य एवं कथ्य को बाधित करता है। मात्रा पूर्ति के लिए ‘न’ के स्थान पर ‘ना’ का प्रयोग उचित नहीं। फिर भी, ग़ज़ल-लेखन के क्षेत्र में इसे रचनाकार का एक सराहनीय प्रयास कहा जा सकता है। आशा है कि गजलकार का अगला संग्रह ग़ज़ल के शिल्प एवं व्याकरण को दृष्टिगत रखते हुए और बेहतर होगा। 80 पेज की इस पुस्तक को गुफ़्तगू पब्लिकेशन ने प्रकाशित किया है, जिसकी कीमत 100 रुपये है।


 मनोभावों की सहज अभिव्यक्त करतीं कविताएं



 देश भर की महिला रचनाकारों की सोच, उनके मनोभाव एवं उद्गारों को व्यक्त करता हुआ देश की 11 कवयित्रियां काव्य संकलन का प्रकाशन एक सार्थक एवं सराहनीय प्रयास है। अधिकतर रचनाकारों ने अपनी कविताओं के माध्यम से सामाजिक रूढ़ियों एवं अनर्गल परम्पराओं के विरूद्ध संघर्ष छेड़ते हुए समाज को एक नई दिशा देने का प्रयास किया है।  राजकांता राज की महिला सशक्तीकरण की रचना- ‘मत समझो मैं बेचारी हूं/मैं नारी हूं (’मैं नारी हूं’)। बेटी शक्ति थी बेटी शक्ति है/और बेटी हमेशा शक्ति ही रहेगी (’बेटी’)। ममता बाजपेयी ने अपनी ग़ज़लों के माध्यम से अपने मनोभाव व्यक्त किये हैं -‘चांदनी भी तो एक धोखा है/ये उजाले उधार वाले हैं। ममता कालड़ा की ’अधूरी  आस’ कविता में समाज को जागृत करने का प्रयास किया गया है। प्रीति शर्मा ‘असीम‘ की कविताएं भी प्रभावित करती हैं। डॉ. भारती वर्मा बौड़ाई की कविताओं में वर्तमान सामाजिक यथार्थ का विशेष रूप से चित्रण है -‘सब रिश्ते बाजार हुए अब/अब रिश्तों में जान कहां है। (’कहां है’) ओढ़े रहो आवरण चाहे जितने/तुम्हारा सच हमें दिखने लगा है।’ डॉ. रेणु अग्रवाल की कविताएं पाठकों को आशान्वित करती हैं। करूणा झा की ’जवानी’ कविता में आज के राजनीतिक यथार्थ का चित्रण हैः-‘उठाओ, मारो, काटो, खत्म कर दो/ये कैसी हुक्मरानी आ गई है।’ कुल मिलाकर महिला रचनाकारों की काव्य-यात्रा में सहभागिता की ओर ध्यानाकर्षण करता है ‘देश की 11 कवयित्रियां‘ काव्य संकलन। 200 पेज के इस पुस्तक को गुफ़्तगू पब्लिकेशन ने प्रकाशित किया है, जिसकी कीमत 300 रुपये है।

रचनाधर्मिता को रेखांकित करने का प्रयास


 

इम्तियाज़ अहमद ग़ाज़ी के संपादन में प्रकाशित हुई पुस्तक ‘उत्तर प्रदेश की सात कवयित्रियां’  की कवयित्रियां अपने मनोभावों को व्यक्त करने में काफी हद तक सफल रही हैं। अतिया नूर का काव्य सृजन उनकी रचनाधर्मिता एवं उनकी सृजनात्मकता को उजागर करता है। कई रचनाएं अच्छी बन पड़ी हैं। शिल्प विधान की दृष्टि से भी कविताएं आकर्षित करती हैं। ‘उर्दू की कहानी’ कविता के माध्यम से संक्षेप में उर्दू भाषा का पूरा इतिहास बता दिया है। ‘तख़्त पे कातिल बिठाया जाएगा’ कविता में तुच्छ राजनीति पर प्रहार करने का प्रयास किया गया है। डॉ. मंजरी पांडेय की कविताएं सार्थक सृजन की पहचान हैं, समाज को सन्देश देती हैं। ‘सरसों खेत में फूल रही है’ कविता प्रकृति प्रेम को दर्शाती है। डॉ. नीलम रावत की ग़ज़लें कथ्यात्मक दृष्टि से अच्छी हैं, लेकिन शिल्प की दृष्टि से कहीं-कहीं कुछ कमियां हैं। कुछ उल्लेखनीय अश्आर-‘रेत पर घर फिर बनाना है तुझे/पीर में भी मुस्कुराना है तुझे।’ डॉ. नसीमा निशा की ग़ज़लें राजनीति, सामाजिक सरोकार एवं स्त्री विमर्श की दृष्टि से उल्लेखनीय हैं एवं अच्छी बन पड़ी हैं। शिल्प विधान की ओर अधिक ध्यान दिया जाता, तो और अच्छा होतां। ममता देवी की काव्य रचनाएं यथार्थ के धरातल पर हैं एवं कवयित्री के मनोभावों को स्पष्ट रूप से प्रकट करती हैं। शबीहा खातून की रचनाओं का शिल्प पक्ष अपेक्षाकृत ठीक है। इनकी ‘उल्फत भरे लमहात’, ‘चूड़ियों की सदा’ उल्लेखनीय हैं। शगुफ़्ता रहमान की रचनाएं भी मनोभावों और उद्वेगों की अभिव्यक्ति करने में सफल हैं। ‘मेरा भी वतन तेरा भी वतन’ देशप्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव की कविता है। कुल मिलाकर काव्य-संकलन महिला रचनाकारों की रचनाधर्मिता एवं उनकी सृजनात्मकता को उजागर करता है। 128 पेज के इस संकलन को गुफ्तगू पब्लिकेशन ने प्रकाशित किया है, जिसकी कीमत 200 रुपये है।


  विसंगतियों को रेखांकित करती कहानियां 



 जया मोहन के कहानी-संग्रह ‘परसी थाली’ में सामाजिक विषयों को लेकर लिखी गयी  कहानियां संकलित हैं। जिनके माध्यम से समाज को रचनाधर्मी सन्देश दिए गए है। कहानियों की विषयवस्तु में सामाजिक कुरीतियों, गिरते हुए मानव मूल्यों एवं बिगड़ते हुए वर्तमान परिवेश पर प्रहार किया गया है। संग्रह की कहानियां मार्मिक, हृदयग्राही, प्रभावशाली एवं विविध मनोभाव लिए हुए हैं, जिनमें मानवीय संवेदनाओं एवं भावनाओं को सफलतापूर्वक उकेरने का प्रयास किया गया है। संग्रह की प्रथम कहानी ‘हॉर्न’ एक विधवा स्त्री की मानसिक पीड़ा को व्यक्त करती है, जो न चाहते हुए भी परिस्थिति जन्य कारणों से पतन के दलदल में फंस जाती है। उसकी पीड़ा वास्तविक रूप से समाज की पीड़ा ही है। ‘ऐ री मैं तो’ एक प्रेमकथा है, जिसमें सामाजिक रूढ़ियां एवं जाति-पाँति आड़े आती है। बाद में विधवा होने पर ऊंच-नीच का भेदभाव दूर कर प्रेमी और प्रेमिका विवाह करा दिया जाता है। ‘जाति-पाँति नहीं, मानवता महत्व रखती है’, इस कहानी का मूल सन्देश है। ‘बाजूबंद’ आभूषण-मोह के कारण माँ और बेटियों के रिश्तों के बीच आयी खटास की कहानी है। इस कारण माँ विक्षिप्त हो जाती है और प्यार के रिश्तों में दरार पैदा हो जाती है। इस कहानी में भी जाति-पाँति प्रथा के खण्डन की बात की गयी है। ,

‘गुनाहगार कौन’ शक में बिखर जाने वाले एक परिवार की कहानी है। पति का अत्याचार सहन करती हुई प्रताड़ित नारी का चित्रण इसमें किया गया है। संस्कारों की जीवित रखने की बात भी कही गयी है। इसी तरह अन्य कहानियों के परिदृश्य हैं, जो पाठक को अपनी ओर खींचती हैं। प्रूफ एवं मुद्रण-त्रुटियों के कारण व्याकरण एवं वर्तनी सम्बन्धी अनेक अशुद्धियाँ पुस्तक में यत्र-तत्र दृष्टिगत होती हैं। अनुस्वार सम्बन्धी अशुद्धियों की भरमार है। इसके अतिरिक्त ध-घ, भ-म, व-ब की भी अशुद्धिया हैं। कहानियों के संवादों में उद्धरण-चिह्न (“ “) प्रयुक्त न किये जाने के कारण कथावस्तु एवं संवाद एक दूसरे में मिल गये हैं, जिससे पाठक को बोधगम्यता में असुविधा होती है। कहानियों की भाषा सहज एवं सरल है, किन्तु जायजाद, ववंडर, आवाक, अभीभूत, अक्ष्मय, गर्भजोशी, अवरूध, पंड़ित जैसे अशुद्ध शब्दों का प्रयोग संग्रह की स्तरीयता को कम करता है। इन सबके बावजूद नारी विमर्श एवं अन्य सामाजिक विषयों को उठाने के लिए लेखिका साधुवाद की पात्र हैं। रवीना प्रकाशन, दिल्ली द्वारा प्रकाशित 114 पृष्ठ के इस कहानी-संग्रह का मूल्य 250 रुपये है।

( गुफ़्तगू के अप्रैल-जून 2021 अंक में प्रकाशित )


सोमवार, 6 सितंबर 2021

‘बतख मियां के ज़रिए खुला इतिहास का सुनहरा पन्ना’

 विमोचन समारोह और मुशायरा में बोले यश मालवीय 



 ‘बतख मिया अंसारी की अनोखी कहानी’ का हुआ विमोचन 

प्रयागराज। छत्तीसगढ़ के पूर्व डीजीपी मोहम्मद वज़ीर अंसारी ने ‘बतख मियां असंारी की अनोखी कहानी’ प्रकाशित करके इतिहास का एक सुनहरा पन्ना खोल दिया है। जिस बतख मियां अंसारी की वजह से चम्पारण में गांधी जी जान बची थी, आज उसे इतिहास पन्नों से गायब कर दिया गया है, यह हमारे लिए बहुत ही दुख की बात है। लेकिन मोहम्मद वजीर अंसारी ने इस पुस्तक का संपादन करके दुनिया के सामने उनकी सच्चाई को लाने का बेहद सराहनीय प्रयास किया है। हम जब बतख मियां की कहानी पढ़ते हैं तो हमारा सीना गर्व से चैड़ा हो जाता है। यह बात मशहूर साहित्यकार यश मालवीय ने 05 september साहित्यिक संस्था ‘गुफ़्तगू’ की ओर से करैली स्थित इक़बाल एकेडेमी हाॅल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही। यश मालवीय ने कहा कि गांधी जी की जान बचाने के एवज में बतख मियां को अंग्रेेज़ों की यातना का सामना करना पड़ा था, उनकी ज़मीन छीन ली गई थीं, उन्हें जेल में डाल दिया गया था।

गुफ़्तगू के अध्यक्ष इम्तियाज़ अहमद ग़ाज़ी ने कहा कि अगर बतख मियां ने गांधी जी की जान नहीं बचाई होती तो भारत का इतिहास ही बदल गया होता, न जाने कब हमें अंग्रेंजों से आजादी मिली होती। साहित्यकार रविनंदन सिंह ने कहा कि इस किताब का प्रकाशन एम.डब्ल्यू. अंसारी ही करा सकते थे, क्योंकि जेल से लेकर थाने तक से कागज़ात निकलवाना और उसे किताब में सुबूत के तौर पर शामिल करना किसी आम आदमी के बस की बात नहीं है, यह कोई आईपीएस अधिकारी ही कर सकता है। एम.डब्ल्यू. अंसारी ने यह काम करके एक उदाहरण पेश किया है। देश को आजाद कराने में जिन लोगों का हाथ है, उनमें एक मुख्य किरदार बतख मियां असंारी का भी हैं। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ पत्रकार मुनेश्वर मिश्र ने कहा कि चम्पारण में अंग्रेज़ों ने गांधी जी और डाॅ. राजेंद्र प्रसाद को दावत पर आमंत्रित किया था, बतख मियां अंसारी को खाना परोसना था। अंग्रेजों का आदेश था कि गांधी जी खाने के बाद दूध पीते हैं, दूध में जहर मिलाकर देना है, बतख मियां को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। लेकिन बतख मियां असंारी ने अदम्य साहस का परिचय दिया, धीरे से डाॅ. राजेंद्र प्रसाद को बता दिया कि गांधी के दूध में ज़हर मिलाया गया है। जिसकी वजह से गांधी ने वह दूध नहीं पिया, वही दूध एक बिल्ली को दे दी गई, जिसे पीने के बाद तुरंत ही उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद बतख मियां को बहुत प्रताड़ना झेलनी पड़ी थी। उनके इस साहस भरे कार्य को भूला दिया गया है, इस पर काम करने की आवश्यकता है। उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य क्लेम्स आफिसर शैलेंद्र कपिल ने कहा कि बतख मियां के काम को कभी भुलाया नहीं जा सकता, इनके बारे में लोगों बताने की आवश्यकता है।

पूर्व अपर महाधिवक्ता क़मरुल हसन सिंद्दीक़ी ने कहा कि बतख मियां अंसारी को किस तरह वजीर अंसारी ने खोज निकाला और सारी जानकारी एकत्र करके किताब का शक्ल दिया है, यह बहुत बड़ा काम है। अब हमारी जिम्मेदारी है कि इस काम को आगे बढ़ाया जाए। इससे पहले एम.डब्ल्यू. अंसारी ने कहा कि जब बतख मियां अंसारी के बारे पता चला तो मैं बहुत हैरान था, कि इतना बड़ा काम करने वाले को भुला दिया गया है, इस पर काम होना चाहिए। इसी सोच के तहत जगह-जगह से सामग्री एकत्र करके किताब प्रकाशित किया है। कार्यक्रम का संचालन मनमोहन सिंह तन्हा ने किया।

दूसरे दौर में मुशायरे का आयोजन किया गया। नरेश महरानी, शैलेंद्र जय, शिवाजी यादव, हकीम रेशादुल इस्लाम, अफसर जमाल, शिबली सना, शिवपूजन सिंह, प्रभाशंकर शर्मा,  अजय मालवीय, तलब जौनपुरी, डाॅ. वीरेंद्र तिवारी, श्रीराम तिवारी सहज, विजय लक्ष्मी विभा, अजीत शर्मा आकाश, फ़रमूद इलाहाबादी, असद ग़ाज़ीपुरी, बख़्तियार युसूफ, शाहिद इलाहाबादी आदि ने कलाम पेश किया। अंत में संयोजक क़मरुल हसन सिद्दीक़ी ने सबके प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।