बुधवार, 10 अगस्त 2022

गांधीजी के निजी स्वयंसेवक थे श्रीकृष्ण राय हृदयेश

                

                               

श्रीकृष्ण राय हृदयेश

                  

                                                                            - अमरनाथ तिवारी ‘अमर’

      श्रीकृष्ण राय हृदयेश का जन्म ग़ाज़ीपुर जनपद के कठउत गांव में सन 1909 में हुआ। बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी हृदयेश जी साहित्य सृजन, पत्रकारिता, स्वतंत्रता संग्राम आंदोलन, सहकारिता आंदोलन सहित साहित्यिक, सामाजिक गतिविधियों में आजीवन सक्रिय रहे। ग़ाज़ीपुर में एक स्वस्थ साहित्यिक वातावरण के सृजन, कवि सम्मेलनों और साहित्यिक गोष्ठियों के निरंतर आयोजन एवं नवोदित रचनाकारों को प्रेरित और प्रोत्साहित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

 गंाधीवादी विचारधारा और राष्टीय चेतना से ओत-प्रोत हृदयेश जी गांधी जी के ग़ाज़ीपुर आगमन पर उनके निजी स्वयंसेवक के रूप में कार्य किए थे और अपने विद्यार्थी जीवन में ही स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लेकर जेल यात्रा किया। हिंदी के साथ संस्कृत, अंग्रेज़ी, भोजपुरी एंव बंग्ला भाषा के जानकार हृदयेश जी टाइम्स ऑफ इंडिया, नेशनल हेराल्ड सहित देश के कई पत्रों में लेखन करते रहे। उस समय के लोकप्रिय हिंदी दैनिक ‘आज’ के वे काफी अवधि तक ग़ाज़ीपुर के प्रतिनिधि रहे। सन 1949 में उन्होंने ग़ाज़ीपुर से ‘लोकसेवक नायक’ साप्ताहिक पत्र का प्रकाशन प्रारंभ किया था।

हदेयष जी का रचना संसार भी विस्तृत है। उनका पहला काव्य संग्रह ‘युवक से’ 1935 में प्रकाशित हुआ। इस काव्य संग्रह से मानवीयता और राष्टीयता का जो उनका स्वर उभरा वह हिमांशु (1940) से लेकर पथदीप (1950) तक बना रहा। इसके बाद तीन दशकों तक उनका सामाजिक, राजनैतिक और पत्रकारिता वाला व्यक्तित्व प्रभावी रहा। सन 1980 में प्रकाशित ‘सत्यासत्य’ महाकाव्य उनकी साहित्यिक यात्रा में मील का पत्थर साबित हुआ। इसके बाद उनकी लगभग दो दर्जन पुस्तकें प्रकाशित हुईं। अश्वघोष के बुद्धचरितम पर आधारित भवानुवाद ‘महाप्रकाश’ प्रबंध काव्य है। ‘नवदीप’ महाकाव्य एवं ‘लहर-लहर लहराए गंगा’ खंडकाव्य है। इन्होंने गिरिराज शाह की अंग्रेज़ी भाषा में लिखी पुस्तक ‘वैली ऑफ फ्लवार्स’ का काव्य अनुवाद ’फूलों की घाटी’ नाम से किया। गंगा मुझे पुकारे (1989) एवं मेघदूत (1990) में भी काव्यनुवाद है। इसके बाद उनकी ग़ज़लों का संग्रह ‘बदगुमानी का मौसम’ नाम से आया। ‘सत्यासत्य’ के बाद उनका सर्वाधिक चर्चित महाकाव्य ‘शंखपुष’(1996) है। वेदकालीन राज्य व्यवस्था की पृष्ठभूमि पर केंद्रित इस महाकाव्य का सृजन अत्यंत गंभीर है। इसमें महेंद्र, रुद्र, अग्नि, सरस्वती आदि को पात्र के रूप में प्रस्तुत किया गया है। भोजपुरी भाषा में ‘हृदेयश सतसई’ अप्रतिम पुस्तक है। हृदयेश जी लगभग दो दर्जन अप्रकाशित पुस्तकों में प्रमुख हैं- ग़ाज़ीपुर का इतिहास, दोहों का संग्रह, संजय बतीसी, कसौरी (ललित निबंध)।

 श्रीकृष्ण राय हृदयेश का पार्थिव शरीर 13 जून 1999 को पंचतत्व में विलीन हो गया। ग़ाज़ीपुर की साहित्यिक, राजनैतिक एवं सामाजिक परिवेश में उनके योगदान का स्मरण सदैव किया जाएगा।

( गुफ़्तगू के अप्रैल-जून 2022 अंक में प्रकाशित )




0 टिप्पणियाँ:

एक टिप्पणी भेजें