रविवार, 24 मई 2020

रहनुमाए हज व उमरा, बन्द मुट्ठियों में क़ैद धूप, चाबी वाला भूत, दृष्टिकोण और एक टुकड़ा धूप

                                                                 
                                                              -इम्तियाज़ अहमद ग़ाज़ी


इम्तियाज़ अहमद ग़ाज़ी
मौलाना मुजाहिद हुसैन रज़वी मिस्बाही की किताब ‘रहनुमाए हज व उमरा’ का हिन्दी संस्करण प्रकाशित हुआ है। इससे पहले यह किताब उर्दू में थी, जिसका हिन्दी रुपांतरण सय्यद इम्तियाज़ हुसैन हबीबी ने किया है। इस किताब की ख़ास बात यह है कि हज करने के दौरान क्या-क्या प्रक्रियाएं हैं, कहां, कैसे और कब जाना होता है आदि की संपूर्ण जानकारी  दी गई है। जो लोग हज या उमरा करने जाते हैं उनके लिए तो यह किताब ख़ास है ही, जो हज करने नहीं जा पाते वे लोग भी ये प्रक्रियाएं ज़रूर जानने चाहेंगे। हर मुसलमान की यह ख़्वाहिश होती है कि हज करे और अगर न भी कर पाए तो उसके बारे में जानकारी हासिल करे। मसलन, ‘एहराम के बारे में बताया गया है कि हज या उमरा की अलग-अलग या हज व उमरा की एक साथ नीयत करके लब्बैक पढ़ लेने को एहराम कहा जाता है, चूंकि हालते एहराम में मर्दोें को हुक्म है कि वह बिना सिली एक चादर ओढ़े और बिना सिली एक चादर पहने इसलिए मजाज़न इन चादरों को एहराम कहा जाता है। औरतें हालते एहराम में अपने मामूल का लिबास पहनेंगी मगर इस हालत में मर्दों की तरह उन्हें भी चेहरा छुपाना हराम है। हां कोई ग़ैर महरम सामने आ जाए तो दस्ती पंखे या दफ्ती वग़ैरह से फ़क़त आड़ करने की इजाज़त है, चेहरे से चिपकाने की इजाज़त नहीं है। एहराम की जो चीज़ें हराम हैं, उनकी लिस्ट यूं है। (1) औरत से सोहबत करना (2) शहवत के साथ उसका बोसा लेना, छूना, गले लगाना या उस की शर्मगाह को देखना, औरतें के सामने उसका नाम लेना (3) फ़हश बेहूदा गोई गुनाह का कोई भी काम यंू भी हराम हैं हालते एहराम में और सख़्त हराम (4) किसी से दुनियावी लड़ाई-झगड़ा करना (5) अपना या किसी दूसरे का नाखून काटना या किसी दूसरे से अपना नाखून कटवाना (6) जंगल का शिकार करना या शिकार करने में किसी भी तरह से हिस्सेदार होना (7) सर से पांव तक कहीं से कोई बाल किसी तरह जुदा करना (8) किसी कपड़े वग़ैरह से मुंह या सर छुपाना (9) बस्ता या कपड़े की गठरी सर पर रखना (10) सर पर इमाम बांधना (11) बुर्क़ा पहनना (12) सिला हुआ कोई भी कपड़ा पहनना (13) दास्ताना पहनना (14) वस्ते क़दम को छुपाने वाले जूते पहनना (15) बालों, कपड़ों या बदन में खुश्बू लगाना (16) मुश्क, अंबर, ज़ाफ़रान, जावित्री, लौंग, इलायची, दारचीनी जंजबील वग़ैरह किसी भी ख़ासिल खुश्बू को खाना वगैरह। इस तरह कुला मिलाकर यह किताब हर मुसलमाना के लिए बेहद ख़ास है। 80 पेज की इस किताब को रेेज़ाए मुस्तफ़ा खिदमते हुज्जाज कमेटी की तरफ से प्रकाशित किया गया है, जिसकी कीमत 75 रुपये है।

  ‘बन्द मुट्ठियों में क़ैद धूप’ एक लधुकथा संग्रह है। विजय लक्ष्मी भट्ट शर्मा ‘विजया’ के इस लधुकथा संग्रह में 37 लधुकथाएं संग्रहित हैं। इस विधा में आमतौर पर समाज में घटने वाली छोटी-छोटी घटनाओं को मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया जाता है, विडंबनाओं और प्रताड़ना के साथ आपसी सौहाद्र और प्रेम-प्रसंग के वाकए को चुटेले अंदाज़ प्रस्तुत करके पाठकों के सम्मुख प्रस्तुत करना ही लधुकथा कहलाता है। बड़ी कहानियों की अपेक्षा लधुकथा पढ़ना लोग अधिक पसंद करते हैं। विजय लक्ष्मी जी ने भी इसी तरह की लधुकथाओं का सृजन मार्मिक ढंग से सजगता के साथ किया है। ‘परिचय’ नामक लधुकथा में लेखिका स्त्री मन के दुख-दर्द का बयान करती है, बताती है कि स्त्रियों को किन हालात का सामना करना पड़ता है। इस लधुकथा में कहती है-‘हमने कभी मां के उस दुःख को समझने की कोशिश नहीं की जो उनके अंदर जमा होकर नासूर बन रहा था, शायद ये ही ममता का असली रूप है कि अपने दुःख को पीकर अपनी संतान की खुशी के लिए जीना। आज जब मैं भी मां हूं दो बच्चों की तो इस बात का मतलब समझ पा रही हूं, उनका दुःख महसूस कर पा रही हूं। आज उस बात का भी जवाब मिल रहा है कि क्यों मां चुपचाप पिताजी की हर ज़्यादती सह लेती थी। स्त्री को भगवान ने बहुत ही सहनशील बनाया है और ये ही वजह है रही होगी कि ईश्वर ने औरत को ही मां बनने का सौभाग्य दिया।’ इसी तरह लगभग हर कहानी में परिवार और समाज में स्त्री के काम-काज, दुखःदर्द और उसके परिदृश्य का वर्णन विभिन्न छोटी-छोटी घटनाओं के माध्यम से किया गया है। कुल मिलाकर स्त्री के परिदृश्य का एक बेहतरीन संग्रह यह पुस्तक। 128 पेज के इस सजिल्द पुस्तक की कीमत 300 रुपये है, जिसे केबीएस प्रकाशन ने प्रकाशित किया है।

 नीमच, मध्य प्रदेश के रहने वाले ओम प्रकाश क्षत्रिय ‘प्रकाश’ एक सक्रिय कलमकार हैं। अब तक सात किताबें प्रकाशित हो चुकी है। हाल में बाल कहानी संग्रह ‘चाबी वाला भूत’ प्रकाशित हुआ है। कभी तमाम बाल पत्रिकाएं निकलती थीं, अभिभावक अपने बच्चों को ये पत्रिकाएं खरीदकर पढ़ने के लिए देते थे, बच्चे भी खूब आनंद लेकर पढ़ते थे। इनमें प्रकाशित कहानियां काफी शिक्षाप्रद और नैतिक शिक्षा के प्रति सजग करने वाली होती थीं। अब वह माहौल हमारे समाज का नहीं रहा। बाल पत्रिकाएं बच्चे कम ही पढ़ते हैं। इसके बावजूद बाल कहानियों का अपना एक स्थान है, जो बच्चों में नैतिक शिक्षा का विकास करते हैं। इस पुस्तक में विभिन्न विषयों को रेखांकित करती हुई 17 बाल कहानियां संग्रहित की गई हैं। ‘राबिया का जूता’ नामक कहानी में बच्ची राबिया का नए जूता लेने की जिद का वर्णन बेहद मार्मिक ढंग से खूबसूरती के साथ किया गया। जिसमें राबिया नए जूते के बिना स्कूल न जाने की जिद करती है, तब उसके पिता उसकी जिद पूरी कर देते हैं, मगर सुबह पिताजी बिस्तर पर लेटे रहते हैं, उन्हें बहुत तेज बुखार होता, जिसकी वजह से आफिस नहीं जा पाते, दवा के लिए रखे पैसे से ही उसके पिता जूता ले आए थे और आज दवा के लिए पैसा नहीं था। इसकी जानकारी होते ही राबिया अपनी जूते की ख़्वाहिश को त्याग देती है और जूते को वापस करके अपनी पिता के लिए दवा ले आती है। कहानी में बच्ची की मार्मिकता और समझदारी का वर्णन शानदार ढंग से किया गया है। इसी तरह अन्य कहानियों में विभिन्न विषयों को बच्चों की चंचलता और समझादारी का वर्णन रोचक ढंग से किया गया है। 74 पेज के इस पेपर बैक संस्करण की कीमत 150 रुपये है, जिसे दीक्षा प्रकाशन ने प्रकाशित किया है।

 सेना सेवानिवृत्त हुए दीपक दीक्षित आजकल लेखन के प्रति काफी सक्रिय और संवदेनशील हैं। कथा लेखन के प्रति अधिक रुचि है। हाल ही में इनका कथा संग्रह ‘दृष्टिकोण’ प्रकाशित हुआ है। 25 कहानियों के इस संग्रह में तमाम रोचक और ज्ञानवर्धक विषय वस्तु का चयन लेखक ने बड़ी होशियारी के साथ की है। लेखक खुद अपने बारे में लिखता है-‘कुछ कहानियां बहुत छोटी हैं पर शायद लधुकथ के मानकों पर खरी न बैठें। वैसे भी मैं अपनी बात को सीधे सपाट न कहते हुए अपने लहजे में उसका वर्णन करना ज्यादा पसंद करता हूं और इसमें मुझे आनंद आता है। इस संग्रह की अधिकतर कहानियां मैंने पिछले दो-तीन सालों लिखी हैं पर कुछ पुरानी कहानियां भी हैं।’ ‘सितारा’ नामक कहानी में नायिका के ख़्यालात यूं बयान किया गया है-‘क्या कुछ नहीं पा लिया उसने जीवन में- यश, धन। अब जो वो कहती थी वही हाजिर हो जाता था पलक झपकते ही, पर सारी चाहतें न जाने कहां गुम होती जा रही थीं।..... अचानक उसका ध्यान घड़ी पर गया और सारे ख़्यालों को एक तरफ झटक कर वो चल दी रात की पार्टी के लिए तैयार होने।’ इसी तरह वास्तविक जीवन के विभिन्न पहलुओं का वर्णन अलग-अलग कहानियों में किया गया है। 100 पेज के इस पेपरबैक संस्करण को लेखक ने खुद प्रकाशित किया है।



देवास, मध्य प्रदेश के रहने वाले अश्विन राम वर्तमान समय में प्रयागराज पाॅवर जनरेशन के.लि. बारा में कार्यरत हैं। कविता सृजन बहुत ही सजगता से कर रहे हैं। हाल ही में ‘एक टुकड़ा धूप’ नाम से इनका कविता संग्रह आया है। छोटी-छोटी 78 कविताओं का यह संग्रह बेहद पठनीय और रोचक भी है। छोटी-छोटी घटनाओं और उनसे उपजे एहसास को कविता के रूप में मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। नई कविता यह स्वरूप बेहद ख़ास सा प्रतीत होता है, वर्ना इस विधा में लोग चार-चार पांच-पांच पेज की बोझिल कविताएं लोग लिख रहे है, जिसे देखते ही मन उचट जाता और पढ़ने का तो बिल्कुल ही मन नहीं करता। लेकिन अश्विन राम ने ऐसा नहीं किया है, छोटी-छोटी कविताओं के माध्यम से मार्मिक, रोचक और पढ़नीय बात कहने का भरपूर प्रयास किया है। पुस्तक की एक कविता यूं है- ‘मैंने/तुमसे पूछा/प्रेम करती हो?/और तुमने कहा ‘हां’/निराश हुआ था उस दिन/मैंने इतना आसान/ सवाल तो नहीं किया था/कि तुम कह दो/तपाक से ‘हां’।’ एक कविता में अपनी अभिव्यक्ति यूं व्यक्त करते हैं-‘तुम्हारे/दरवाज़े पर/मेरी दस्तक देना/पसंद हो या न हो/तब भी दस्तक देता रहूंगा/हो सकता है/मेरी फ़कीरी/तुम्हारे बादशाह होने का/निमंत्रण बन जाए।’ इसी तरह की रोचक कविताएं पूरी किताब में जगह-जगह भरी पड़ी हैं, जिन्हें एक बार अवश्य पढ़ा जाना चाहिए। पुस्तक के लिए कवि बधाई का पात्र है। 100 पेज के इस पेपर बैक संस्करण को रश्मि प्रकाशन ने प्रकाशित किया है, जिसकी कीमत 199 रुपये है।

( गुफ़्तगू के जनवरी-मार्च 2020 अंक में प्रकाशित )


गुरुवार, 21 मई 2020

असली एजेंडा दिखाने की कामयाब कोशिश

                                                                          - अली अहमद फ़ातमी
                                           

अली अहमद फ़ातमी
 इस समय देश संकट से गुज़र रहा है। यह संकट संविधान को लेकर तो है ही, हिन्दू-मुसलमान को लेकर भी है, कुल मिलाकर हिन्दुस्तान को लेकर है। यह देश सदियों से भिन्न धर्म-जात और इंसान का रहा है। सब की अपनी-अपनी संस्कृत है और कुल मिला कर  एक साझी विरासत और समन्वय संस्कृति, जिस पर गर्व करते आये है और आज भी गर्व है। लेकिन कुछ लोग सदियों की इस साझी विरासत को नापसंद करते आए हैं। अपनी अलग विचारधारा रखते रहे हैं। यह विचार धारा उस समय और तीब्र हुई जब अंग्रेज़ों ने ‘बांटो और राज्य करो’ की नीति अपनाई, उस समय भी भारती एकता में विखराव नहीं आया इसलिए कि उस समय हिन्दू-मुसलमान का मुख्य उद्देश्य था आज़ादी हासिल करना और अंग्रेज़ों को देश से निकाल देना। हम अपने उद्देश्य में अपनी एकता के कारण कामयाब हुए, लेकिन आज़ाद होते ही जब बटवारा हुआ तो वह एक नया ज़ख़्म दे गया और वह कुछ लोग जो भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने का सपना देख रहे थे। उनको बल मिला और देखते-देखते कई संस्थान बन गईं और पूरी निष्ठा से बांटने का काम करती रहीं, जिनमें एक राष्ट्रीय सेवक संघ भी है। 

हिन्दुस्तान की कम पढ़ी लिखी जनता आरएसएस आदि का नाम तो सुनती रही पर उसके पूरे एजेंडे को समझा नहीं जा सका। अब जबकि भाजपा शासन ने इसे पूरे तौर पर लागू करने का निश्चय कर लिया है और तरह-तरह के फ़ैसले कर करके हिन्दू-मुसलमान के बीच नफ़रत की गहरी खाई पैदा कर रही है। साथ ही संविधान के मूल्य सिद्धांतों के साथ खिलवाड़ कर रही है तो देश में संकट का पैदा हो जाना स्वाभाविक है। 
 ऐसे में धर्म निरपेक्षता पर विश्वास करने वाले बुद्धिीजीवियों, लेखकों आदि ने आरएसएस का अस्ल चेहरा और एजेंडा दिखाने की कामयाब कोशिश कर रहे हैं, इसी सिलसिले की कड़ी है श्री एलएस हरदानिया की यह किताब ‘एजेंडा आरएसएस का उसी ज़बानी’ जिसे उर्दू में हमारे दोस्त उर्दू लेखक व आलोचन प्रो. मुख़्तार शमीम ने बढ़िया अनुवाद करके एक बड़ा काम अंज़ाम दिया है ताकि कोई बात बग़ैर सुबूत के न आने पाये, वह इतिहास में भी गये हैं और धर्म संस्कार व संस्कृत पर भी अच्छी बात की है और फिर नतीज़ा निकाला है कि- ‘इस तरह ये खुद ही साबित हो जाता है कि संघ का नज़रिया मुल्क को तोड़ने वाला है, जोड़ने वाला नहीं। केंद्र में भाजपा की हुकूमत आने के बाद संघ अपने नज़रियात मुल्क पर थोपने के लिए बेचैन है, इससे मुल्क को ख़तरा है।’
  इसी तरह के दिल दुखा देने वाले तथ्य इस किताब में पेश किये गए हैं, जिसे जानना आज हर भारतीय को ज़रूरी है जो हमारे संविधान को असली हिन्दुस्तान को अच्छी तरह समझते हैं। मैं लेखक व अनुवादक दोनों को बधाई देता हूं कि इस संकट के समय हर भारतीय को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। मैं इस किताब का स्वागत करता हूं और इसे पढ़े जाने की अपील करता हूं। 80 पेज के इस उर्दू अनुवाद को शेरी एकेडेमी, भोपाल ने प्रकाशित किया है, जिसकी कीमत 80 रुपये है। मौलिक किताब हिन्दी में प्रकाशित हुई है, जिसके लेखक एलएस हरदानिया हैं। उर्दू में अनुवाद प्रो. मुख़्तार शमीम ने किया है, और एम. डब्ल्यू. अंसारी ने मुरत्तब किया है।
( गुफ़्तगू के जनवरी-मार्च 2020 अंक में प्रकाशित )

बुधवार, 13 मई 2020

हिन्दुस्तानी ज़बान में बात करते दोहे

 
                                                           - अजीत शर्मा ‘आकाश’
                                       

दोहा अर्ध सम मात्रिक शास्त्रीय छन्द है, जिसके चार चरण होते हैं। पहले और तीसरे विषम चरणों में 13 तथा दूसरे और चैथे सम चरणों में 11 मात्राएं होती हैं। सम चरण तुकांत होते हैं एवं इनका अंत दीर्ध लघु से होता है। विषम चरणों के अंत में लघु दीर्घ होता है। इन चरणों के आरम्भ में लघु दीर्ध लघु का स्वतन्त्र शब्द नहीं होना चाहिए। देखने में दो पंक्तियों का यह मुक्तक बहुत आसान-सा लगता है, लेकिन सही शिल्प की दृष्टि से देखा जाए, तो इसे रचने में बहुत सावधानी बरतनी होती है। प्रत्येक छन्द में सबसे महत्वपूर्ण उसकी लय तो होती ही है, जिसे बाधित नहीं होना चाहिए। आजकल दोहों पर बहुत काम हो रहा है। इसी कड़ी में पंकज ‘राहिब‘ का दोहा-संग्रह ‘कौन किसे समझाय‘ प्रकाशित हुआ है, जिसके दोहों को रचनाकार ने 11 खंडों में विभक्त किया है। संग्रह के प्रथम खंड में देश-समाज, लोकतंत्र, शासन संबंधी दोहे हैं एवं अन्य खंडों में राष्ट्र, संस्कृति, मानवता, संविधान, जीवन, न्याय, क्रांति, स्वतंत्रता, मीडिया, कला, लोकजीवन आदि विषयों पर दोहे रचे गए हैं। राहिब ने अपने इस दोहा-संग्रह में आज के मानव में भौतिक सुख-समृद्धि की अत्यधिक चाहत, बढ़ता हुआ बाजारवाद, नेताओं की सत्ता लोलुपता, देश और समाज की चिन्तनीय स्थिति सहित नष्ट होते पर्यावरण और जीवन के समक्ष उपस्थित चुनौतियों आदि को अपने दोहों का वर्णय विषय बनाया है। इन दोहों के माध्यम से युगीन विसंगतियों व विकृतियों के विरुद्ध रचनाकार ने अपना आक्रोश व्यक्त किया है। प्रस्तुत हैं दोहा संग्रह के कुछ अंश। आज के बढ़ते हुए बाजारवाद को रेखांकित करता हुआ संग्रह का यह दोहा- रंग बिरंगे शहर में, हर जीवन बेरंग/बाजारों के शोर में, चैन सुकूं सब भंग। विकास के नाम पर आज पर्यावरण को दूषित किया जा रहा है। प्राकृतिक सम्पदा के अधिक से अधिक दोहन से प्रकृति भी हमसे रूष्ट होती जा रही है। राहिब के दोहे हमें सचेत करते हैं- पानी हवा अशुद्ध सब, फसलें विष का वास/बौराया है आदमी, इनको कहे विकास।, कुदरत से खिलवाड़ कर, मानुष करे विकास/खड़ा आखिरी मोड़ पे, आगे सिर्फ विनाश। आज लोकतंत्र ख़तरे में पड़ता दिखायी दे रहा है। राहिब के दोहे हमें सावधान करते हैं- लोकतंत्र के नाम पर, खुली डकैती लूट/अपने अपनों को ठगैं,इसकी पूरी छूट। दस ताकतवर खा रहे, नब्बे का अधिकार/लोकतंत्र इसको कहे, उसको है धिक्कार।’ नेताओं की सत्ता लोलुपता और कुर्सी के लिए अन्धी दौड़ पर राहिब कहते हैं- सेवा हिंदुस्तान की, मेरा एकै काम/जो भी ये कहता मिले, समझ लीजिये झाम।
नेता सत्ता लोभ में, भावनाएं भड़कांय /अंगरेजों को दोष दें, चाल वही अपनांय।
इन समस्याओं का समाधान भी सुझाया गया है- न्याय पालिका देश की, न्याय अगर कर पाय/मेरे भारत देश की, सब दुविधा मिट जाय।आज के चापलूस और बिकाऊ मीडिया पर ये दोहे इस प्रकार व्यंग्य करते हैं-
  पत्रकार बेशर्म हो, झूठी खबर बनाय / सब दिन धंधे में लगा, देश भाड़ में जाय।
  भ्रष्ट चोर डरपोक हैं, चैनल सारे आज /चढ़ बैठें कमजोर पे, सत्ता देत मसाज।
संग्रह के दोहों में कहीं-कहीं शिल्पगत त्रुटि के कारण लय भंग का दोष परिलक्षित होता है, यथा- गॉड ट्रेवेल एजेन्सी, जिसके हम सब क्लाइंट/ बुकिंग वही सब तय करे, एंजॉय एवरी पॉइन्ट। इसके अतिरिक्त ‘ईंट बुरादा कैमिकल, पलास्टिक शैम्पू सोप‘, ‘निषेध स्वयं इस जगत मे’ ‘महलों जैसे आश्रम’, ‘क्या उसको मालूम नहीं‘, ‘विश्राम मौन उपवास को‘ ‘जौहरी या हमदर्द‘, दोहों में भी मात्रा एवं शब्दकल का ध्यान न रखे जाने के कारण लय भंग प्रतीत होती है। ध्यातव्य है कि दोहा-सृजन में भाषा, शिल्प और कथ्य सम्बन्धी अनेक बारीकियाँ होती हैं, जिनका ध्यान रखते हुए शुद्ध और सार्थक दोहों की रचना की जाती है। प्रस्तुत संग्रह के अधिकतर दोहे हिन्दुस्तानी जबान और स्थानीय भाषा में रचे गये हैं। इसमें परदूषण, परचार परपंच, परयास, हिरदय भरम, पाथर जैसे तद्भव और कछु, तासे, नांय, ताय, दीखै, सिगरे जैसे देशज शब्दों का प्रयोग किया गया है, जो पाठक को कबीर, रहीम जैसे कवियों एवं मध्यकालीन हिंदी भाषा की याद दिलाते हैं। स्वीकृती, लोकप्रीयता, गती, पारस्पर जैसे शब्दों के बिगड़े हुए रूप का प्रयोग मात्रापूर्ति के लिए किया गया है, जिससे रचनाकार की शिल्पगत कमजोरी परिलक्षित होती है। पुस्तक में षहर, षेष, अनुशरण जैसी वर्तनीगत एवं प्रूफ सम्बन्धी त्रुटियों को दूर किया जा सकता था। पुस्तक का तकनीकी पक्ष, मुद्रण एवं साज-सज्जा सराहनीय है। संग्रह का कथ्य विविधता लिए हुए है एवं इसका भाव पक्ष सराहनीय है। कुल मिलाकर दोहों के सृजन एवं विकास की दिशा में यह एक अच्छा एवं सार्थक प्रयास है। दोहाकार पंकज राहिब इसके लिए बधाई के पात्र हैं। ‘कौन किसे समझाय‘ पठनीय एवं सराहनीय दोहा-संग्रह है। 220 पेज के इस पेपर बैक संस्करण को गुफ्तगू पब्लिकेशन ने प्रकाशित किया है, जिसकी कीमत 200 रुपये है।
( गुफ़्तगू के जनवरी-मार्च 2020 अंक में प्रकाशित )

बुधवार, 29 अप्रैल 2020

कर्मठ पुलिस अफ़सर रहे हैं लालजी शुक्ला

               
                                                  - इम्तियाज़ अहमद ग़ाज़ी
लालजी शुक्ला

लालजी शुक्ला अपने समय के चर्चित पुलिस अफसर रहे हैं, इन्होंने अपनी इमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से एक अलग ही पहचान बनाई है, जो अन्य पुलिस अफ़सरों के लिए एक नज़ीर है। जुलाई 1955 को गोरखपुर जिले के सुगौना गांव में जन्मे लालजी शुक्ला के पिता स्व. बलिभद्र प्रसाद शुक्ल और मां स्व. गौरा देवी की तालीम ने इन्हें काम ने इन्हें काम के प्रति इमानदारी की सीख दी, जो इनकी कार्यप्रणाली में दिखाई देती रही है। आपने हाईस्कूल की शिक्षा अपने गांव के ही गांधी इंटरमीडिएट काॅलेज से पूरी की, इंटरमीडिएट की परीक्षा बस्ती जिले के खैर इंडस्ट्रियल हायर सेकेंड्री स्कूल से पास करने के बाद घरवालों ने बीएससी, एमएससी की पढ़ाई के लिए गोरखपुर विश्वविद्यालय में आपका दाखिला करा दिया। विज्ञान से स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी के करने के बाद आप प्रतियोगी परीक्षाएं देने लगे। 1978 में प्रांतीय पुलिस सेवा में आपका चयन हो गया, लेकिन ज्वाइन और परीक्षण का सिलसिला 1979 में शुरू हुआ। 1981 में पुलिस अकादमी मुरादाबाद से प्रशिक्षण पूरा हुआ। जनपदीय ट्रेनिंग के लिए आपको आज़मगढ भेजा गया। प्रथम नियुक्ति पीएसी की 32वीं वाहिनी में सहायक सेना नायक के रूप में हुई।
 प्रथम जनपदीय नियुक्ति आगरा में क्षेत्राधिकारी के पद पर हुई। फिर आगरा से बांदा और बांदा से वाराणसी तबादला हुआ। 1994 में वाराणसी में पुलिस अधीक्षण ग्रामीण बनाए गए। 1984-85 में इलाहाबाद में एडीशनल एसपी ट्रैफिक बनाए गए। फिर इलाहाबाद में एसपी द्वाबा और फिर एसपी जुमनापुर बनाए गए। इसके बाद इलाहाबाद में ही पुलिस अधीक्षक नगर बनाए गए। वर्ष 2003 में सरकार बदलने पर यहां से हटाए गए, निलंबन की भी कार्रवाई हुई। फिर वर्ष 2004 में आईपीएस हो गए, लखनऊ में सहकारिता अपराध नियंत्रण विभाग में नियुक्ति मिली।
 2004 में ही चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक के पद पर नियुक्त किया गया। 2005 से 2007-08 तक पुलिस अधीक्षक जौनपुर और और पुलिस अधीक्षक गोण्डा के पद पर कार्यरत रहे। 2008 में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलाहाबाद बनकर आए। इसके बाद विभिन्न पदों पर कार्य करते हुए 2015 में पुलिस महानिरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए।
 पुलिस की संवदेनशीलता पर अक्सर सवाल खड़े किए जाते हैं ? इस सवाल पर लालजी शुक्ला का कहना है कि पुलिस की संवेदनशीलता लोग देखते नहीं है, पुलिस का सिर्फ़ एक ही रूप दिखता है कि दूसरों को दंडित कर रहे हैं। जबकि क्यों दंडित करती है पुलिस इस पर लोगों का ध्यान नहीं जाता है, इसमें जनता का ही कल्याण छिपा होता है। हां, ये भी सच है कि कुछ पुलिसकर्मी जनता की सेवा की आड़ में स्वार्थपूर्ति के लिए गलत काम कर बैठते हैं, जिसकी वजह से जनता में गलत संदेश जाता है।

(गुफ़्तगू के जनवरी-मार्च 2020 अंक में प्रकाशित )

बुधवार, 15 अप्रैल 2020

नातगोई की इब्तिदा

                                        - डाॅ. जफरउल्लाह अंसारी
                                 
   
डाॅ. जफरउल्लाह अंसारी

 नात अरबी ज़बान का मसदर-ए-सुलासी मुजर्रर है जिसके लुग़वी माना तारीफ़ करने के है। इस्तिलाह-ए-शेर में नात से मुराद वो सिन्फ़ है जिसमें सरवर-ए-कौनैन हज़रत मोहम्मद सल्ल. के औसाफ़-व-फ़जायल बयान किए जाएं। इसकी रवायत निहायत ही क़दीम है, क्योंकि नबी की ज़ात ही से तख़लीक-खुदाबंदन का आगाज़ हुआ है। जैसा कि इस हदीस से वाजेह है- ‘अव्वलन अल्लाह ने मेरे नूर को पैदा किया और तमाम ख़लायक मेरे नूर से हैं।’ इसी के साथ हदीस से ये भी वाजेह है कि आप वाइस-ए-इजाद-ए-कुल हैं। ‘अगर आप को पैदा करना मंज़ूर न होता तो मैं ज़मीनों और आसमानों को पैदा न फ़रमाता।’ और ये भी हक़ीक़त है कि आप हज़रत-ए-आदम अ. कि तख़्लीक़ से पहले भी नबी थे। मैं उस वक़्त भी नबी था जब आदम आब-व-गिल के दरमियान थे। ये अहादीस इस पर दलालत करती है कि हमारे नबी की पैदाइश अर्ज़-व-समा के ज़हूर में आने से क़ब्ल हो गई थी, ये दूसरी बात है कि इस ख़ाकदान-ए-गेती पर हज़रत-ए-ईसा मसीह अ. के बाद तशरीफ़ लाए। इस एतबार से ना का नुक्तए-आगाज़ भी अर्ज-व-समा के वजूदू से क़ब्ल तस्लीम किया जाएगा। इरशाद शाकिर आवान नात का नुक़्तए-आग़ाज़ हज़रत-ए-आदम अ. की तख़्लीक़ से मानते हैं। वो इस सिलसिले में रकमतराज़ हैं-‘ मशहूर रिवायत है कि रू से फ़ख्र-ए-दुआलम सल्ल. की सिफ़ात के बयान में नात की रवायत का आग़ाज़ उसी वक़्त से होता है जिस दम हज़रत-ए-आदम की तख़्लीक हुई। कहते हैं पहले इंसान हज़रत-ए-आदम को जब पहला इल्हाम हुआ तो आपको अबू मुहम्मद कहकर पुकारा गया। आपने नूरे-ए-मुहम्मदी को देखकर तअज्जुब से पूछा, ऐ मेरे परवरदिगार ! ऐ कैसा नूर है ?  इरशाद हुआ ये नूर उस नबी का है जो तुम्हारी औलाद में से होगा, जिसका नाम आसमानों पर अहमद और ज़मीन पर मोहम्मद होगा अगर ये नूर न होता तो मैं न तुम्हें पैदा करता न ये ज़मीन-व-आसमान पैदा किऐ जाते। (अहद-ए-रिसालत में नाताा, इरशाद शाकिर आवान, मज्लिस-ए-तरक्की अदब लाहौर, 1993, पेज 24)
  अबुल बशर हज़रत-ए-आदम अ. के बाद जितने भी अंबिया व रसूल इस दुनिया में तशरीफ़ लाए, सभी ने रहमतुल्लिआलमीन हज़रत मुहम्मद सल्ल. की शान-ए-अकदस में तौसीफ़-व-तहमीद के नज़राने पेश किये और  उनकी तशरीफ़ आवरी की बशारत दी। हज़रत मसीह अ. ने सरवर-ए- दोसरा हज़रत मोहम्मद सल्ल. की आमद की खुशख़बरी जिस अंदाज़ में सुनाई उसका शाहिद खुद कलाम-ए-इलाही है और इससे भी नातगोई की राह हमावार होती है। कलाम-ए-मजदी की ये आयत मुलाहिज हो- ‘ और याद करो जब ईसा इब्न-ए-मरियम ने कहा ऐ बनी इस्राईल में तुम्हारी तरफ़ अल्लाह का रसूल हूं अपने से पहली किताब तोरैत की तस्दीक़ करता हुआ और उन रसूल की बशारत सुनाता हुआ जो मेरे बाद तशरीफ़ लाएंगे उनका नाम अहमद है।’ (पारा नंबर 28, सूरह सफ, आयत नंबर 6)
  इस आयत-ए-करीमा में ‘मिन बादी इस्तमुहु अहमदु’ से मुराद आप सल्ल. है। इसकी ताईद में बेहिक़ी की मुन्दजज़िल रिवायत पेश की जा सकती है। ‘ हज़रत इब्न-ए-अब्बास फ़रमाते हैं कि जारन्द बिन अब्दुल्लाह(जो मुल्क-ए-यमन के सबसे बड़े ईसाई आलिम थे) आए और इस्लाम कुबूल किया और उन्होंने कहा कि उस ख़ुदा की कसम है जिसने हुजूर को हक़ के साथ मन्सूब किया कि मैंने आप का वस्फ़ इंजील में देखा है और बुतूल के फ़रज़ंद (ईसा अ.) ने आप ही की बशारत दी है।’
 इस रवायत को हज़रत अल्लामा अब्दुलहक मुहद्दिस-ए-देहलवी रह. ने अपनी शोहराए-आफ़ाक़ तस्नीफ़ ‘मुदारिजुन्नबुअ’ ममें नक़्ल किया है। इस सिलसिले में उनकी इबारत इस तरह है- ‘मुआहिबुललिदुनिया में बेहिक़ी से बरिवायत सैईदना इब्ने-ए-अब्बास रजी. मनकूल है कि जब जारुद नसरानी हुजूर सल्ल. की खिदमत में हाज़िर हुआ और इस्लाम कुबूल किया तो उसने कहा कि ‘ उस खुदा की कसम जिसने आपको हक़ के साथ भेजा बिलासुब्हा मैंने इंजील में आपका वस्फ़ पढ़ा है और फ़रज़द-ए-बुतूल ने आपकी बशारत दी है।’ (मुदारिजुननवूअत हिस्सा अव्वल, शैख अब्दुलहक़ मुरद्दिस-ए-देहलवी, मुतरजिम मुफ़्ती गुला, अदबी दुनिया देहली, पेज 194)
 नबी-ए-अकरम सल्ल.उके जिक्र और उनके फ़जायत-व-मरातिब के बयान से तमाम आसमानी किताबें तुज़ैयन हैं। हज़रत-ए-आदम के तमाम सआदतमंद फरंदों ने उनसे अपनी अक़ीदत का इज़हार किया है। हुजूर के इस आलम-ए-फ़ानी में तशरीफ़ लाने से क़ब्ल अंबिया-व-रसूल के अलावा दीगर साहिबान-ए-मारफ़न ने भी उनकी आमद की बशारत ख़ल्क को गोशगुज़ार कराई है। जिसका इल्म हमें सीरत की किताबों के मुताले से बख़बूी होता है। शैख अब्दुलहक़ महद्दिस-ए-देहलवी रह. ने मुदारिजुननबूअत में इस ज़िम्न में बहुत सी अहादीस रक़म की हैं। यहां पर एक हदीस रकम की जा रही है जिसमें आंहज़रत की पैदाइश से क़ब्ल उनकी शान में नातिया अशआर कहने के शवाहिद मौजूद हैं-‘हज़रत इब्न-ए-अब्बास रजी. से मरवी है, वो बयान करते हैं कि तायफ़ के बादशाह तबा ने मदीना पर चढ़ाई की थी और उसने ऐलान किया था कि मैं शह्र-ए-मदीना को वीरान कर दूंगा और उसके रहने वालों को अपने उस लड़के के इंतिक़ाम में क़त्ल कर डालूंगा जिसे उन्होंने फ़रेब और धोखे से क़त्ल किया है तो उस वक़्त सामूल यहूदी ने जो उस ज़माने में यहूदियों का सबसे बड़ा आलिम था उसने कहा ऐ बादशाह, ये वो शह्र है जिसकी तरफ़ बनी इस्माईल से बनी आखि़रुज़्ज़मां की हिजरत होगी और उस नबी की जाए-विलादत मक्कए-मुकर्रमा है, उसका इस्म-ए-गिरामी अहमद है। ये शह्र उसका दार-ए-हिजरत है और उसकी कब्र-ए-अनवर भी उस जगह होगी। तबा यंू ही वापस हो गया।’ मुहम्मद इब्न-ए-इस्हाक़ किताबे-ए-मुग़ाजी में नक़्ल करते हैं कि तबा ने नबी आखि़रुज़्ज़मां के लिए एक आलीशान महल तामीर कराया तबा के हमराह तोरैत क चार सौ उलेमा ने जो उसकी सोहबत छोड़कर मदीना मुनव्वरा में इस आरज़ू में ठहर गए कि वो नबी आखि़रुज़्ज़मां की सोहबत की सआदत हासिल करेंगे और तबा उन चार सौ आलिमों में से हर एक के लिए एक-एक मकानन बनवाया और एक-एक बांदी बख्शी और उनको मास-ए-कसीर दिया। तबा ने एक ख़त लिखा जिसमें अपने इस्लाम लोन की शहादत की। इसमें चंद शेर ये थे-‘मेैंने इस बात की गवाही दी कि अहमद सल्ल. हर जानदार को पैदा करने वाले अल्लाह के रसूल हैं अगर मेरी ज़िन्दगी उनकी ज़िन्दगी तक दराज़ हो जाएगी तो मैं उनका वज़ीर और इब्न-ए-अम रहूंगा।’
 फिर तबा ने अपने उस ख़त को सर-व-मुह्र करके चार सौ उलेमा के सबसे बड़े आलिम के सुपुर्द कर दिया और वसीअत की कि अगर वा ेनबी आखि़रुज़्ज़मां को पाएं तो ये ख़त उनकी खिदमत में पेश कर दें वर्ना अपनी औलाद-दर-औलाद को इस वसीअत को पहंुचाते रहना वो मकान जो ख़ातिमुलअंबिया सल्ल. के लिए बताया गया था वो हुजूर सल्ल. के क़दमरंजा फ़रमाने तक मौजूद रहा। कहते हैं कि हज़रत-ए-अबू अय्यूब अंसारी रजी. का वो मकान जिसमें हुजूर सल्ल. ने हिज़रत के बाद नुज़ूल-ए-इजलाल फरमाया था वही मकान था। (मुदारिज्जुननबूअत हिस्सा अव्वल, शैख अब्दुलहक़ मुहद्दिस-ए-देहलवी, मुतरजिम मुफ्ती गुलाम मुईनुद्दीन, अदबबी दुनिया देहली, पेज नंबर 204-5)
  महव्वला बाला इक़्ितबास ने मनक़ूल अशआर के अलावा हुबा के दो शेर और भी मशहूर हैं, जिनमें तबा ने आपकी बेसत तक ज़िन्दा रहने की तमन्ना ज़ाहिर की है। वो अशआर मुलाहिज़ा हो- ‘और इस इसके बाद एक अज़ीम इनसान आएगा, वो नबी जो किसी हराम काम की इज़ाज़त नहीं देगा। ऐ काश ! मैं आपकी बेसत के बाद एकाध साल जिं़न्दा रहता।’ ये एक मुसल्लमा हक़ीक़त है कि नातगोई की इब्तिदा ख़ुद बारी तआला ने की और उसके बाद इस रवायत को अंबिया, रसूल और सुहदा की जमाअत ने आगे बढ़ाया, जिसके शवाहिद कुतुब-ए-सुहदा के अलावा दीगर माखि़ज़ से बखूबी दस्तयाब होता है, लेकिन उस रवायत में उस वक़्त इस्तिहकाम पैदा हो जाता है जब कुफ्फ़ार-ए-मक्का इसलाम और रसूल सल्ल. की शान में गुस्तख़ाना अशआर कहना शुरू कर देते हैं। डाॅ. अब्दुल हलीम नदवी इस सिलसिले में लिखते हैं-‘आप जब करैशियों से अपने बारे में और इस्लाम के बारे में हज्ब सुनते-सुनते थक गए तो हस्सान बिना साबित, काब बिन मालिक और अब्दुल्लाह बिना खाहा से खुद ही कुरैशियों की हज्ब कहने की फ़रमाइश की और हज़रत हस्सान ने यहां तक फ़रमाया कि जब तक तुम खुदा और उसके रसूल की तरफ़ से मुदाफ़ियत करते रहोगे रुहुलकुद्स (हज़रत-ए-जिब्रील) तुम्हारी मदद करते रहेंगे और जब हज़रत हस्सान ने उनकी हज्ब में अशआर कहे तो खुश होकर फरमाया ‘‘हजाहुम हस्सानु फशफ़ा वशतफ़ा’ यानी हस्सान ने उनकी हज्ब करके मेरे दिल को भी और अपने दिल को भी ठंडक पहुंचाई’’ (अरबी अदब की तारीख़, जिल्द दोअम, डाॅ. अब्दुल हलीम नदवी, तरक्कीए उर्दू ब्यूरो, नई दिल्ली 2000, पेज 150-51)
  अरबी अदब की बेशतर कुतुब-ए-तारीख़ में मज़्कूर शोअरा का जिक्र मिलता है और उनके तअल्लुक से ये सराहत मिलती है कि उन्होंने अहल-ए-कुरैश की हज्ब और इस्लाम और उसके रसूल की मदाफ़ियत में अशआर कहे और उन्हीं शोअराए-रसूल के ज़रिए बाज़ाब्ता नातगोई की इब्तिदा होती है। लेकिन इनमें हज़रत हस्सान बिन साबित रजी. को फौकियत हासिल है। इरशाद शाकिर आवान ने भीा अपनी किताब ‘आहद-ए-रिसालत में नात’ में लिखा है-‘ अक़दुलफ़रीद, जमहरत अशआरुलअरब, असदुलग़ावा मज्मुअतुलनबहानिया और मुहाबिललिदुनिया के अलावा सरीत की तमाम किताबों में ये वाक़िया तफ़सील से मिलता है कि हुजूर-ए-अकरम से अबूसूफ़ियान वग़ैरह अहल-ए-कुरैश की मावहगोई की शिकायत की गई। आप ने फ़रमाया ऐ अल्लाह!  लोग मेरी हज्ब कहते हैं मैं शायर नहीं तू खुद मेरी तरफ़ से उनकी हज्ब कह। बाज़ दूसरी रवायत में है कि आप ने अपने जांनिसारों को जमा करके फ़रमाया ‘तुम लोगों ने तलकर से मेरी मदद की, कुरैश मेरी हज्ब करते हैं। क्या तुम में से कोई है जो ज़बान-ए-शेर से मेरी मदद करे।’  हज़रत अली और अब्दुल्लाह बिना खाहा ने रजी. आगे बढ़े मगर हुजूर ने फ़रमाया ये तुम्हारा काम नहीं, फिर हज़रत हस्सान रजी. उठे और अपनी नोक-ए-ज़बान दिखाकर कहने लगे बसरा और सन्आ का कोई ज़बानआवर मेरी बराबरी का दावा नहीं कर सकता (हज़रत हस्सान पहले हीरह और ग़स्सान के मुलूक के दरबारी रह चुके थे और अलआशा और अलहुनसा जैसे नाबग़ा से उक्काज़ वगैरह के मेलों में दाद-ए-सुख़न पा चुके थे) हुज़ूर ने फ़रमाया मगर तू उन (केरैश-ए-मक्का) की हज्ब कैसे कह सकेगा जबकि मैं खुद भी उनमें से हूं। हज़रत हस्सान रजी. ने अर्ज़ की फिक्र न कीजिए मैं आपको उनसे इस तरह अलग कर दूंगा जैसे गूंधे हुए आंटे से बाल निकाल लिया जाता है।
  आक़ा-ए-नामदार हज़रत मोहम्मद सल्ल. ने हस्सान बिन साबित रजी. का अपनी मिदहत के लिए इंतिख़ात किया था। इसकी शहादत मंदरजा ज़ैल हदीस भी पेश करती है- ‘‘हज़रत बरा रजीअल्लाह तआला अनहु से रवायत है कि बनू करीजा के महासरे के दिन रसूलअल्लाह ने हस्सान इब्न-ए-साबित से फ़रमाया ‘मुशरिकों की हज्ब कहो जिब्रील तुम्हारे साथ है’ रसूलअल्लाह स. हस्सान के लिए फ़रमा रहे थे मेरी तरफ़ से जवाब दो। ऐ अल्लाहा! रुहुलकुद्स (जिब्रील अ.) के ज़रिये उनकी मदद फ़रमा।’’
 अल्लाह के रसूल सल्ल. ने हज़रत हस्सान रजी. के लिए मस्जिद में मेंबर रखवाते थे और वो उस पर खड़े होकर रसूल की तरफ़ फ़ख्र करते और उनकी मुदाफ़ियत में अशआर कहते थे, जिनका सुनकर आप सल्ल. फरमाते थे- ‘ जब तक हस्सान मेरी तरफ़ से फ़ख्र और मुदाफ़ियत करता है अल्लाह जिब्रील के ज़रिए मदद फ़रमाता है।’ दरबार-ए-रसूल में हस्सान रजी. की पज़ीराई ने नातगो शोअरा के राहें हमवार की दी । जिसके नतीज़े में नातगोई की रवायत का फ़रोग़ हुआ और सिन्फ़ निहायत ही सुरअत रफ़्तारी के साथ अपने इर्तिकाई मराहिल तय करती हुई अरबी से अलावा दीगर ज़बानों में भी शोहरत व मक़बूलियत हासिल करती  रही। 
  जहां तक उर्दू ज़बान में नातगोई का सवाल है, इसमें इब्तिदा ही से इसके नुक़ूश मिलने शुरू हो जाते हैं। प्रोफेसर तलहा रज़्वी बर्क़ ने इसके तअल्लुक से बजा फ़रमाया है कि-‘उर्दू को दीगर ज़बानों के दरमियान ये एजाज़-व-इफ्तिख़ार हासिल है कि ये अपनी पैदाइश के वक़्त से ही मोमिना और कलमागो रही है। सूफ़ियाकिराम और मुबल्लेगिन के हाथों दीन-ए-मतीन की तर्वीज-व-इशाअत के लिए ये परवान चढ़ी औश्र शुरू से ही इसकी तोतली ज़बान पर हम्द व सना और नात-ए-रसूल-ए-म़क़बूल जारी हो गई। (उर्दू की नातिया शायरी, डाॅ. तल्हा बर्क़, दानिश अकादमी, आरा, पेज-5)
 उर्दू में नातगोई की एक मुस्तहकम रवायत मौजूद है। उर्दू की पहली मसनवी ‘कदम राव पदम राव(फख्र-ए-दीन निज़ाामी)  में भी नात के अशआर मौजूद हैं। और ये सिलसिला दराज़ होते हुए मौजूदा नस्ल के शोअरा तक पहुंचता है। आज भी कसीर तदाद में नातें लिखी जाती हैं। ( लेखक इलाहाबाद विश्वविद्यालय में उर्दू के अध्यापक हैं)

 ( गुफ़्तगू के अक्तूबर-दिसंबर 2019 अंक में प्रकाशित )

रविवार, 5 अप्रैल 2020

हिन्दी पाठकों को नात समझाता अंक

                                                                     
                                       
अजीत शर्मा ‘आकाश’
 हिन्दुस्तानी साहित्य को समर्पित ‘गुफ्तगू’ त्रैमासिक पत्रिका 16 वर्षों से इलाहाबाद (प्रयागराज) से अब तक निरन्तर प्रकाशित हो रही है। इस पत्रिका के विशेषांकों की कड़ी में पत्रिका का अक्टूबर-दिसम्बर 2019 का ताजा अंक ‘नातिया शायरी विशेषांक’ के रूप में प्रकाशित हुआ है। अल्लाह की हिदायत के मुताबिक दुनिया में इस्लाम मजहब लाने वाले पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्ल. की तारीफ में शायरी करना ही नातिया शायरी कहलाती है। अभी तक नातिया शायरी एवं उससे संबंधित समस्त सामग्री उर्दू भाषा में ही उपलब्ध रही है, जिसके कारण उर्दू न जानने वाले इससे महरूम थे। लेकिन ‘गुफ्तगू‘ के इस विशेषांक ने ऐसे पाठकों एवं रचनाकारों को नातिया शायरी से न सिर्फ परिचित कराया, बल्कि इससे संबंधित भरपूर सामग्री भी उपलब्ध करायी है। ‘नातगोई की इब्तिदा‘ (डॉ. ज़फ़रउल्लाह अंसारी), ‘दुनिया की हर जबान में लिखी-पढ़ी जाती है नात‘ (नूर ककरालवी), किसे कहते हैं नातिया कलाम‘ (आनिसा सुलेमानी), एवं ‘नातगोई और उसका फन‘ (हकीम रेशादुल इस्लाम) एवं इसी प्रकार के अत्यन्त महत्वपूर्ण एवं शोध परख लेख इसमें प्रकाशित किये गये हैं। ‘नातिया शायरी की तरक्की में हिन्दू शायरों का भी बड़ा योगदान‘ के विषय पर डॉ. शमीम गौहर से अख्तर अजीज और इम्तियाज अहमद गाजी की बातचीत द्वारा अच्छी जानकारी उपलब्ध कराई गई है।
 इस विशेषांक में ‘ख़ास नात’ के अंतर्गत इमाम अहमद रजा बरेलवी, राज इलाहाबादी, बेकल उत्साही, अज़ीज़ इलाहाबादी, तुफैल अहमद मदनी एवं अशफाक अहमद वारसी ‘खादिम‘ के नातिया कलाम संग्रहीत हैं। इसके अतिरिक्त असलम इलाहाबादी, नूर ककरालवी, सागर होशियारपुरी, अख्तर अजीज, हसनैन मुस्तफ़ाबादी, फौजिया अख़्तर ‘रिदा’, शिवशरण बंधु, माणिक विश्वकर्मा ‘नवरंग’, फ़रमूद इलाहाबादी, डॉ. नीलिमा मिश्रा, शकील ग़ाज़ीपुरी, इम्तियाज़ अहमद ग़ाज़ी, डॉ. वारिस अंसारी, अतिया नूर, मिथिलेश गहमरी, सुनील दानिश, हसरत देवबंदी, डॉ. हसीन जिलानी, डॉ. सय्यद कमर आब्दी, ईशान अहमद, सिबतैन परवाना, हसन जौनपुरी, सलाह गाजीपुरी, जीशान बरकाती आदि देशभर के मुस्लिम और गैर मुस्लिम शायरों के नातिया कलाम प्रकाशित किये गये हैं, जो अत्यन्त सराहनीय हैं। साथ ही, अमेरिका के शायर सै. औलादे रसूल कुदसी एवं अलमास शबी के नात भी इसमें शामिल हैं। ‘गुफ्तगू’ नातिया शायरी विशेषांक के कुछ उल्लेखनीय अशआर प्रस्तुत हैं- 
वो पा गया खु़दा को खुदा उसको मिल गया/जो आ के खो गया है मुहम्मद के शहर में (राज इलाहाबादी), अकीदत की नजर से देखने वाले पुकार उट्ठे/बरसती है वहां पर रहमते आका जहां तुम हो (अजीज इलाहाबादी), बताऊं मैं क्या मुस्तफा दे गये हैं/हिदायत का इक सिलसिला दे गये हैं (तुफैल अहमद मदनी), एक क्या दोनों जहां की मिल गईं खुशियां उसे/मिल गया जिसको मुहब्बत का ख़जाना आपका (सागर होशियारपुरी), किस कदर तारीकतर थे ज़िन्दगी के रास्ते/जब नबी आये तो हर जानिब उजाला हो गया (शिव शरण बन्धु), मेरे आका का दिल सबसे बड़ा है/जमाने को दिखाना चाहता हूं (डॉ. माणिक विश्वकर्मा ‘नवरंग‘), कहां पर नहीं मेरे आका की मिदहत/जमीं तो जमीं अर्श पर हो रही है (फ़रमूद इलाहाबादी), सीधे रस्ते पे चले और चलाया सबको/मेरे सरदार के जैसा कोई सरदार नहीं (डॉ. नीलिमा मिश्रा), ऐ खुदा अब तो मुझे ऐसी बशारत दे दे/ख़्वाब ही में कभी मुझको भी बुलाते आका (इम्तियाज अहमद गाजी), जन्नत में उसको मिलता है आला मुकाम भी/जो दिल पे अपने नाम है लिखता रसूल का (अतिया नूर), फूलों को बख्शी ताजगी माहताब को जिया/मेरे रसूल पाक का ये इक्तिदार है (सुनील दानिश), चांद सूरज खड़े दीद मे हर घड़ी/उनकी आंखों का तारा हमारा नबी (असद गाजीपुरी)।
 पत्रिका के परिशिष्ट के अंतर्गत मकबूल शायर इकबाल आजर एवं इकबाल दानिश के साहित्यिक परिचय, इनसे की गयी बातचीत, नातगोई से सम्बन्धित आलेख एवं इनके नातिया कलाम सम्मिलित किये गये हैं। इकबाल आजर - कोई भी नहीं मिलता रहनुमा मुहम्मद सा/क्या दिखाएगा कोई रास्ता मुहम्मद सा, कलामे पाक में उस का बयान रौशन है/खुदा के साथ मुहम्मद की शान रौशन है, मैं जमीं और आसमां आका/धूप मैं और सायबां आका। 
इकबाल दानिश - रास आया बस उसे रब की रजा का रास्ता/जिसने अपनाया मुहम्मद से वफा का रास्ता, कोई नाते मुहम्मद मुस्तफा लिखेगा क्या/जब खुदा ही पढ़ रहा है खुद कसीदा आपका, रब जैसे अपनी जात में यकता दिखाई दे/नबियों में वैसे आका का जलवा दिखाई दे।
विशेष प्रस्तुति के अंतर्गत प्रो. अली अहमद फ़ातमी के ‘धरती के वासियों की मुक्ति प्रीत में है‘ लेख में फलसफए-इश्क के बारे में विस्तारपूर्वक चर्चा की गयी है। कवि और कविता के अंतर्गत गाजियाबाद के डिप्टी एसपी डॉ. राकेश मिश्र ‘तूफान‘, इनकम टैक्स में ज्वाइंट कमिश्नर शिव कुमार राय, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, मैनपुरी विजय प्रताप सिंह आदि 5 कवियों के रचना-धर्म से पाठकों को परिचित कराया गया है। अन्त में ‘गुफ्तगू‘ द्वारा आयोजित समारोह  में सम्मानित शख्सियतों का एवार्ड परिचय दिया गया है।
पत्रिका का मुद्रण, प्रकाशन एवं तकनीकी पक्ष उच्च कोटि का है। कुल मिलाकर गुफ़्तगू का यह प्रयास नया, अनूठा, एवं अत्यंत सराहनीय है। यह अंक सुधी पाठकों के लिए एक धरोहर की तरह है, क्योंकि अब तक किसी हिन्दी पत्रिका ने इस विषय पर कोई सामग्री प्रकाशित नहीं की है। इस विधा पर विशेषांक निकालना एक बड़ा काम है। अति दुर्लभ सामग्री से भरपूर होने के कारण यह विशेषांक पठनीय एवं संग्रहणीय है। इस बेहतरीन एवं विशिष्ट साहित्यिक कार्य के लिए ‘गुफ्तगू‘ पत्रिका को बहुत-बहुत बधाई।

गुरुवार, 26 मार्च 2020

नेताजी के साथ ही विमान में मारे गए कैप्टन गनी !


                                         - शहाब ख़ान गोड़सरावी

                                                     
कैप्टन अब्दुल गनी खां 
 कहा जाता है कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस की मृत्यु जापान में एक प्लेन क्रेस में हुई थी, उसी विमान में उनके साथ सवार रहे कैप्टन अब्दुल गनी की भी मौत हो गई थी। कैप्टन गनी नेताजी के ख़ास लोगों में से एक थे, जो हर वक़्त उनके साथ रहते थे। जिस तरह से नेताजी की मौत पर तरह-तरह की बातें सामने आती रहती हैं, उसी तरह कैप्टन गनी की मौत के कारण भी सवाल खड़े होते रहे हैं। वर्ष 2010 में कैप्टन अब्दुल गनी खां के बड़े बेटे अब्दुल कादिर खां ने बताया था कि उनकी बूढ़ी आंखें आजतक अपने पिता के आने की इंतजार में हैं, लेकिन आजतक उनका कोई संदेश नहीं आया, उनकी मौत के विषय में कोई अधिकारिक सूचना आज तक नहीं है। 
 अब्दुल गनी का जन्म उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में स्थित मिर्चा गांव में सन 1904 को सूबेदार सुल्तान खां के घर हुआ था। उनकी माता अजमत बीबी घरेलू नेक खातून थीं। गनी खां को पढने का बहुत शौक था, उन्होंने ग्रेजुएशन कर लिया था, उनका कद-काठी काफी लंबी-चैड़ी थी। विक्टोरिया क्रॉस विजेता हुमैल खान बारावी की सिफारिश पर अंग्रेजों ने सीधे उन्हें कमांडिग आफिसर के पद पर तैनात कर दिया। सिकंदराबाद से ट्रेनिंग पूरी होने के बाद पहली पोस्टिंग पंजाब में हुई। मेहनत और ईमानदारी के बल पर बहुत जल्द कैप्टन के पद पर आसीन हो गये। उस वक़्त आज़ादी की लडाई जोर पकड रही थी। उसी वक़्त सुभाष चंद्र बोस इंडियन नेशनल आर्मी का गठन कर रहे थे उनका नारा था ‘तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा’। नेताजी उस वक्त गांव-गांव जाकर जवानों को सेना में भर्ती के लिए प्रेरित कर रहे थे। 
 सन 1941 में ग़ाज़ीपुर में फारवर्ड ब्लाक की स्थापना हुई, जिसके लिए नेता जी कलकत्ता से ग़ाज़ीपुर आये और उसी वक्त गनी खां भी छुट्टी पर घर आये हुए थे। जहां इनकी मुलाकात नेता जी से हुई। नेताजी के व्यक्तित्व से इतना प्रभावित हुए की ब्रिटिश सेना की नौकरी को छोड़कर कमसारोबार के कई साथियों के साथ नेता जी के साथ हो लिए। अपनी कार्यशैली के आधार पर वे नेताजी के बहुत करीबी साथियों में शुमार हो गए। अपनी फ़ौज़ की ताक़त बढ़ाने के लिए जापान और फिर आदमपुर मलाया पहुंचे। इसके बाद जब वे दुबारा टोक्यो के लिए ताइपे हवाई अड्डे से रवाना हुए तो उनके साथी पायलट हबीबुर्रहमान के साथ जहाज में कैप्टन अब्दुल गनी खां, डॉ. अब्दुल रसीद भी सवार थे, वहीं प्लेन क्रेस हो गया था। इतिहासकारों के मुताबिक 18 अगस्त 1945 को सुभाष चंद्र बोस का विमान जापान स्थित ताइपे हवाई अड्डे पर ईंधन लेने के लिए उतरा, आगे की सफर टोक्यों के लिए उड़ान भरते समय क्रेश हो गया। 
 इस जाबाज की मौत की सूचना के बाद तत्कालीन सरकार न तो अब्दुल गनी खां का ही पता लगा पाई और न ही आजतक उन्हें शहीद का दर्जा दिया गया। फिलहाल कैप्टन गनी से जुड़ी ठोस रेकॉर्ड प्राप्ति के लिए सोसाइटी फार हिस्टोरिकल एंड कल्चरल स्टडीज, सुभाष भवन, वाराणसी की संस्था पिछले 31 वर्षों से नेताजी पर शोध कार्य कर पुस्तकें प्रकाशित करती आ रही है। कैप्टन अब्दुल गनी खां को भी इस शोध का हिस्सा बना रही है। ‘समसामयिक हिंदी जनरल नॉलेज’ नामक पुस्तक में इस बात का जिक्र किया गया है कि जिस विमान के क्रेस होने से सुभाषचंद्र बोस की मौत हुई थी, उसी में गनी खां भी मौजूद थे। कैप्टन गनी के पोते वर्तमान मिर्चा गांव के वर्तमान ग्राम प्रधान जावेद खान के मुताबिक आठ साल पहले तक अब्दुल गनी खां की विधवा फातमा बीबी को 145 रूपये का पेंशन मिलता रहा, जो उनकी मौत के बाद बन्द हो चुकी है। उनका कहना है कि कैप्टन के नाम पर इलाके में शिक्षण संस्थान और अस्पताल खोले जाने चाहिए।
  (गुफ़्तगू के जनवरी-मार्च 2020 अंक में प्रकाशित )

सोमवार, 16 मार्च 2020

नातिया शायरी की तरक्की में हिन्दू शायरों का भी बड़ा योगदान: गौहर

                                                           

डाॅ. शमीम गौहर से बातचीत करते अख़्तर अज़ीज़ और इम्तियाज़ अहमद ग़ाज़ी 

डाॅ. शमीम गौहर का बचपन से नात के प्रति प्रेम रहा है। बचपन से ही नात लिखना शुरू कर दिया था। आपकी सबसे पहली किताब ‘नात के शोअरा मुतद्मीन’ है, जिसमें नात के शोअरा के बारे में पूरी जानकारी दी गई है। दूसरी किताब का नाम ‘उर्दू अदब में नातिया शायरी’, जो बहुत मक़बूल हुई, इसका दूसरा एडीशन पाकिस्तान में प्रकाशित हुआ। डाॅ. गौहर ने ‘नात’ पर ही शोध कार्य किया है। इम्तियाज़ अहमद ग़ाज़ी, अख़्तर अज़ीज़ और दीक्षा केसरवानी ने उसने विस्तृत बात की। पेश है उसका संपादित भाग।
सवाल: नातिया शायरी क्या है? इसकी शुरूआत कब और कैसे हुई ?
जवाब: जबसे हजरत आदम दुनिया में तशरीफ़ लाए, तभी से नातिया शायरी की शुरूआत हो गई थी। एक ज़माना रसूल्लाह सल्ल. का आया, असली रूप में जो इस्लाम मज़हब क़ायम हुआ वह रसूल्लाह सल्ल. के दुनिया में आने के बाद ही हुआ। इससे पहले अरब में शायरी हो रही थी, जमाने जाहिली में भी खूब शायरी होती थी, हर घर में शायरी होती थी। यहां तक कि मोतनब्बी ने अपनी शायरी के दम पर ही नबुवत का दावा कर दिया था। जब अल्लाह के रसूल तशरीफ़ लाए, और शायराना के तौर से जब हस्सान बिन साबिर ने जब क़सीदा पढ़ा, उनकी शायरी से पूरे अरब में तहलका मच गया कि क्या इतनी खूबसूरत शायरी भी हो सकती है नात की शक्ल में। सैकड़ों साल बाद जब हिन्दुस्तान में नातिया शायरी की शुरूआत हुई तो हमारे उर्दू के शायरों ने नातिया अदब की जो तबाआज़माई की, दुनिया के किसी अन्य ज़बान में ऐसी शायरी नहीं हुई है।
सवाल: इस्लाम मज़हब में नातिया शायरी की क्या अहमियत है ?
जवाब: नातिया शायरी इतना आदाब, तहज़ीब और रवायात में बंधी हुई कि इससे हमें इस्लाम का पता चल जाता है, इश्क़ रसूल का पता चलता है, तारीख़े-इस्लाम का पता चलता है, सहाबा इकराम की फ़ज़ीलत का पता चल जाता है। हमारे नातगो शायरों ने अपनी शायरी में इसका इज़हार किया है कि अल्लाह के रसूल मेराज पर तशरीफ़ ले गए तो उसका क्या मर्तबा है। रसूल करीम की एक-एक ज़िन्दगी के लम्हे को हमारे शोअरा ने नात में पिरोने की कोशिश की। सिर्फ़ नातिया शायरी का अगर आप अध्ययन करें तो हम अपनी दीनी इस्लाह कर सकते हैं, नातिया शायरी हमारी रहबरी करती है, नातिया शायरी हमें तारीक़ियों से रोशनी में ले जाती है।
सवाल: नातिया शायरी आम तौर पर मदरसों-खानकाहों की ही ज़ीनत बनी रही, ऐसा क्यों ?
जवाब: अब वो वक़्त नहीं रहा। अब आम लोगों के बीच भी नातिया शायरी मक़बूल हो रही है। जहां-जहां मज़हबी काम हो रहे हैं, वहां तो नातिया शायरी हो रही है। हालांकि बड़े अफ़सोस के साथ कहना पड़ता कि तमाम बड़़े-बड़े शायरों ने नात के एक शेर भी नहीं कहे हैं। बशीर बद्र, आदिल मंसूरी, निदा फ़ाज़ली, हसन नईम वगैरह लोगों ने एक भी नात नहीं कहे। यह बहुत अफ़सोस की बात है।
सवाल: बहुत से ग़ैर मुस्लिम शायरों ने बाक़यादा नातिया शायरी की है? इस बारे में आपका क्या सोचना है। 
जवाब: 1938 के बाद तरक्की पसंद की जब तहरीक चली, तो उसमें नए अदब को पेश करने की कोशिश की गई। इसके साथ-साथ मज़हब की तौहीन इस तरह से की गई कि ‘अवारा सज्दे’ के नाम से किताब तक छप गई। मौलवियों पर तनकीद करना, मज़हब पर तनकीद करना। अगर किसी बुड्ढे मौलवी ने अगर किसी नौजवान लड़की से शादी कर लिया तो उसकी तनकीद की गई, जब उसने शादी कर लिया तो क्या आप उसकी देखभाल करेंगे, आप उसकी ज़रूरतें पूरी करें। इसमें गैर शरई मसला क्या है। ऐसे माहौल में हिंदू शायर नातिया शायरी कर रहे थे। लल्लू राम कौसरी, किश्वर शाह समेत तमाम हिन्दू शायरों के नातिया मजमुए तक छपे हैं। जितने भी उर्दू जानने वाले हिन्दू शायर हैं, उन्होंने नातिया कलाम ज़रूर कहे हैं। नातिया शायरी की तरक्की में हिन्दू शायरों का बहुत बड़ा योगदान है। हिंदू शायरों की नातिया शायरी पर अब तक दो थिसिस भी आ चुकी हैं।
सवाल: भारत में नातिया शायरी करने वाले बड़े शायर कौन-कौन हुए हैं ?
जवाब: शोहराए मुतकद्मीन ने तो कोई नातिया शायरी की नहीं। वली दकनी, सिराज औरंगाबादी, मरी तक़ी मीर, आतिश, सौदा, नासिख़, ज़ौक़, ग़ालिब ने नात के प्रति कभी रूझान नहीं पैदा किया। सिर्फ़ जब इनका कोई ग़ज़ल या नज़्म का मजमुआ छपता था, तब तबर्रुक के तौर पर शुरू में एक नात शामिल कर लेते थे। लेेकिन सिन्फ़ नात इनका कभी मौजू नहीं रहा। सौदा ने 32 अश्आर का एक नात लिखा है, शोहराए मुतकद्मीन में सिर्फ़ सौदा ने नात कहा है। नातिया शायरी को उरूज़ तक पहुंचाने में आला हज़रत फ़ाजिले बरेलवी इमाम अहमद रज़ा का बहुत बड़ा योगदान है। उनकी नातिया शायरी से किसी अन्य शायर का मुक़ाबला नहीं किया जा सकता। उनका योगदान सबसे ज़्यादा है।
सवाल: अरब और दूसरे देशों में नातिया शायरी के क्या हालात हैं ?
जवाब: जब अरब से शायरी फारस पहुंची तो वहां से लोगों ने इतना जोरदार स्वागत किया कि थोड़े ही वक़्फे के बाद ईरान और फारस से बड़े-बड़े शोअरा पैदा हुए। वहीं से हाफ़िज़ सेराजी, हजरत शेख शादी, हक़ानी जैसे बड़े-बड़े शायर पैदा हुए। 
सवाल: इलाहाबाद में किन शायरों के मजमुए छपे हैं?
जवाब: इस पर डाॅ. असलम इलाहाबादी ने थिसिस लिखा है, जिसमें पूरा डिटेल हैं। मेरी जानकारी में सरवर इलाहाबादी, राज इलाहाबादी, शम्स इलाहाबादी, अज़ीज़ इलाहाबादी, इक़बाल दानिश, तुफ़ैल अहमद मदनी, अतीक़ इलाहाबाद, मौलाना मुजाहिद हुसैन, अख़्तर अज़ीज़ आदि के अलावा मेरे मजममुए आए हैं।   
( गुफ़्तगू के अक्तूबर-दिसंबर 2019 अंक में प्रकाशित )


बुधवार, 11 मार्च 2020

आखि़र कब तक ?, भास्कर राव इंजीनियर, खेत के पांव और लफ़्ज़ों का लहू



                                                                              - इम्तियाज़ अहमद ग़ाज़ी

रामकृष्ण विनायक सहस्रबुद्धे एक सक्रिय रचनाकार हैं। रेलवे में नौकरी करते थे, वहां से सेवानिवृत्त होने के बाद उनके लेखन में और तेज़ी आयी है। खुद एक साहित्यिक पत्रिका ‘माध्यम’ का संपादन भी कर रहे हैं। अब तक लगभग आधा दर्जन पुस्तकें आपकी प्रकाशित हो चुकी हैं। हाल में इनकी नई पुस्तक ‘आखि़र तक तक ?’ प्रकाशित हुई है। इस काव्य संग्रह में छोटी-छोटी कविताओं को एकत्रित किया गया है। देश, समाज, त्योहार, प्राकृतिक सौंदर्य, प्रेम आदि का वर्णन अलग-अलग कविताओं में किया गया है। पुस्तक की भूमिका में अरुण कुमार श्रीवास्तव ‘अर्णव’ कहते हैं-‘कवि के शब्दों में मौन एक साधना है और शब्द माध्यम है, सुनता रहा घड़ियों की टिकटिक, टूट जाते हैं रक्त संबंध, क्योंकि राजनीति साध्य नहीं है, लड़नी है लड़ाई अंधेरों के खिलाफ़ लेखनी के उद्घोष को नये आयामा देता है। प्रणय और श्रृंगार को भी कवि मन एक नये रूप में परिभाषित करते हुए स्वतः कह  उठता है रहती मन में, अंतस्थल में, फिर सच है हार गया मैं, वह कैसे आती नारी मन की दुविधा का शानदार विश्लेषण करता हुआ सृजन है।’ इनकी कविताओं में कुछ अलग आयाम भी दिखते हैं, जैसे एक कविता में कहते हैं-‘टूट जाते हैं रक्त संबंध/पर नहीं टूटते मित्रता के बंधन/अहसास कराते अपने पन का/दिल में रहते, दिल में बसते/जीवन का ये सच है/ मानो या न मानो/ हिसाब नहीं करते लेने देन का/ विश्वास का, आशाओं का/ मन निर्मल, सहज सरल है।’ इसी तरह के अलग किस्म बिंब और प्रतीक इनकी कविताओं में कहीं-कहीं पढ़ने को मिल जाते हैं। कुल मिलाकर यह एक सार्थक काव्य संग्रह है। 112 पेज के इस पेपर बैक संस्करण को प्रेरणा प्रकाशन, नाशिक ने प्रकाशित किया है, जिसकी कीमत 175 रुपये है।
अरुण अर्णव खरे एक वरिष्ठ रचनाकार हैं। कई विधाओं में लिखते हैं, खेल पर लिखने की विशेष रूप से अभिरुचि रही है, तमाम पत्र-पत्रिकाओं में आपकी रचनाएं प्रकाशित होती रही हैं। अब तक आपकी कई पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। हाल में आपकी कहानी संग्रह ‘भास्कर राव इंजीनियर’ प्रकाशित हुई है। इस किताब में कुल 14 कहानियां संग्रहित की गई हैं। कहानियों की ख़ासियत यह है कि लेेखक ने जो महसूस किया, देखा, समझा है उसी को कथा का बिंब और उससे जुड़े हुए लोगों को कथा का पात्र बनाया है। यही वजह है कि कहानियों को पढ़ते समय कथा का परिदृश्य चलचित्र की तरह सामने चलते हुए दिखाई देते हैं। पुस्तक की पहली कहानी ‘दूसरा राज महर्षि’ बाल मन की मानसिकता और दुविधा को बड़ी खूबी से चित्रित करती है, वहीं शीर्षक कहानी ‘भास्कर राव इंजीनियर’ एक भले और नेकदिल इंसान की कहानी जो अपने कैरियर की कीमत पर लोगों की भलाई करता है। इसी तरह सभी कहानियों में के परिदृश्य रोचक और तार्किक हैं। इस पुस्तक के लिए अरुण अर्णव खरे बधाई के पात्र हैं। 100 पेज की इस पुस्तक के इस पेपर बैक संस्करण को लोकोदय प्रकाशन ने प्रकाशित किया है, जिसकी कीमत 130 रुपये है।  

उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले के रहने वाले अनुराग मिश्र ‘ग़ैर’ उत्तर प्रदेश सरकार में आबकारी आयुक्त हैं, वर्तमान समय में हापुड़ जिले में कार्यरत हैं। ग़ज़ल, कविता, व्यंग्य, एकांकी आदि लिखते हैं, अब तक कई पुस्तकें आपकी प्रकाशित हो चुकी हैं। ग़ज़ल पर आपकी ख़ास पकड़ है, पत्र-पत्रिकाओं में भी प्रायः इनकी रचनाएं प्रकाशित होती रही हैं। पिछले दिनों ‘खेत के पांव’ नाम से इनका एक ग़ज़ल संग्रह प्रकाशित हुआ है। इनकी ग़ज़लों के बारे में डाॅ. कुंअर बेचैन की इस टिप्पणी से अंदाज़ा लगाया जा सकता है- ‘सचमुच आज का हर इंसान जो आदमी की हैसियत से अपनी ज़िन्दगी जी रहा है, वह अपनी समस्याओं के बोझ से पूरी तरह दबा हुआ है, जो उसकी आशाएं और आकांक्षाएं हैं, उसके स्वप्न हैं, उन्हें वो अपने सीमित साधनों में पूरा नहीं कर पा रहा है। लेकिन कविता का काम निराश व्यक्ति के मन में भी किसी आशा की किरण को जगाने का काम है। यही सकारात्मक सोच व्यक्ति की जिजिविषा को जीवित रख पाता है। अनुराग मिश्र ‘ग़ैर’ जी को इस बात का ध्यान है, इसी कारण उनके मन से अचानक यह सकारात्मक शेर निकल आता है- ‘वो घर फिर से हुआ आबाद शायद/ दिया दहलीज पर जलने लगा है।’ इस कथन से भी आगे हैं अनुराग की  ग़ज़लें, जिनमें तरह-तरह के नई उपमाएं और परिदृश्य देखने को मिलती हैं। कहते हैं-‘बज़्म में मुस्कुराओगे, लेकिन/ दिल में तुम इंतिक़ाम रखोगे। चांद तारों को तोड़ने का सनम/आप कितना इन्आम रखोगे।’ एक और ग़ज़ल के दो अशआर देखिए-‘है तग़ाफुल उनके ही किरदार में/ वो हमीं से बेख़बर होने लगे। ओस टपकी थी फ़लक से बस ज़रा/ फूल सारे तरबतर होने लगे।’ इस तरह के तमाम शानदार शेर पूरी किताब में जगह’-जगह मौजूद हैं, जिन्हें पढ़ने के बाद सहज ही कहा जा सकता है कि ‘खेत के पांव’ एक शानदार ग़ज़ल संग्रह है, जिसके लिए शायर बधाई का पात्र है। 192 पेज के इस सजिल्द पुस्तक को गगन स्वर बुक्स पब्लिकेशन ने प्रकाशित किया है, जिसकी कीमत 250 रुपये है।



दरभंगा, बिहार के रहने वाले सलमान अब्दुस समद एक युवा कलमकार हैं, वर्तमान समय में दिल्ली में रहते हैं। लेखन को लेकर काफ़ी सक्रिय और उत्साहित हैं। आलोचना और उपन्यास लेखन में तल्लीन इस युवा रचनाकार ने धीरे-धीरे अपनी एक अलग सी पहचान बना ली है। ‘लाडली मीडिया एवार्ड-2012’ और यूपी उर्दू एकेडेमी से आपको एवार्ड मिल चुके हैं। ‘लफ़्ज़ों का लहू’ नाम इनका उपन्यास प्रकाशित हुआ है, जो चर्चा में भी है। इसमें देश के वर्तमान माहौल और पीत पत्रिकारिता की घुटन का शानदार ढंग से वर्णन किया गया है। मशहूर लेखिका नासिरा शर्मा इनकी इस किताब के बारे में कहती हैं-‘नए उभरते लेखन सलमान अब्दुस समद का उपन्यास ‘लफ्ज़ों’ का लहू’ उर्दू और हिन्दी में नज़रों से गुज़रा। उपन्यास से गुज़रते हुए जगह-जगह इस बात का एहसास हुआ कि युवा लेखक और पत्रकार अपने देश में फैली हुई फ़िज़ा में अजीब घुटन महसूस कर रहा है जो पीत-पत्रकारिता से भी उपजी है और भौतिकता की तरफ भागते इंसान काी बदहवास और बेहिसी से भी। इस उपन्यास नई पीढ़ी का दर्द है और ऐसी छटपटाहट का ब्यान है जो हर संवेदनशील नागरिक के दिल की बात है।’ इस वर्णन से उपन्यास के बारे में सहज ही अंदाज़ा लगाया जा सकता है। 124 पेज के इस सजिल्द संस्करण को स्वराज प्रकाशन प्रकाशन ने प्रकाशित किया है, जिसकी कीमत 295 रुपये है।
(गुफ़्तगू के अक्तूबर-दिसंबर 2019 अंक में प्रकाशित)

सोमवार, 2 मार्च 2020

गुफ़्तगू के रक्षक विशेषांक ( मार्च-2020 अंक) में


3. संपादकीय ( जो करते हैं हमारी सुरक्षा )
4. आपके पत्र
5-6. फौज और पुलिस में ग़ाज़ीपुर की ख़ास भूमिका: मो. वज़ीर अंसारी
7-9. कहानी ( मीना खां क्यों रोया)- जैनुल आबेदीन ख़ान
10-13. इंटरव्यू ( मुनव्वर राना से अनिल मानव )
14-20. ग़ज़लें ( नज़र कानपुरी, अनिल अनवर, गौतम राजऋषि, अखिलेश श्रीवास्तव ‘चमन’, फ़ैयाज़ फ़ारूक़ी, विजेंद्र शर्मा, मो. इबरार ख़ान वारसी )
21-24. कविताएं ( अज़ीज़ जौहरी, जमादार धीरज, रणजीत यादव ‘क्षितिज’, दीपक दीक्षित )
25-27. चौपाल: रक्षक विशेषांक को किस रूप में देखते हैं ?
28-30 तब्सेरा ( रहनुमाए हज व उमरा, बंद मुट्ठियों में क़ैद धूप, चाबी वाला भूत, दृष्किोण, एक टुकड़ा धूप )
37-38. पत्रिका समीक्षा ( हिन्दी पाठकों को नात समझाता विशेेष अंक) - अजीत शर्मा ‘आकाश’
39. इन दिनों: चर्चा में हैं ये पुस्तकें
40. उर्दू अदब ( असली एजेंडा दिखाने की कामयाब कोशिश)- अली अहमद फ़ातमी
41. गुलशन-ए-इलाहाबाद: लालजी शुक्ला
42-43. ग़ाज़ीपुर के वीर-9: ( कैप्टन अब्दुल गनी)- मोहम्मद शहाब खा़न गोड़सरवी
44-51. अदबी ख़बरें
52. गौरव ( साहिबा और हसीना की कामयाबी बनी मिसाल ) मंसूर आलम ख़ान मनियावी
53. खि़राज़-ए-अक़ीदत ( अजमल सुल्तानपुरी) - वंदना शर्मा
54-80. परिशिष्ट: डाॅ. राकेश मिश्र ‘तूफ़ान’
54. डाॅ. राकेश मिश्र ‘तूफ़ान’ का परिचय
55-56. सख़्त ड्यूटी से निकले कोमल अशआर- इम्तियाज़ अहमद ग़ाज़ी
57-58. सलीक़े से ग़ज़ल कहने का हुनर - डाॅ. नीलिमा मिश्रा
59-60. शायरी में आधुनिक जीवन की छटपटाहट- प्रिया श्रीवास्तव
61-80. डाॅ. राकेश मिश्र ‘तूफ़ान’ की ग़ज़लें
81-110. परिशिष्ट -2: केके मिश्र ‘इश्क़ सुल्तानपुरी’
81. इश्क़ सुल्तानुपरी का परिचय
82. ऐसे दीवानों को ग़ज़ल बनाती है अपना दीवाना - मुनव्वर राना
83-85. इश्क़ की शायरी का हुस्न - डाॅ. हसीन जिलानी
86-87. कर्म और मर्म दोनों में सशक्त - ममता देवी
88-104. इश्क़ सुल्तानपुरी की ग़ज़लें
105-110. इश्क़ सुल्तानपुरी की कविताएं
111-122. कवि और कविता ( डाॅ. बशीर बद्र, यश मालवीय, पवन कुमार, पंकज के. सिंह राहिब, मासूम रज़ा राशदी, विजय प्रताप सिंह )
123. गुफ़्तगू पब्लिकेशन की प्रमुख पुस्तकें
124. ‘फूल ही फूल’ से संकलित अशआर

रविवार, 23 फ़रवरी 2020

दीनी तालीम की रोशनी फैलाते मौलाना मुजाहिद हुसैन

                                                 
                                                                          - इम्तियाज़ अहमद ग़ाज़ी
 मौलाना मुजाहिद हुसैन
 दीनी तालीम को देश के कोने-कोने में सही रूप में पहुंचाने का काम एक अर्से से करने के साथ नातिया शायरी  करने वाले मौलाना मोहम्मद मुजाहिद हुसैन रज़वी मिस्बाही आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। आज जब भी किसी दीनी जलसे या हज करने जाने के संबंधित कोई काम हो तो इलाहाबाद में सबसे पहले आपका का ही नाम जेह्न में आता है। आप राष्ट्रीय स्तर के धार्मिक वक़्ता हैं। वर्तमान समय में करैली में रहने वाले मौलाना मुजाहिद का जन्म 17 मार्च 1961 को झारखंड राज्य के गढ़वा जिलें हुआ। आपके वालिद मौलवी अहमद अली गांव में ही कारोबार और काश्तकारी करते थे, मां हाफ़िज़ा खातून एक कुशल गृहणि थी, अब ये दोनों हयात में नहीं हैं, लेकिन आपकी परविश की वजह से मौलाना मुजाहिद खुद के साथ दूसरों को भी अच्छी तरीके से जीवनयापन की शिक्षा दे रहे हैं। आपके माता-पिता ने हज भी किया था। तीन भाई-बहनों में से आपके एक बड़े भाई हैं और आपसे छोटी एक बहन है।
 प्रारंभिक शिक्षा अपने गांव में ही करने के बाद आपने मदरसा अलजामतुल अशरफ़िया मुबारकपुर, आज़मगढ़ से ‘फाजिले दर्शे-निज़ामी’ की शिक्षा हासिल की। इसके बाद पटना यूनिवर्सिटी से अरबी विषय से स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की। इसके बाद इलाहाबाद के मिर्ज़ा ग़ालिब रोड पर स्थित दारुल उलूम गरीब नवाज़ में आप सहायक अध्यापक हो गए। 1986 से इस संस्थान में आप शिक्षण कार्य को अंज़ाम दे रहे हैं। आज आपके पढ़ाए हुए शार्गिद पूरे देश में जगह-जगह शिक्षण कार्य कर रहे हैं। देशभर के अलावा अमेरिका, अफ्रीका और श्रीलंका में भी आपके शार्गिद दीनी शिक्षा देने का कार्य कर रहे हैं। आप ‘रजा-ए-मुस्तफ़ा-खिदमते हुज्जाज कमेटी’ के संरक्षक हैं। इस कमेटी के माध्यम से आप हज यात्रियों की सभी प्रक्रिया को पूरी करवाते हैं। हज यात्रा का फार्म भरने, ट्रेनिंग देने से लेकर हज से संबंधित सारी चीज़ें हज पर जाने वाले लोगों को समझाने में आपकी भूमिका सरे-फेहरिस्त होती है। इसके अलावा आप ‘तंजीम इस्लाहे मुआशरा’ के अध्यक्ष भी हैं। इस तंज़ीम के ज़रिए हर वर्ष दीनी तालीम पर आधारित तीन रोज़ा जलसा होता है। तीनों ही दिन अलग-अलग तयशुदा विषय पर अलग-अगल वक़्ताओं की तक़रीर होती है। जलसों में तक़रीर के लिए आप देशभर में बुलाए जाते हैं। उत्तर प्रदेश के अलावा पंजाब, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात, केरल, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु आदि राज्यों में आप तक़रीर करने के लिए जाते रहते हैं। अब तक आप की दो किताबें प्रकाशित हुई हैं। पहली किताब का नाम ‘रहनुमाए हज व उमरा’ है, यह किताब उर्दू के साथ-साथ हिन्दी में भी छपी है। दूसरी किताब का नाम ‘वसीला-ए-नेज़ात’ है, यह किताब नातिया शायरी का मजमुआ है, 190 पेज की इस किताब में 150 से ज़्यादा नात हैं।



(गुफ़्तगू के अक्तूबर-दिसंबर 2019 अंक में प्रकाशित )

सोमवार, 17 फ़रवरी 2020

पांचवीं सदी में ही शुरू हुुआ दोहा का सृजन


 गुफ़्तगू की ओर ‘दोहा दिवस’ का किया गया आयोजन 
दोहा पाठ करने वालों को प्रदान किया गया सहभागिता प्रमाण पत्र

प्रयागराज। प्राचीन समय में कबीरदास ने अपने दोहों के माध्यम से समाज की कुरुतियों पर करारा प्रहार किया, उनके दोहे पढ़कर लोग व्याकुल हो जाते थे, कई बार दोहों की वजह से समाज में सुधार भी हुए। साथ ही उस समय के शासकों को उनके दोहों से परेशानी होती थी, जिसकी वजह से कबीर को प्रताड़ित भी किया करते थे। आज के समय में हमारे हिन्दी साहित्य की प्राचीन विधा है, जिसे पाठ्यक्रम में भी पढ़ाया जाता है। यह बात प्रभाशंकर शर्मा ने गुफ़्तगू की ओर से 16 फरवरी को करैली स्थित अदब घर आयोजित दोहा दिवस समारोह में बतौर मुख्य वक्ता कही। उन्होंने कहा कि पांचवीं सदी में दोहा सृजन की शुरूआत हुई है, इसका वर्तमान छंद 13-11 मात्राओं का है, लेकिन प्राचीन काल में 12-14 और 14-16 के शिल्प में भी दोहे कहे जाते थे। प्रयाग के कवि मलूकदास का दोहा ‘अजगर करे न चाकरी, पंछी करे न काम/दास मलूका कह गए, सबके दाता राम’ पूरी दुनिया में बहुत ही प्रचलित है। उर्दू शायर निदा फ़ाज़ली के दोहे भी खूब पढ़े, सुने जाते हैं, उनका यह दोहा बेहद प्रासंगिक है- बच्चा मस्जिद देखकर बोला आलीशान/अल्लाह तेरे एक को इतना बड़ा मकान’। कवि बिहारी, रहीम आदि भी दोहा के बड़े कवि हुए हैं। 
कार्यक्रम की रूपरेख प्रस्तुत करते इम्तियाज़ अहमद ग़ाज़ी

 गुफ़्तगू के अध्यक्ष इम्तियाज़ अहमद ग़ाज़ी ने कहा कि दोहा अब हिन्दी में ही नहीं बल्कि उर्दू में भी खूब लिखा, पढ़ा जा रहा है, पाकिस्तान के भी तमाम बड़े शायर दोहा लिख रहे हैं। पिछले वर्ष आज ही के दिन गुफ़्तगू के ‘दोहा विशेषांक’ का विमोचन किया गया था, तब यह निर्णय लिया गया था कि अब प्रत्येक वर्ष हम दोहा दिवस का आयोजन करेंगे और दोहा को वर्तमान समय में अधिक प्रासंगिक बनाने के लिए काम करते रहेंगे। साहित्यकार रविनदंन से कहा कि दोहा एक लिबास है, कविता कहने के लिए लिबास की आवश्यकता होती है। दोहा के लिबास में कही गई कविता बेहद मारक होती है। पांचवीं सदी से सन 1000 तक अपभ्रंश का समय रहा है। दोहे की पहली पुस्तक सातवीं सदी में ‘बौद्ध व दोहागान’ है, जिसमें 84 सिद्ध कवियों के दोहे शामिल हैं। दोहे का पहला एकल संग्रह ‘स्ररवनाचार’ नाम से कवि देवसने की प्रकाशित हुई थी। दोहे का दूसरा एकल संग्रह ‘रामसिंह का पाहुड दोहा’ सन 970 में प्रकाशित हुआ था। श्री रविनंदन ने कहा कि अकबर ने तुलसीदास को अपने नौ रत्नों में शामिल करने के लिए त्योता भेजा, तो उसके जवाब ने तुलसीदास ने एक दोहा भेजा दिया, लिखा- ‘हम चाकर रघुवीर के, पटौ लिखौ दरबार/तुलसी अब क्या होवेंगे, नर के मन सबदार।’
दोहा पाठ करतीं डाॅ. नीलिमा मिश्रा

 मुख्य अतिथि समाजसेवी तारिक सईद अज्जु ने कहा कि इम्तियाज़ अहमद ग़ाज़ी और उनकी टीम ने दोहा पर कार्यक्रम की शुरूआत करके एक महत्वपूर्ण काम किया है, इससे नई पीढ़ी को दोहों की जानकारी हो रही है। ऐसे काम की सराहना की जानी चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ कवि जमादार धीरज ने और संचालन मनमोहन सिंह तन्हा ने किया। ओम प्रकाश ‘अंजाना’, असद ग़ाज़ीपुरी, अनिल मानव, डाॅ. नीलिमा मिश्रा, अब्दुल सुब्हान, डाॅ. अशोक अग्रहरि प्रतापगढ़ी, जय प्रकाश शर्मा ‘प्रकाशन’, जुनैद कबीर, कुमार अनुपम, ए.आर. साहिल, जमादार धीरज, संजय सक्सेना आदि ने दोहा पाठ किया। दोहा पाठ करने वाले सभी कवियों को गुफ़्तगू की ओर से ‘सहभागिता प्रमाण पत्र’ प्रदान किया गया। हकीम रेशादुल इस्लाम, अफ़सर जमाल, सेलाल इलाहाबादी आदि मौजूद रहे। अंत में फ़रमूद इलाहाबादी ने सबके प्रति आभार व्यक्त किया।

     
कार्यक्रम में मौजूद लोग
                                     

गुरुवार, 13 फ़रवरी 2020

उस्मान: ठुकरा दिया पाक में जनरल बनने का ऑफर

                                                                                - शहाब खान गोड़सरावी
     
ब्रिगेडियर उस्मान बहादुर
 15 जुलाई 1912 को जन्मे ब्रिगेडियर उस्मान बहादुर ब्रिटिश भारत के सैन्य उच्च अधिकारी थे। इनके पूर्वज अफगानिस्तान के सिराज के रहने वाले थे। ब्रिगेडियर उस्मान के परिवार से कांग्रेस के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मुख्तार अंसारी के घर से काफी गहरा संबंध था। क्योंकि ब्रिगेडियर उस्मान के पिता पुलिस ऑफिसर मोहम्मद फारूख खुनमबीर की शादी ग़ाज़ीपुर के युसुफपुर अन्सारी परिवार में जन्मी अब्दुल कबीर अंसारी की बेटी जमीलुन बीबी से हुई थी। जिससे ब्रिगेडियर उस्मान की परिवार का ग़ाज़ीपुर से काफी गहरा लगाव रहा। ब्रिगेडियर उस्मान की तीन बड़ी बहने एवं दो भाई थे। उस्मान की प्रारंभिक शिक्षा बनारस स्थित हरीश चन्द्रा हाईस्कूल से हुई। आजाद भारत के पराक्रमी सिपहसलारों की फेहरिस्त में सबसे पहला नाम आता है ब्रिगेडियर मोहम्मद उस्मान का। इन्हें  पाकिस्तान के पितामह कहे जाने वाले मोहम्मद अली जिन्ना और राजनेता लियाकत अली ने मुस्लिम होने का वास्ता दे कर पाक फौज में जनरल बनाने का न्यौता दिया था, लेकिन मोहम्मद उस्मान ने ठुकरा दिया। नौशेरा का शेर, नाम से पुकारे जाने वाले ब्रिगेडियर मोहम्मद उस्मान, पहले अघोषित भारत-पाक युद्ध (1947-48) में शहीद होने वाले पहले उच्च सैन्य अधिकारी भी थे। 
 ब्रिगेडियर उस्मान महज 12 साल की उम्र में अपने एक मित्र को बचाने के लिए कुएं में कूद पड़े थे और उसे बचा भी लिया था। थोड़ा बड़े होने पर सेना में जाने का मन बनाया और उन्हें सन 1932 में ब्रिटेन की रायल मिलिटरी एकेडमी, सैंडहस्ट में चुन लिए गए। जिनका प्रशिक्षण ब्रिटेन में हुआ। द्वितीय विश्व युद्ध में अपने नेतृत्व के लिए प्रशंसा पाने वाले ब्रिगेडियर उस्मान को 10वीं बलूच रेजीमेंट में 19 मार्च 1935 को पोस्टिंग मिली। इधर भारत-पाक का बंटवारा हो रहा था। बंटवारे के बाद बलूच रेजीमेंट पाकिस्तानी सेना के हिस्से चली गयी। तब उस्मान डोगरा रेजीमेंट में आ गये। बंटवारे के बाद (1947-48) दोनों देशों में अघोषित लड़ाई चल रही थी। पाकिस्तान भारत में घुसपैठ करा रहा था। कश्मीर घाटी और जम्मू तक अशांत था। उस्मान पैराशूट ब्रिगेड की कमान संभाल रहे थे। उनकी झनगड़ में तैनाती थी। झनगड़ का पाक के लिए सामरिक महत्व था। 25 दिसंबर, 1947 को पाकिस्तानी सेना ने झनगड़ को कब्जे में ले लिया। उस समय लेफ्टिनेंट जनरल के. एम. करिअप्पा वेस्टर्न आर्मी कमांडर का नेतृत्व कर रहे थे। उन्होंने जम्मू को अपनी कमान का हेडक्वार्टर बनाया। लक्ष्य था - झनगड़ और पुंछ पर कब्जा करना और मार्च, 1948 में ब्रिगेडियर उस्मान की वीरता, नेतृत्व व पराक्रम से झनगड़ भारत के कब्जे में आ गया। तब पाक की सेना के हजारों जवान मारे गए थे और इतने ही घायल हुए थे, जबकि भारत के 102 घायल हुए थे और 36 जवान शहीद हुए थे। पाकिस्तानी सेना झनगड़ के छिन जाने और अपने सैनिकों के मारे जाने से परेशान थी। उसने घोषणा कर दी कि जो भी उस्मान का सिर कलम कर लायेगा, उसे 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। 
 पाकिस्तानी सेना के आंखों का किरकिरी बने ब्रिगेडियर उस्मान 3 जुलाई, 1948 की शाम तकरीबन पौने छ बजे होंगे उस्मान जैसे ही अपने टेंट से बाहर निकले। तभी उन पर सुरंगी ग्रेनाईट के साथ 25 पाउंड का गोला अचानक पाक सेना ने घाट लगाकर दाग दिया। उनके अंतिम शब्द थे- ‘हम तो जा रहे हैं, पर जमीन के एक भी टुकड़े पर दुश्मन का कब्जा न होने पाये।’ पहले अघोषित भारत-पाक युद्ध (1947-48) में शहीद होने वाले वे पहले उच्च सैन्य अधिकारी थे। राजकीय सम्मान के साथ उन्हें जामिया मिलिया इसलामिया कब्रगाह, नयी दिल्ली में दफनाया गया। अंतिम यात्रा में गवर्नर जनरल लार्ड माउंटबेटन, प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू, केंद्रीय मंत्री मौलाना अबुल कलाम आजाद और शेख अब्दुल्ला भी थे। मरणोपरांत उन्हें महावीर चक्र से सम्मानित किया गया। उस्मान अलग ही मिट्टी के बने थे। वो सेना में रहते हुए भी एल्कोहलीक पेय से हमेशा दूर रहे। इसके अलावा वह अपने वेतन का पूरा हिस्सा नौशेरा के गरीब बच्चों की पढ़ाई एवं जरूरतमंदों पर अक्सर खर्च किया करते थे।
(गुफ़्तगू के अक्तूबर-दिसंबर 2019 अंक में प्रकाशित)

शनिवार, 8 फ़रवरी 2020

‘वसीला-ए-निजात’, ‘कलम काग़ज़ पे सजदे करते हैं’, ‘बतख़ मियां अंसारी’ और ‘ हमनशीं’


                                                                   - अख़्तर अज़ीज़
                                                  


 यूं तो शायरी रह दौर में होती रही, मगर हम्दिया और नातिया शायरी की सिन्फ़ मुश्किल रही है। नात कहना मुश्किलतरीन सिन्फ़ है। शायर को बहुत ही सजग रहना पड़ता है। मौलाना मुजाहिद हुसैन रज़वी  उर्फ़ ‘हसन’ इलाहाबादी का नातिया मजमुए-ए-कलाम ‘वसीला-ए-निजात’ हाल ही में प्रकाशित हुआ है। किताब के शुरू में फ़ाजिल-ए-बरैलवी रह. की एक रूबाई ‘ईमान ये कहता है मेरी जान है’ बतौर तबर्रुक शामिल किया गया है। ‘अपनी बात’ में शायर ने अपने और अपनी नातिया शायरी के बारे में कुछ दिलचस्प बातें लिखी हैं। उनमें सिर्फ़ एक वाक़ेया मुख़्तसरन अर्ज़ करता हूं। ‘1986 में पासबान-ए-मिल्लत हज़रत मौलाना मुश्ताक़ अहमद निज़ामी के बुलावे पर डाॅ. हसन रज़ा खान, मुहाहिद हुसैन दारुल उलूम गरीब नवाज इलाहाबाद बहैसियत मुदर्रिस तशरीफ़ ले आए। यहां उलेमा के अलावा शोअरा से भी हज़रत के मरासिम बढ़ने लगे, हां मेरे (अख़्तर अज़ीज़) वालिद मरहूम अज़ीज़ इलाहाबादी के तअल्लुकात और और मरासिम हुजूर के से अलजामियतुल अशरफ़िया मुबाकरपुर से ही थे और मुजाहिद के बारे में जिक्र करते करते हुए मुझसे अक्सर बताते कि (मेरे हज़रत यानी हुजूर हाफ़िज़-ए-मिल्लत रह. ने मौलाना मुजाहिद साहब को पढ़ाया है ) इलाहाबाद में इक़बाल दानिश से हज़रत की मुलाकात हुई। इक़बाल दानिश को उस वक़्त तक मुजाहिद साहब की शेरी सलाहियत का अंदाज़ा नहीं था, किसी ने इक़बाल दानिश से जिक्र किया कि मुजाहिद साहब भी नातिया अशआर कहते हैं। इक़बाल दानिश ने फ़रमाइश की कि कुछ सुनाइए, मुजाहिद साहब ने नात सुनाए। शेर सुनने के बाद इक़बाल दानिश को यक़ीन न आया, और कहा कि ये क्या मज़ाक है, ये अशआर आपके हैं ? इसमें तो बीस साल का तजरुबा बोल रहा है। और अगर ये अशआर आपने ही कही है तो मेरे दिए गए मिसरे पर अभी नात कहकर सुनाइए। ज़ाहिर है ये चैलेंज था और मौलाना मुजाहिद ने कुबूल करते हुए नात कहकर सुना दिया। जब इक़बाल दानिश ने सुना तो वाह-वाह कह उठे, और कहा- हज़रत आप तो आलिम-ए-दीन हैं। सरकार के फ़ज़ाएल से आपका दिल और जे़ह्न रौशन है, बेशक आप नातिया शायरी करते हैं। ‘वसीला-ए-निजात’ निजात का एक शेर देखें-‘ ज़िक्र छिड़ा उनकी अज़मत का लो महफ़िल पर छाया रंग/रंग नबी की मिदहत का है सब रंगों में चोखा है।’ इस मतले में शब़्द ‘चोखा’ का क्या खूबसूरत इस्तेमाल हुआ है। एक और शेर देखें- ‘ऐ काश सर-ए-हश्र भी मिल जाए ये मौक़ा/लहराउं वहां मिदहत-ए-आक़ा का पताका।’ इस नात का क़ाफ़िया है- खुदा, दुआ वगैरह और रदीफ़ ‘का’, पताका वो क़ाफ़िया का इस्तेमाल हुआ है- जिसमें रदीफ़ शामिल है, जिसे उर्दू शायरी में मामूल का क़ाफ़िया कहा जाएगा या कहते हैं। वसीला-ए-निजात में ढेर सारे अशआर मिसाल में पेश किये जा सकते हैं। और दो अशआर देखिए- ‘अच्छा हुआ हुजूर मेरे पास आए गए / था, मरहम शदीद सवाल ओ जवाब का।’ ‘एक पल में वो मकां से लामकां आए गए / कोई अंदाज़ा करे सरकार की रफ़्तार का।’ इस तरह के अशआर किताब में भरे पडे हैं। किताब में एक हम्द, एक मुनाजात और ‘एक आरजू’ के उनवान से शायर ने अपनी तमन्ना पेश किया है, जिसके बाद किताब में 114 नात हैं। 192 पेज के इस सजिल्द पुस्तक को एजुकेशन पब्लिशिंग हाउस दिल्ली ने प्रकाशित जिसकी कीमत 500 रुपये है।
 ज़ेरे नज़र मजमुआ ‘क़लम काग़ज़ पे सजदे कर रहा है’। अनवार कमाल ‘अनवर फिरोज़बादी’ की नातों और मनाक़िब का खूबसूरत शायरी का मुजमुआ कलाम है। जिसमें 61 नात हैं और सात मनक़बतें हज़रत अली करमअल्लाह वजहुल करीम की शान-ए-अक़दस में, और बाक़ी मनक़बतें हज़रत इमाम हुसैन रजि. की शान-ए-मुक़द्दस में और तमाम शोहदा-ए-करबला रिज़वान उल्लाह तआला अलैहिम अजमईन की बारगाह-ए-कुद्स में हैं। अनवर फ़िरोज़ाबादी का मजमुआ ‘क़लम काग़ज़ पे सजदे कर रहा है’ पढ़ने से यह अंदाज़ा लगता है कि शायरी पर अनवर साहब की गिरफ़्त मज़बूत है, क्योंकि इतनी रवानी से ढले-ढलाए मिसरे किसी अच्छे शायर की निशानदेही करते हैं। इनकी नातों और मनक़बत (मनाक़िब) में अक़ीदत की फ़रावानी तो है ही, रवानी और वाक़ेयाती अशआर भी बेशुमार हैं। मुझे इनकी नातों के कुछ अशआर बहुत पसंद आए, आप भी मुलाहिज़ा फ़रमाएं। ‘नाम है जिसका मदीना नगर खुश्बू का /है इसी अर्ज़-ए-मुक़द्दस पे तो घर खुश्बू का’, ‘जो शह्र-ए-तैबा में गुज़रे वो ज़िन्दगी अच्छी/ दयार-ए-सरवर-ए-आलम की मौत भी अच्छी’, इतना क़रीब दूसरा कोई नबी नहीं/सरकार मेरे जितने खुदा के करीब है’। इस तरह के नातिया अशआर जा बजा मिलते हैं। यही बात मनक़बत में भी देखने को मिलती है। हज़रत अली की पैदाईश के बाद का वाक़या देखें- ’जब आए नबी खोल दीं अपनी आंखें/पता था ये उनको नबी आ गए हैं’। एक शेर और देखें, जिसमें मुश्किलकुशाई का जिक्र है- ‘छुटकारा चाहते हो अगर मुश्किलात से/लिखवाओ तुम मकान पे मौला अली का नाम’। इसी तरह के अशआर मजमुए में मिलते हैं। हज़रत इमाम हुसैन की शान में भी बेशुमार अशआर हैं। और तमाम शोहदाए कर्बला की तौसीफ़ करते हुए शायर कहता है- ‘ग़म-ए-हुसैन में जब आंख रोने लगती है/खुदा के फ़ज़ल की बारिश भी होने लगती है’। कुल मिलाकर अनवर फ़िरोज़ाबादी का कामयाब नातिया और मनक़बत का यह मजमुआ है। 

  

किताब का नाम ‘बतख़ मियां असांरी’ कुछ अजीब सा मगर पढ़ने पर आंखें दंग रह गई। इतनी हिम्मत, जुरअत और बहादुरी वाली शख़्सियत कम ही देखने को मिलती है। इस किताब के लेखक सय्यद नसीर अहमद है, और तेलगु से उर्दू में अनुवाद अबुल फै़ज़ान ने किया है। किताबचा मोहन दास करमचंद गांधी जी की ज़िन्दगी से ताल्लुक रखता है। जिसके पढ़ने से ये अंदाज़ा साफ़ लगाया जा सकता है कि गांधी जी और उनके साथियों ने मुल्क को आज़ाद कराने के लिए कैसे-कैसे जोखि़म उठाए हैं। बतख मियां अंसारी 1867 में पैदा हुए और 1957 में इंतेकाल कर गए। 15 अप्रैल 1917 को गांधी जी मुजफ्फरपुर, मोतिहार पहुंचे थे। गांव वालों ने गांधी जी का बहुत ही ज़ोरदार इस्तक़बाल किया, इस्तक़बाल करने वाले गांव के लोग ज़्यादातर नील की काश्तकारी करते थे और इन कारखानों के मालिक अंग्रेज़ हुआ करते थे। अग्रेज़ मालिक तरह-तरह के तरी़कों से कारखानों में काम करने वाले लोगों को परेशान किया करते और ज़बरदस्ती टैक्स लगाया करते थे। हालात से लड़ने, राजकुमार शुक्ला और पीर मोहम्मद मोनिस अंसारी की अपीलों को ध्यान में रखते हुए गांधी जी मोतिहारी पहुंचे थे। चूंकि गांव वाले बिना डर के अपनी परेशानी गांधी जी को जी भर के सुनाया। जुल्म और ज़बरदस्ती टैक्स वसूली की बात बताई। ये सब देखकर अंग्रेज़ों को फ़िक्र सताने लगी और उनको किसी अनहोनी के होने का डर सताने लगा। इसी के तहत इरविन नामक अंग्रेज ने गांधी जी को मारने का प्लान बनाया, और ये तय किया कि गांधी जी को दावत पर बुलाया जाए और खाने-पीने की किसी चीज़ में ज़ह्र दे दिया जाए। इस ख़तरनाक काम को करने के लिए अपने बावरची बतख मियां अंसारी का चयन किया, और ये हुक्म दिया गया कि दूध में ज़ह्र डालकर तुम्हें गांधी जी को पिलाना है। ये सुनते ही बतख़ मियां अंसारी के होश उड़ गए, उनको हिचकिचाता देखकर इरविन ने लालच देना शुरू किया कि तुमको ज़मीन की शक्ल में इनाम दिया जाएगा, तुम्हारी तनख़्वाह बढ़ा दी जाएगी और भी बहुत चीजें दी जाएंगी। बतख़ मियां इतना सहम गए कि कुछ न बोलेाा, ख़ामोश खड़े रहे, मगर अंदर-अंदर उनका ज़मीर उनको काट रहा था। गांधी जी और उनके साथियों को दावत पर बुलाया गया, गांधी जी बाबू राजेंद्र प्रसाद और कुछ लोगों के साथ इरविन के यहां पहुंच गए। बस यहीं पर बतख़ मियां अंसारी की हिम्मत की दाद देनी पड़ती है। बतख़ मियां ने तमाम साज़िशों से नक़ाब हटाते हुए गांधी जी को बता दिया कि दूध में ज़ह्र पड़ा हुआ है। इस तरह इरविन की साज़िश नाकाम हो गई और गांधी जी की जान बच गई। इस वाक़ेये से इरविन के गुस्से की इंतिहा ने रही, बतख़ मियां को गिरफ्तार कराया, उन पर जुल्म कराए, उनका घर ज़ब्त कराया, नौकरी से निकाल दिया और यहां तक किया कि उन्हें बाल बच्चों समेत उन्हीं के गांव सिसवा असग़री से बेदखल कर दिया। मगर बतख़ मियां सब कुछ झेलने के बाद भी अंदर से गांधी जी की जान बचाकर खुश रहे, कुछ दिनों तक चम्पारन के लोगोें के साथ रहे और अचानक कहीं चले गए। फिर 1950 में भारत के पहले राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद जी चम्पारन में एक जलसे में तक़रीर कर रहे थेा, बहुत ज़्यादा भीड़ थी, उसी भीड़ में एक बूढ़ा शख़्स बाबू राजेंद्र प्रसाद जी के पास लगातार पहुंचने की कोशिश किये जा रहा था, मगर पुलिस उन्हें बार-बार पीछे कर देती। अचानक राजेंद्र प्रसाद जी की नज़र पड़ी और पुलिस को हुक्म दिया कि उनको यहां ले आओ, करीब आने पर मालूम हुआ कि वह बतख़ मियां अंसारी थे। बतख़ मियां को राजेंद्र जी ने गले से लगाया और अपने बगल में बिठाया। फिर तक़रीर में सारा वाक़या दोहराया कि बतख़ मियां अंसारी ने कितनी हिम्मत दिखा के गांधी जी की मेरी तमाम लोगों की जान बचायी। ये वाक़या सुनकर मजमा सन्न रह गया। अगर राजेंद्र प्रसाद जी ये बात भरे मजमे में इसे ने बताते तो शायद यह वाक़या किसी का पता ही नहीं चलता। चूंकि बतख़ मियां ने राजेंद्र प्रसाद जी को अपने और उनके बच्चों पर हुए जुल्म की दास्तान सुना चुके थे, जिसे सुनकर राजेंद्र प्रसाद जी पर काफी असर हुआ और सहम गए। जिसके बाद उन्होंने ज़राअती ज़मीन एलाह करने के लिए वहां के कलेक्टर को हुक्म दिया। बतख़ मियां अंसारी काफी खुश थे कि उनके दिन फिर जाएंगे, मगर वह सात साल दफ्तरों के चक्कर काटते रहे और कोई नतीज़ा नहीं निकला, आखि़रकार वह दुनिया स ेचल बसे। 28 पेज के इस किताबचे में बहुत ही मालूमाती जानकारी है, जिसे आज़ाद हाउस पब्लिकेशन, आंध्र प्रदेश ने छापा है, जिसकी कीमत 25 रुपये है।

ज़ेरे नज़र मजमुआ ‘हमनशीं’ नौजवान शायर आसिफ़ अलअतश की ग़ज़लों का सरमाया है। आसिफ़ माशा अल्लाह अभी पच्चीस-छब्बीस साल के नौजवान शायर है और इस उम्र में शेरी मजमुआ मंज़रेआम पर लाने की सोचना, सबके बस की बात नहीं। मैं आसिफ़ अलअतश को मुबारकबाद पेश करता हूं । आसिफ़ की तहीरर से मालूम होता है कि ये एक शरीफ़ और दीनदार घराने से तअल्लुक रखते हैं। किताब में वालदैन के नाम इन्तेसाब करना मांग की दुआओं का ज़िक्र करना, नाना जान की नज़्र करना, ये तमाम बातें इस बात का सुबूत पेश रकती हैं। शुरूआत में जनाब फ़ैज़ुल हसन ने दुआओ से नवाज़ा (मुदीर) ने दुआओं से नवाज़ा, फ़िरोज़ हैदर (शोअब-ए-उर्दू, मारिस काॅलेज नागपुर) ने हौसला अफ़जाई कलमात से बेहतरीन राय दी, शिबली सना (इलाहाबाद) ने हौसला बढ़ाया। इसके अलावा अर्ज़-ए-इाल में आसिफ़ ने अपने सिलसिल में भी मुख़्तसर मगर जामे बयान किया। आसिफ़ ने खूब शेर कहे, और कहीं-कहीं मुतास्सिर भी करते हैं, मगर फ़िरोज हैदरी साहब के एक जुमले से इत्तेफ़ाक़ करना पड़ता है कि कहीं-कहीं कमसिनी की छाप नज़र आती है। मिसाल के तौर पर नात का मतला और एक शेर, मतला- ‘या रसूल अल्लाह दुनिया चल रही है आप से/मेरी शोहरत की भी शम्मा जल रही है आप से।’ बेहतरीन मतला है, मगर लफ़्ज़े शम्अ ग़लत नज़्म हेा गया है। इस तरह बह्र में आ जाएगा। ‘शम्अ की शोहरत हमारी, जल रही है आपसे’। वही बात शेर में भी हो गई है- ‘आपके तलवों का सदक़ा है सुबह की रौशनी’ यूं सही हो जाएगा- ‘आपके तलवों का सदक़ा सवेरे की किरन।’ बहरहाल, इस तरह किसी से भी हो सकती है। इनकी ग़ज़लों के कुछ अशआर ने बहुत मुतास्सिर किया, आप भी मुलाहिज़ा करें। ‘मुझको अपने भाई से मिलना है आसिफ़/उसने इतना कहकर खंज़र तोड़ दिया।’, ‘वफ़ादारी, मुरव्वत और चाहत/ वो पल्लू में सभी बांधे हुए हैं।’, ‘ इस अहल-ए-इश्क़ हैं हमसे न उलझो/शिुफ़ा मिलती है हमको ज़ह्र खाकर’, ‘हवा और धूप बोसे लेे रही थी/ वो जब बैठे थे आंगन में नहाकर’, ‘एक दो लोग ही सच्चाई पे चलने वाले/झूठ के सामने लश्कर की तरह होते हैं’। बेशक, आसिफ़ अलअतश बस यू हीं अपने मंज़िल की ओर बढ़ते रहिए, कामयाबी एक दिन क़दम चूमेगी। बस एक मशविरा, खूब मंजाई करके कागज़ पर अशआर लाइए, हालांकि अभी इस तरह की चूक हो जाना फ़ितरी है, हम सब लोग इसी मंज़िल से गुज़र चुके हैं। हां, एक बात तय है एक दिन ज़रूर शिनाख़्त कायम करेंगे। 120 पेज की इस किताब को उर्दू फाउंडेशन मुंबई ने शाया किया है, जिसकी कीमत 120 रुपये है।

( गुफ़्तगू के अक्तूबर-दिसंबर 2019 अंक में प्रकाशित )