बुधवार, 26 अक्टूबर 2011

पत्रकारिता फिर से कलेवर व तेवर की तरफ रुख करेगी-श्रीधर


पत्रकारिता अपने मानदंडों से गिरती जा रही है। पीत पत्रकारिता सामान्य बात हो गई है।आधुनिकता और बाजारीकरण ने आदर्श पत्रकारिता को बहुत पीछे छोड़ दिया है। राष्टृीय और अंतरराटृीय घटनाक्रमों पर पैनी नजर रखने वाले इलाहाबाद के वरिष्ठ पत्रकार पंडित श्रीधर द्विवेदी ने ‘गुफ्तगू’ से एक विशेष साक्षात्कार में आज की पत्रकारिता के संदर्भ में उक्त विचार व्यक्त किया। पिछले पांच दशकों से पत्रकारिता से जुड़े श्री द्विवेदी का कहना है कि समाचारपत्र निकालना अब मिशन नहीं रह गया,बल्कि पूरी तरह व्यापार हो गया है। जिसमें संपादक की हैसियत महज एक कठपुतली की रह गई है और मालिकान निजी हितों में उसकी प्रतिभा का शोषण और दोहन करने से बाज नहीं आते। उन्होंने कहा कि अखबार संपादकों के हाथ से निकलकर अब पूरी तरह से प्रबंधतंत्र के हाथ का खिलौना बन चुका है। प्रबंधतंत्र जैसे चाहता है वैसे अखबार को चलाता है। उनका मानना है कि अखबरों की भाषा भी अब बदल गई है। हिन्दी अखबारों में अंग्रेजी की मिलावट से आम आदमी को कठिनाई होती है और इससे भाषा भी प्रदूषित होती है। श्री द्विवेदी का कहना है कि अखबार अब वर्ग विशेष और क्षेत्र विशेष को ध्यान में रखकर प्रकाशित किए जाते हैं, इसमें अखबारों की सार्वभौमिकता पर भी प्रश्नचिन्ह लगता है। अब अखबारों की नौकरी के लिए योग्यता से ज्यादा संपर्कों और बाजार में पकड़ को महत्व दिया जाता है,यही कारण है कि अब अखबारों में प्रायः चाटुकारों की फौज ही दिखाई देती है, जिसके चलते अखबारों का स्तर गिरता चला जा रहा है। पत्रकारिता के भविष्य के संबंध में उनका कहना है कि अच्छे दिन नहीं रहे तो बुरे दिन भी नहीं रहेंगे। एक न एक दिन फिर से बदलाव का दौर शुरू होगा और पत्रकारिता फिर अपने कलेवर व तेवर की तरफ रुख करेगी। समाज को सबसे ज्यादा राजनीति प्रभावित करती है, राजनीति में व्याप्त भ्रष्टाचार भी पत्रकारिता में मानदंडों को गिराने के लिए उत्तरदायी कारक है। श्री को उम्मीद है कि राजनीति में शुचिता एक न एक दिन जरूर आएगी और पत्रकारिता अपने पुराने मानदंडों को फिर से गौरवांवित करेगी। बहुमुखी प्रतिभा के धनी पंडित श्रीधर द्विवेदी का जीवन संघर्षों से भरा रहा है। कांटों के बीच राह बनाने वाले श्री द्विवेदी का जन्म 23 जुलाई 1936 को आजमगढ़ के एक सामान्य परिवार में हुआ था। बचपन में ही अभाव और कठिनाइयों ने उन्हें संघर्षशील बनाया और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। पांचवीं तक गांव में पढ़ाई करने के बाद नेशनल इंटर कालेज आजमगढ़ से इंटर की परींक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की लेकिन आगे की पढ़ाई का मार्ग आर्थिक तंगी के कारण बंद हो गया। छह वर्षों तक कोलकाता में एक प्राइवेट कंपनी में काम किया लेकिन मन नहीं लगा तो वापस लखनउ आ गए। 1959 में लखनउ में आने के बाद त्रिपथगा पत्रिका में बतौर सहायक कार्य मिला तो रोजीरोटी के साथ ही साहित्य सेवा क गाड़ी चल निकली। काम के बाद ट्यूशन और फिर अपनी पढ़ाई। जीवन की यही दिनचर्या बन गई। न साइकिल न रिक्शे के पैसे। ऐसी स्थिति में पांव ही साइकिल बन गए और समय बचाने के लिए दौड़-दौड़ कर ट्यूशन पढ़ाने जाना शगल बन गया। स्नातक किया फिर हिन्दी और इतिहास से परास्नातक की डिग्री हासिल की। पत्रकारिता की नियमित शुरूआत 1965 में तरुण भारत से हुई। 1971 में स्वतंत्र भारत में नौकरी मिली। 1977 में ‘अमृत प्रभात’के प्रकाशन शुरू होने के साथ ही यहां काम शुरू किया, यहीं से 1996 में सेवामुक्त हुए। पत्रकारिता के उच्च मानदंडों को अपने जीवन में उतारने वाले श्री द्विवेदी की देश-विदेश राजनैतिक गतिविधियों पर हमेशा पैनी नजर रहती है। अमृत प्रभात,स्वतंत्र भारत, नार्दन इंडिया पत्रिका, युनाइटेड भारत, सहजसत्ता सहित अनेक दैनिक पाक्षिक और साप्ताहिक सामचार पत्रों में नियमित रूप से श्री द्विवेदी सम सामयिक घटना पर लिखे गए लेख तत्कालीन दृश्य के आइना होते हैं। देशांतर के रूप् में उनके लेखों की एक लंगी श्रंखला इतिहाल की धरोहर है। तथागत शिखावन महाकाव्य जीवन के विविध पक्षों पर एक हजार गीतों को संग्रह ‘भावना’, पांच लघु व्यंग्य नाटिकाओं का संग्रह ‘साक्षात्कार’ संपूर्ण नाटक समाजवाद व महार दीवारी और हिन्दी के अलावा घुंघरू के बोले, राही, समस्या,बानी पुत्र और दशरथ इनकी उत्कृष्ट रचनाओं में शामिल हैं।
विजय शंकर पांडेय

मोबाइल नंबरः 9305771175

सोमवार, 24 अक्टूबर 2011

भगवान और महानायक की संज्ञा क्यों ?







पिछले लगभग एक दशक से महानायक और भगवान शब्द के वास्तविक अर्थ से खिलवाड़ किया जा रहा है। सचिन तेंदुल्कर को भगवान और अमिताभ बच्चन को महानायक की संज्ञा दी जा रही है। जबकि ये दोनों ही उपाधियां किसी भी दृष्टि से सहीं नहीं है। भगवान वह होता है जिसके अंदर ईश्वरी शक्ति हो और देश का महानायक उसे कहा जा सकता है जिसने बिना किसी लोभ-धन के देश की सेवा की हो। अब परिदृश्य में देखा जाए तो, न तो सचिन तेंदुल्कर भगवान हो सकते हैं और न नहीं अमिताभ बच्चन महानायक।इसमें कोई शक नहीं है कि भारत मुनियों-फकीरों का देश है। यहां राम,कृष्ण और गौतम ने जन्म लिया है और परविश पाई है। देश और समाज के लिए कार्य करने वालों का आदर किया जाता रहा है। महात्मा गंाधी जैसे अहिंसावादी नेता की पूरी दुनिया कायल है, सारी दुनिया में अहिंसा के प्रतिमूर्ति के रूप में उन्हें जाना जाता है। गांधी के अलावा भारत को अंग्रेजों से आजाद कराने के लिए हजारों लोगों ने बिना किसी निजी स्वार्थ के अपनी जान की कुर्बानी दी है। सरदार भगत सिंह, सुभाष चंद्र बोस, अशफाकउल्ला जैसे तमाम लोग इसकी जीती जागती मिसाल हैं। इन सबके बीच यदि अमिताभ बच्चन को देश के महानायक की उपाधि दी जा रही है, तो यह किस तर्क पर आधारित है। जहां तक अमिताभ बच्चन के शख्सियत का सवाल है तो इसमें कोई शक नहीं है कि वे भारतीय फिल्म इंडस्टृी के सबसे कामयाब सितारे हैं, उन्होंने बालीवुड को नई दिशा दी है। बड़े-बड़े फिल्म निमार्ता-निदेशक उनके साथ काम करके खुद को गौरवान्वित महसूस करते हैं। लेकिन इसके साथ-साथ यह भी सच है कि वे फिल्मों में काम खुद के धन और ख्याति अर्जित करने के लिए करते हैं। टीवी चैनलों के कार्यक्रमों में आते हैं, तरह-तरह की चीजों की एड और माकेर्टिंग करते हैं, जिसके बदले संबंधित कंपनियों से करोड़ों रुपए लेते हैं। और यह धन खुद के लिए अर्जित करते हैं। इससे देश और समाज को कोई खास फायदा नहीं होता। अब ऐसे में सवाल उठता है कि जो आदमी एक-एक क्लिप का लाखों रुपए वसूलता हो, दंत मंजन से लेकर ठंडा तेल जैसे प्रोडक्ट का प्रचार करता हो, वह बहुत बड़ा कलाकार तो हो सकता है, लेकिन देश का महानायक कैसे हो सकता है। आखिर किस आधार पर उन्हें देश के महानायक की संज्ञा दी जा रही है।इसी तरह सचिन तेंदुल्कर को भगवान की संज्ञा दी जा रही है। सचिन की क्रिकेट की प्रतिभा से किसी को इंकार नहीं हो सकता है। उन्होंने समय-समय पर अतुलनीय बल्लेबाजी की है, ढेर सारे रिकार्ड उनके नाम दर्ज हो चुके हैं और आने वाले दिनों में उसमें इजाफा ही होने वाला है।बड़े-बड़े दिग्गज गेंदबाजों को उन्होंने धूल चटाया है। व्यक्तिग रिकार्ड के हिसाब से निःसदेह वे दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट बल्लेबाज हैं। अनगिनत बार उनके प्रदर्शन से भारत को जीत हासिल हुई है। इन सबके बीच हमें यह भी देखना चाहिए कि वे जितने बड़े खिलाड़ी हैं, भारत की क्रिकेट टीम दुनिया के अन्य टीमों के मुकाबले उतनी बड़ी नहीं है, उतनी कामयाबी और रिकार्ड भारतीय क्रिकेट टीम के नाम पर दर्ज नहीं हैं। अगर उन्हें भगवान की संज्ञा दी जा रही है, तो जिस टीम के सदस्यों में एक भगवान हो, उस टीम के हिस्से में पराजय तो कभी आनी ही नहीं चाहिए। जब से वे क्रिकेट खेल रहे हैं, तब से छह विश्वकप का आयोजन हो चुका हैं,मगर छह विश्वकपों में से भारत सिर्फ एक बार ही विश्वविजेता बन सका है, आखिर क्यों। भगवान तो वह होता है जिसके अंदर ईश्वरीय शक्ति हो।क्या सचिन के अंदर ईश्वरी शक्ति है। इसके साथ-साथ हमें यह भी देखना चाहिए कि उन्होंने क्रिकेट के मैदान में जो प्रदर्शन किया है उसके बदले उन्हें करोड़ों रुपए मिलते रहे हैं। क्रिकेट की वजह से ही उन्हें बेशुमार दौलत और शोहरत मिली है। विभिन्न प्रोडक्ट्स का प्रचार टीवी चैनलों पर करते हैं, उसके बदले करोड़ों रुपए वसूलते हैं। इससे साफ जाहिर हो जाता है कि उनके बेहतरीन प्रदर्शन से सबसे अधिक उनको व्यक्तिगत लाभ हुआ है। ऐसे में व्यक्तिगत लाभ के लिए बड़े से बड़े काम करने वाले को क्या भगवान कहा जाना उचित है। इसमें कोई शक नहीं है कि उनके द्वारा बनाए गए रिकार्ड की चर्चा होती है और वे देश के अन्य तमाम खिलाड़ियों से बेहतर दिखाई पड़ते हैं तो हमें गर्व होता है कि इतने सारे रिकार्ड बनाने वाला खिलाड़ी हमारे देश का है। लेकिन इसके लिए उसे भगवान कैसे कहा जा सकता है। कितनी हैरानी की बात है कि देश को आजाद को कराने के लिए हंसते-हंसते फंासी का फंदा चूमने वाले और अंग्रेजों की गोलियों खाने वालों को तो देश के महानायक की संज्ञा नहीं दी जा रही है। देश से भ्रष्टचार मिटाने के लिए बिना किसी निजी स्वार्थ के संघर्ष करने वाले, समय-समय पर विभिन्न प्रकार का मोर्चा लेने वाले अन्ना हजारे के काम याद नहीं है। भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, अशफाकउल्ला, मंगल पांडेय, वीर सावरकर, महारानी लक्ष्मीबाई, बाबा आम्टे और अन्ना हजारे जैसे लोग जिन्होंने खुद के फायदे के लिए कोई कार्य नहीं किया, इनकेा महानायक नहीं कहा जा रहा है। जो एक-एक क्लिप और एक-एक प्रदर्शन के बदले बकायदा सौदा करते हैं और करोड़ों रुपए वसूलते हैं, वे देश के महानायक है, आखिर इसका आधार क्या है।


नाज़िया गाजी

रविवार, 23 अक्टूबर 2011

इंसानियत के पैरोकार थे कैफी आज़मी


---- इम्तियाज़ अहमद ग़ाज़ी ----

कैफी आज़मी का शुमार उन शायरों में होता है, जिन्होंने जिन्दगी के अंतिम पल तक इंसानियत का धर्म निभाया और और अस्पताल में लंबे समय तक बीमार पड़े रहने के बावजूद उसी अवस्था में शायरी में करते रहे। अंतिम समय में भी लोगों की जी खोलकर मदद करने वाले शख्स थे।उन्होंने न सिर्फ़ शायरी की बल्कि अपने शायर और अदीब होने का बखूबी फर्ज निभाया। उनकी पत्नी शौकत कैफी बताती हैं, ‘कैफी ने मौत से कभी हार नहीं मानी,निरंतर लड़ते रहे।अस्पताल की एक घटना याद आती है। घर से सवा चार बजेे अस्पताल पहुंची, कैफी बेहोष पड़े थे। उनके कमरे के दरवाजे पर डू ना डिस्टर्ब की तख्ती लगी हुई थी। पत्नी भी चार बजे से पहले उनके कमरे में प्रवेश नहीं कर सकती थी।क्या देख रही हूं कि एक छात्र कैफी के सिरहाने बैठा अपना दुखड़ा सुना रहा है और कैफी अर्धमूर्छित अवस्था में अपने सिर दर्द के बावजूद बड़े ध्यान से सुन रहे हैं। मैं देखते ही झल्ला गई। ‘ हद हो गई, डाक्टर ने आपको बात करने से भी मना किया है और आप उनसे बातें कर रहे हैं।’ फिर मैंने उस लड़के से कहा-मियां तुम ज़रा बाहर जाओ। इस पर वह कसमसाने लगा और बोला, मैं कैफी साहब को अपने हालात सुनाना चाहता हूं। मैंने प्यार से कहा-जरा आप बाहर जाइए मुझे आपसे कुछ कहना है। लड़का उठकर बाहर आने लगा तो कैफी ने अपनी क्षीण लड़खड़ाती आवाज में कहा, ‘ शौकत यह स्टूडेंट है,इसे कुछ मत कहना। हो सके तो इसकी जो ज़रूरत हो उसे पूरा कर देना।’ अच्छा-अच्छा कहकर बाहर निकल गई। पूछने पर पता चला कि वह अहमदाबाद का रहने वाला है। सौतेली मां के अत्याचार से घबराकर भाग आया है और कैफी से काम मांगने आया है।’ एक अन्य घटना का जिक्र करते हुए शौकत कैफी बताती हैं,‘ एक बार वह लान में बैठे लिख रहे थे।फूल,पौधों से उन्हें बड़ा प्रेम था। इसके लिए बहुत परिश्रम करते। दूर-दूर से फूलों के बीज मंगवाते। उस समय फूलों का मौसम आने वाला था। फूलों के बाग में मुहल्ले की एक मुर्गी अपने दस-बारह छोटे बच्चों सहित आ गयी और पंजों से गमलों के बीज कुरेद-कुरेद कर खाने लगी।बच्चे भी मां का साथ देने लगे। बस कैफी का एकदम गुस्सा आ गया और उन्हें भगाने के लिए एक छोटा सा पत्थर उनकी ओर फेंका। वह पत्थर मुर्गी के एक बच्चे का लग गया और उसने वहीं तड़प-तड़प दम तोड़ दिया। बस फिर कैफी से रहा न गया, जल्दी से अपनी जगह से उठ खड़े हुए। मुर्गी के बच्चे को पानी पिलाने और किसी प्रकार से उसे जीवित करने की कोशिश करने लगे, मगर जब वह बच न सका तो एक दम कलमबंद करके रख दिया और दो दिन तक काम ही न कर सके। मुझसे कहने लगे, ‘मैंने बहुत ज़्यादती की। उन्हें आवाज़ से भी भगा सकता था। पत्थर फेंकने की क्या ज़रूरत थी। अब मुझसे काम नहीं हो पा रहा है। जब बैठता हूं, वह मुर्गी का बच्चा नज़रों के सामने घूमने लग जाता है।’ मैंने हंसकर बिल्कुल बच्चों की भांति समझाया, ‘भई यह तो अकस्मात ऐसा हो गया फिर तुम मुर्गी खाते भी तो हो। अगर अब नहीं मरता तो बड़ा होकर काट दिया जाता। तुम इसके बारे में मत सोचा।’ शौकत कैफी एक और घटना को याद करती हैं, ‘ एक दिन हमारे घर में चोरी हो गयी। तमाम बेड़ कवर, चादरें, कंबल चोरी हो गए। मुझे मालूम था कि चोर कौन है। एक चोर माली हमारे घर किसी प्रकार आ गया था। जब हमारे घर में निरंतर चोरियां होने लगीं और मुझे पता चला कि यह सारा काम उसी माली का है तो मैंने उसे निकाल दिया और एक दिन जब हम घर से बाहर गए हुए थे और घर खुला हुआ था तो मौका पाकर वह माली फिर आया और घर के तमाम कंबल और चादरें उठा ले गया। जब मैंने कैफी से कहा कि तुम पुलिस में सूचना दो, तो कहने लगे, ‘देखो शौकत बारिश होने वाली है-उस गरीब को भी तो चादरें और कंबल की ज़रूरत होगी। उसके बच्चे कहां जाएंगे। तुम तो और खरीद सकती हो लेकिन वह नहीं।’ मैंने अपना सिर पीट लिया और कोेई जवाब नहीं दे सकी।’ अतहर हुसैनी रिजवी उर्फ कैफी आजमी का जन्म 17 जनवरी 1919 का आजमगढ़ जिले के मिजवां गांव में हुआ था। घर में ही शेरी-शायरी का अच्छा-खासा माहौल था, उनके बड़े भाई और पिता भी शायरी के काफी लगाव रखते थे। खुद उनके घर में भी शेरी-नशिस्त का दौर चलाा करता था। कैफी ने मात्र ग्यारह साल की उम्र में ही शेर कहना शुरू कर दिया था। बहुत मशहूर वाकया है, जब वे मात्र ग्यारह वर्ष के थे,उनके गांव में ही तरही मुशायरा का आयोजन किया गया था। उस मुशायरे का तरह था ‘ इतना हंसों कि आंख से आंसू निकल पड़े’। उन्होंने कहा-
इतना तो ज़िदगी में किसी की खलल पड़े,
हंसने से हो सुकून, न रोने से कल पड़े।

इस मुशायरे में उन्हें काफी वाहवाही मिली। उनके पिता दंग रह गए। उन्होंने तुरंत एक पारकर पेन, एक शेरवानी के साथ उनका उपनाम ’कैफी’। तब से वे कैफी आजमी हो गए। उनकी तीन प्रमुख कृतियां प्रकाशित हुई हैं। आखिरी शब, झंकार और आजाद सज्दे। उन्होंने तमाम फिल्मों में गीत लिखे। जिसके लिए उन्हें नेशनल पुरस्कार के के अलावा फिल्मफेयर अवार्ड भी मिला। इस कलम के सिपाही ने 10 मई 2002 को इस दुनिया को अलविदा कह दिया।

(हिन्दी दैनिक जनवाणी में 09 अक्तूबर 2011 को प्रकाशित )

सोमवार, 10 अक्टूबर 2011

अज़ीज़ इलाहाबादी: बेहतरीन शायर और जिंदादिल इनसान



इलाहाबाद हमेशा से अपनी गंगा-जमुनी तहज़ीब,संस्कृति और अपनी शेरी व अदबी फ़िज़ा के लिए मशहूर रहा है.शायरी इलाहाबाद के दिल धडकन और रूह की तरह बस्ती है. पुराने ज़माने से लेकर मौजूदा दौर तक बहुत से शायरों ने अपनी शायरी के ज़रिये इलाहाबाद की फ़िज़ा को खुशनुमा बनाये रखा और अपनी गज़लों व नज्मों के ज़रिये शायरी को बुलंदी बख्शी लेकिन बहुत कम शायर ऐसे हैं जिन्होंने अपनी शायरी के गुलदस्ते में ज़िंदगी के तमाम रंगों के फूलों को समेटा और महकाया. इस लिहाज़ से अगर मौजूदा दौर के शायरों का ज़ायज़ा लिया जाये तो जो नाम मेरे जेहन में सबसे पहले आता है वह हैं अज़ीज़ इलाहाबादी, जिनका पिछले 18 सितम्बर 2011 को इन्तेकाल हो गया.अज़ीज़ इलाहाबादी की पैदाइश 1935 में हुई थी. उनके वालिद का नाम जनाब अब्दुल हमीद खान है. अज़ीज़ साहब की चार किताबें छप चुकीं हैं. इन किताबों के नाम- गज़ल का सुहाग, गांव से शहर तक, गज़ल संसार और नुरुल हुदा है.
अज़ीज़ इलाहाबादी ने मुख्तलिफ अस्नाफे सुखन को अपनी शायरी के दायरे में लिया है.उनका शेरी सरमाया गज़लों,नज्मों,हम्द,नात,सलाम,मनकबत,कतआत, गीतों, दोहों वगैरह से मालामत है, लेकिन यहाँ पर मुझे उनकी गज़लों का जायजा लेना मकसूद है. गज़ल शायरी की एक हरदिल अज़ीज़ और मकबूलतरीन सिंफ है. जिसने यह साबित करके अपने मुखालफीन के ज़बान बंद कर दी कि उसका दायरा सिर्फ हुस्न-इश्क की बातें करने तक महदूद नहीं बल्कि ज़िंदगी के हर पहलू और दुनिया के हर मज़मून को समेट लेने की वुसअत और सलाहियत इसके अंदर मौज़ूद है. इसकी ताज़ा मिसाल अज़ीज़ इलाहाबादी की ग़ज़लें हैं, जो महबूब की जुल्फों से अटखेलियां करते, लबो रुखसार की बातें करते हुए, मरमरीं जिस्म की मदहोश कर देने वाली खुशबू से मुअत्तर होकर जामो सुबू के नग्में गाते रिन्दों के दरमयान अपनी मौजूदगी दर्ज करात हुए शहर की गलियों और सड़कों का गहराई से जायजा लेते हुए गांव के तरफ मुड जाती हैं जहाँ वह ताज़ा हवा और पुरसुकून माहौल में सांस लेती है और फिर खेतों-खलिहानों के दरमियान से गुजरकर, पनघट पर अपनी मौजूदगी का अहसाह दिलाते हुए गांव की गोरी पायल और गागर तक पहुँच जाती है. इस तरह हम देखते हैं कि अज़ीज़ इलाहाबादी के ग़ज़लें गांव से लेकर शहर तक के हुस्नो-जमाल का दीदार कराने के साथ-साथ ज़िंदगी के मौजूदा मसायल की ऐसी नंगी तस्वीर दिखाती जिसे हम देखते हुए भी कभी-कभी नहीं देख पाते.
अज़ीज़ इलाहाबादी की गज़लगोयी के बारे में पदमश्री बेकल उत्साही अपनी राय कुछ इस तरह ज़ाहिर करते हैं-'यह काफी ज़हीन उम्दा और नोकपलक के मालिक हैं. रवायत के साथ जिद्दत की डगर अपना लेते हैं और साफ-सुथरे अशआर निकालने का ज़ज्बा रखते है. बहरहाल लफ़्ज़ों के परखने का हुनर और गज़ल कहने का फन जानते हैं.'
अज़ीज़ इलाहाबादी का रिश्ता गांव और शहर दोनों से रहा है, वह खुद लिखते हैं,'मेरी ज़िंदगी दो हिस्सों में तकसीम है, एक शहर से और दूसरी गांव से मुताल्लिक'. इस तरह उन्होंने गांव और शहर दोनों की ज़िंदगी और रहन-सहन को करीब से देखा और क़ुबूल किया. उनकी गज़लों में गांव और शहर दोनों की सच्ची तस्वीर नज़र आती है. शहर की नुमाइशी ज़िंदगी और इंसानी खुदगर्जी को वह पसंद नहीं करते. उनकी ग़ज़लें शहर की कशमकश भरी ज़िंदगी, तरक्की के नाम पर छलावा, मुहब्बत ने नाम पर फरेब,उलझन, परेशानी की तल्ख़ हकीकात पेश करती है-
दुश्मनी, दोस्ती की शक्ल में है,
उसकी जानिब से घात बाक़ी है,
इस अहदे तरक्की में, तहज़ीब-ओ-तमद्दुन के
परदे पे नए चेहरे दिखलाये गए आखिर
दौरे हाज़िर में सब ही फ़रिश्ते मिले
कोई मिलता नहीं आदमी की तरह
शहर के मुक़ाबले गांव की ज़िंदगी को वह ज़्यादा पसंद करते हैं, जहाँ पुरसुकून माहौल है, खेतों की हरियाली, खलिहानों का सुहाना मंज़र है, सादगी है और सबसे बढ़कर इंसानियत, मुहब्बत और अपनापन है. हालंकि अज़ीज़ साहब की गज़लों में मौजूदा गांव की तस्वीर नहीं बनती, लेकिन वह माजी के गांव की भरपूर तर्जुमानी करती हैं.
कड़वा-कड़वा शहर का लहजा
गांव में अपनापन बाक़ी है,
पेड़ के फल नए मौसम में रसीले होंगे
फूल सरसों के तेरे नाम से पीले होंगे
रौनकें शहर की वह छोड़कर क्यों आएगा
गांव के रस्ते बरसात में गीले होंगे
फागुन आया,सरसों फूली,होली नाचे खेतों में
साजन गोरी को मारे,रंग भरी पिचकारी भी.
डॉ. अहमद लारी अज़ीज़ इलाहाबादी की गांव की शायरी के बारे में लिखते हैं,'मेरे ख्याल से इनका सबसे अहम कारनामा यह है कि इन्होंने गज़ल का रिश्ता गांव की ज़िंदगी से जोड़ा है और इसमें गांव की गोरी के रूप में अनूप,पनघट,सखियों की छेड़छाड़,खेतों की हरियाली,गेंहूँ की बालियों की सुनहरी रंगत,गांव के लोगों की फितरी सादगी और मासूमियत और उनके दुःख-सुख को इन्तेहाई दिलकश अंदाज़ में पेश किया है.' अज़ीज़ साहब की शायरी मौजूदा दौर की शायरी है. उन्होंने समाज के हर तबके की ज़िंदगी का बारीकी से जायजा लिया है, चाहे वह ज़मीदारों,ठेकेदारों और अमीरों की सहूलियत से भरी ज़िंदगी हो या गरीबों की भूख और लाचारी से भरा जीवन, कोई भी पहलू अज़ीज़ साहब से छुटा नहीं है-
ज़मीन बेचकर अपनी वह मज़बूरी में रहते हैं
ज़मीदारों के बेटे हैं जो कालोनी में रहते हैं
तडपती भूख सुलगती है प्यास की शिद्दत
किसी गरीब से पूछो कि ज़िंदगी क्या है

अज़ीज़ इलाहाबादी का कमाल यह है की वह सिर्फ अपने महबूब के हुस्न या लबो रुखसार को ही नहीं देखते बल्कि गांव से लेकर शहर तक की इंसानी ज़िंदगी के तमाम पहलुओं पर गहरी निगाह रखते हैं. अहदे हाज़िर में मशीनी इस्तेमाल से जहाँ तरक्की की राहें आसान हुईं हैं और तरह-तरह की सहूलियात और फ़वायद हासिल हुए हैं वहीँ इसमें कई तरह के नुक्सानात भी सामने आयए हैं जिनका ज़िक्र अज़ीज़ साहब की गज़लों में मिलता है-
भूख प्यास और बढ़ गई
हाथ जब मशीन हो गए
अज़ीज़ साहब ने अपनी गज़लों में मौजूदा वक्त में दम तोड़ती हुयी इंसानियत, खत्म होती मुहब्बत,झूठी हमदर्दी और बिखरी हुई पुरानी कद्रों को बड़े ही पुरअसर अंदाज़ में पेश किया है-
यह अहदे सफीराने तरक्की की थकन है
या सिलसिला-ए-दैर-ओ-हरम टूट रहे हैं
लिबास पहने है हर जिस्म शख्सियत का मगर
मिला न कोई भी इंसानियत के पैकर में

अपनी शायरी के ज़रिये वह इनसानों को अपनी बुनियादी कदरों को बरकरार रखने और ज़िंदगी की हकीकत को पहचानने पर जोर देते हैं. उनके मुताबिक इनसानियत से दूर रहकर दुनियावी तरक्की से कोई फायदा नहीं होने वाला. इस झूठी तरक्की और वक्ती चकाचौंध के पसेपर्दा अँधेरे के सिवा कुछ भी नहीं-
तुम्हारे पास उजाला नहीं अँधेरा है
किसी को रौशनी-ए-अफताब क्या दोगे,
अज़ीज़ अहले हुनर क़ैद हैं अँधेरे में
यह दौर, दौर-ए-तबाही है रौशनी क्या है

इस तरह अज़ीज़ साहब की शायरी माजी,हाल और मुस्तकबिल ( भूत,वर्तमान तथा भविष्य) की झलक नज़र आती है. उन्होंने जहाँ-जहाँ मौजूदा दौर के तमाम मसायल को अपनी गज़लों में शामिल किया वहीँ वह शानदार माजी की कद्रों को भी अपनी गज़लों के ज़रिय पेश किया है.डॉ. सय्यद शमीम गौहर उनकी जमालियाती शायरी के बारे में लिखते हैं, 'हुस्ने जानां की तशरीह, जुल्फों की तफसीर,सीनये सोजाँ की रूदाद,ज़ख्मे जिगर और चश्मेतर की तर्जुमानी से अज़ीज़ इलाहाबादी का तर्जे सुखन चमकता-दमकता नज़र आता है. ज़ायकए हुस्न और हुस्नेजन की लतीफ़ सरगोशियाँ इन्हें हमेशा गुदगुदाती रहीं, दर्दो कर्ब और यादों की खराशों से वह कभी घबराते नहीं और न ही हसरतो यास के दीवानापन से परेशान होते हैं बल्कि इन नेमतों को अज़ीज़ जानते सीने सेलगाते हुए ज़ज्बये तख्य्युलात का इज़हार करते हैं.'
ज़बान के ऐतबार से अज़ीज़ इलाहाबादी की ग़ज़लें आमफहम हैं. उन्होंने गांव और शहर की रोज़मर्रा की ज़िंदगी में बोली जाने वाली आम आदमी की ज़बान को गज़लों में इस्तेमाल किया है जिसमें हिंदी और उर्दू के सादे और आसान अलफ़ाज़ का इस्तेमाल करते हुए उन्होंने निहायत सादगी और कामयाबी के साथ अपनी बात कही है. उनकी गज़लों में ऐसे अल्फाज़ भी कसरत के साथ नज़र आते हैं जो गज़ल के मिजाज़ के ऐतबार से मुनासिब नहीं रखते और आमतौर पर शह लतीफ़ की ज़हनी सतह पर गिरन गुजारते हैं, जैसे- अंगनाई,पथरन,कथरी, हटीले,टाट,छप्पर,चितवन,चौकड़ी,पैवंद,नवीन,कड़ी,छैल-छबीली,उपटन,गागर,कटोरा आदि, लेकिन अज़ीज़ साहब जो गज़ल की नजाकत और लताफत के साथ उसके फन से भी बखूबी वाकिफ हैं, वह लफ़्ज़ों को परखने और उसके इस्तेमाल करने का हुनर भी जानते हैं और यही हुनर उनको मकबूल व मुनफरिद करता है.गरजकि अज़ीज़ इलाहाबादी कि गज़लिया शायरी ज़मीन से जुडी खालिस हिन्दुस्तानी शायरी है जो न सिर्फ हुस्नो जमालियात और कैफो निशात की तर्जुमान है बल्कि एक ऐसा आईना भी है जिसमें इंसानी समाज और दुनियावी रिवाज़ की सच्ची तस्वीर नजर आती है, एक ऐसी तस्वीर जो क़ारी के ख्वाबीदा जेहन को झिंझोड कर कुछ देर के लिए बदार करने की कुवत रखती है.
सायमा नदीम
3/6, अटाला,तुलसी कोलोनी, इलाहबाद, मोबाईल: 9336273768

बुधवार, 5 अक्टूबर 2011

किश्वर फातिमा: हिम्मत से जिंदगी को बनाया आसान

---------- इम्तियाज़ अहमद गाज़ी ---------
किश्वर फातिमा के ससुराल में रिश्तेदारों ने धोखे से घर और खेत हड़प लिया, मजबूरन पति और दो बच्चों के साथ मायके चली आयी। कुछ ही दिनों बाद पिता का देहांत हो गया और मायकेवालों ने घर से निकाल दिया. पति कमाने के लिए मुंबई गया तो पत्नी और बच्चों की तरफ मुड़कर नहीं देखा. लिश्वर ने किराए पर एक कमरा ले लिया. किराया देने के लिए पैसा नहीं था, लिहाज़ा घरेलू सामान बेचकर किराया चुकाती रही और खुद बच्चों संग भूखे सोती, कभी-कभी पडोसी कुछ खाने को दे देते. एक दिन अचानक किसी ने उसे अखबार अखबार बेचने की सलाह दी. पहले उसने अपने बेटे को अखबार बेचने के लिए भेजा. लेकिन बच्चे की सुरक्षा को लेकर डरती थी, लिहाजा अगले दिन से खुद अखबार बेचना शुरू कर दिया. धीरे-धीरे वह नियमित हाकर हो गई. हिम्मत से उसने अपनी और अपने बच्चों की जिंदगी को संभाल लिया.
किश्वर फातिमा इलाहाबाद के नखास कोहना की रहने वाली है.एक भाई और दो बहने थीं. पिता ने उसकी शादी बिहार के बक्सर जिले के सफीपुर गांव में कर दी. पति पढ़ा-लिखा नहीं था. इसका लाभ उठाते पति के बहनोई ने धोखे से घर और खेत अपने नाम करके उन्हें बाहर निकाल दिया. किस्मत की ममरी किश्वर अपने पति और दो बच्चों संग पिता के घर मायके चली आयी. पतों को कभी फलों का ठेला लगवाती तो कभी सब्जियों का.किसी तरह पेट पलता, पिता और भाई का सहयोग भी मिलता.एक दिन पिता का इन्तिकाल हो गया. इसके बाद घर का माहौल बिगड गया तो पति को कमाने के लिए मुंबई भेल दिया.इधर भाई ने घर से निकाल दिया. किश्वर पर दुबारा मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा.उसने करेली मोहल्ले में किराए का मकान ले लिया. आमदनी का कोई जरिया नहीं था लिहाजा घरेलू सामान बेचकर मकान का किराया देती और खुद बच्चों संग भूखे संग सोती, कभी-कभी पडोसी कुछ खाने को दे देते.उधर पति मुंबई कमाने के लिए गया तो पीछे मुड़कर नहीं देखा. बाद में पता चला की उसने वहीँ दूसरी शादी कर ली है.
एक दिन एखलाक नामक आदमी ने किश्वर से कहा की अपने बारह साल के बेटे को मेरे साथ भेज दो, उसे अखबार दिला देता हूँ, बेच लेगा तो कुछ पैसे मिल जायेंगे। किश्वर ने अपने बेटे तो भेज दिया।एक दैनिक अखबार बेचने के लिए उसका बेटा निकल पड़ा। १२ साल के मासूम शाम को घर लौटा तो उसके हाथ में दस रुपए थे, जो बेचे गए अखबार की आमदनी थी.दस रुपए का छोला चावल खरीदकर तीनों ने खाया और और काफी खुश हुए. अगले दिन भी बेटा अखबार बेचने के लिए निकल पड़ा. इधर किश्वर का जी घबराने लगा, कहीं मोटर गाड़ी के नीचे न आ जाए, कोई मारपीट न दे. घबराई किश्वर निकल पड़ी बेटे को खोजने. दिनभर खोजती रही और अल्लाह से दुआ करती की मेरे बेटे को सही सलामत रखना.खोजते-खोजते शाम को घर लौटी तो उसका बेटा घर आ चूका था और आज भी दस रुपए कमा लाया था.फिर तीनों ने मिलकर खाना खाया.अब किश्वर ने फैसला किया कि वह अपने बेटे कोअखबार बेचने के लिए नहीं भेजेगी.अगले दिन उसने खुद अखबार बेचने का फैसला किया. इलाहाबाद की गली कुचों से ज्यादा वाकिफ नहीं थी. सो मोहल्ले के ही एक बुज़ुर्ग से उसने गुजारिश की कि उसे रास्ता देखा दें. ताकि वह घूमकर अखबार बेच सके. हसन ज़मील नामक उस बुज़ुर्ग ने सायकिल पर बिठाकर किश्वर को रास्ता दिखा दिया. किश्वर ने पहले दिन हिम्मत करके 30 अखबार बेच दिया। दूसरे दिन अखबारों की बढ़ाकर 70 कर लिया। दिनभर अखबार बेचने के बाद उसने बेचे जाने वाले अख़बारों की संख्या 100 कर लिया।फिर 100 से 150 और 150 से बेचे जाने वाले अख़बारों की संख्या 250 हो गई. आज वह सांध्य अखबारों के अलावा सुबह का अखबार भी बेचती है.
कहते हैं की जब दिन खराब होता है तो समाज भी साथ नहीं देता और जब दिन बहुरने लगता है तो समाज को अखरने लगता है. किश्वर के साथ भी ऐसा ही हुआ. हसन जमील कभी-कभी किश्वर के बच्चों के देखभाल करता था, ख़ासतौर पर जब वह अखबार बेचने के लिए निकलती थी.पड़ोसियों को यह बहुत नागवार गुज़रा.किश्वर जब भूखे पेट सोती और अपने बच्चों के लिए भोजन का इंतज़ाम नहीं कर पाती तब किसी पडोसी को दिखाई न देता. हसन जमील का सहयोग करना अखरने लगा. उसे लेकर तरह-तरह की बातें की जानी लगीं. पडोसी उससे लड़ाई करने पर उतारू हो जाते.परेशान होकर हसन जमील ने के सामने उसने निकाह का प्रस्ताव रख दिया.और फिर 55 साल के हसन जमील से निकाह कर लिया. आज किश्व्वर की आमदनी का जरिया अखबार ही है. रोजाना सांध्य दैनिक और सुबह के अखबार बेचती है और बच्चों का पेट पालती है. बचे जो अब 15 और 12 साल के हैं, उन्हें पढ़ा तो नहीं सकी लेकिन उन दोनों में एक को वेल्डिंग का काम सीखने लगा है तो दूसरा मोटर मैकेनिक का. किश्वर अपनी हिम्मत से अपनी मुसीबत भरी जिंदगी को आसान बना लिया है.

सोमवार, 3 अक्टूबर 2011

लोग कोई न कोई कमी निकाल ही लेते हैं-शहरयार

साहित्य की दुनिया में प्रोफेसर शहरयार का नाम किसी परिचय का मोहताज़ नहीं है,बल्कि उनका नाम बड़ी इज्ज़त से लिया जाता है.उन्होंने अबतक जो इबारत लिखा है उसे इस युग का ख़ास हासिल है.उमराव जान जैसी फिल्म में लिखे उनके गीत मील की पत्थर की तरह हैं.अबतक इस्मे आज़म,सातवां दर,हिज्र के मौसम,ख्वाब का दर बंद है,नींद की किरचें और मेरे हिस्से की ज़मीन नामक काव्य संग्रह उर्दू में प्रकाशित हो चुके हैं. इसके अलावा धूप की दीवार,मेरे हिस्से की ज़मीन,ख्वाब का दर बंद है और कहीं कुछ कम है नामक किताबे हिंदी में भी छपी हैं.18 सितंबर 2011 को हिंदी फिल्मों के महानायक कहे जाने वाले अमिताभ बच्चन के हाथों उन्हें ज्ञानपीठ पुरस्कार से नवाजा गया. उर्दू साहित्यकारों में यह पुरस्कार पाने वाले वे चौथे साहित्यकार हैं, उनसे पहले कुर्तुलएन हैदर,फ़िराक गोरखपुरी और सरदार अली जाफरी को यह एवार्ड मिला है.शहरयार को ज्ञानपीठ से पहले बहादुर शाह ज़फर,उर्दू अकादमी पुरस्कार,ग़ालिब एवार्ड और राजभाषा पुरस्कार मिल चूका है.ज्ञानपीठ पुरस्कार अमिताभ बच्चन के हाथों से दिए जाने को लेकर काफी चर्चा रही, तमाम साहित्यकारों ने इसकी आलोचना भी की.इम्तियाज़ अहमद गाज़ी ने उनसे बातचीत की-


सवाल:एक साहित्यकार के लिए एवार्ड की क्या अहमियत है?
जवाब:वैसे तो कोई ख़ास अहमियत नहीं है,लेकिन पुरस्कार मिलने के बाद जिम्मेदारी और बढ़ जाती है.आदमी जब पूरा जीवन लेखन कार्य में व्यतीत कर देता है और उसके बदले कोई पुरस्कार मिलता है तो अच्छा ही लगता है. लेकिन एवार्ड पाने के लिए ही लेखन नहीं किया जाता, न ही यह लेखन का मकसद होना चाहिए.
सवाल:ज्ञानपीठ पुरस्कार अमिताभ बच्चन के हाथों दिए जाने को लेकर काफी आलोचना हो रही है.अधिकतर साहित्यकारों का कहना है कि यह पुरस्कार किसी साहित्यकार के हाथों से मिलना चाहिए था?
जवाब:अमिताभ बच्चन के हाथों पुरस्कार दिए जाने को मैं गलत नहीं मानता. फिल्म इंडस्ट्री के महानायक कहे जाते हैं अमिताभ बच्चन,उनके हाथों पुरस्कार लेने में मुझे कोई असहजता महसूस नहीं हुई. लोगों का क्या है, लोग हर काम में कोई न कोई कमी निकाल ही लेते हैं.और पुरस्कार देने का फैसला पुरस्कार देने वाली संस्था को करना होता है, इसमें किसी को एतराज़ नहीं होना चाहिए.


सवाल: मौजूदा दौर की फिल्मों को देख कर कैसा लगता है ?

जवाब: फ़िल्में बहुत खतरनाक दौर से गुजर रहीं हैं। ऐसी चीज़ें दिखाई जा रही हैं, जिनका असलियत से कोई वास्ता नहीं होता, लेकिन देखने में अच्छा लगता है। आदमी तीन घंटे के लिए असल जिंदगी भूल जाता. फिल्म खत्म हो जाने के बाद पता चलता है कि असल जिंदगी में क्या होता है। आज कि फिल्मों में आम आदमी गायब हो गया है। हर तरफ दिखावटी चमक-धमक ही प्रदर्शित कि जा रही है

सवाल: उर्दू कि मौजूदा सूरतेहाल से आप कितने संतुष्ट हैं?

जवाब: बिलकुल। पूरी तरह तरह संतुष्ट हूँ। उर्दू का भविष्य अच्छा है। यह ज़बान हिन्दुस्तान की ज़बान है।

सवाल: उर्दू की तरक्की के लिए कुछ लोग इसकी लिपि को देवनागरी लिपि बदलने की बात करते हैं?

जवाब: उर्दू की लिपि बदलने की कोई वजह नहीं है.मेरा मानना है कि उर्दू अपनी स्क्रिप्त के साथ ही ज़िंदा रहेगी, क्योंकि हर ज़बान की अपनी एक साउंड होती होती है जो उसी की स्क्रिप्त में मुमकिन है और वैसे भी उर्दू स्क्रिप्त एक आर्ट है। देवनागरी स्क्रिप्त साइंटिफिक होने के बावजूद उर्दू की कई साउंड्स को व्यक्त नहीं कर पाती है।

सवाल: लेकिन उर्दू स्क्रिप्त बहुत मुश्किल है?
जवाब: मुश्किल होने का मतलब बदल देना नहीं है। वैसे भी यह गलत धारणा है कि उर्दू स्क्रिप्त मुश्किल स्क्रिप्त है। आप अंग्रेजी सीख सकते हैं, लोग जापानी सीख रहे हैं.... दरअसल गैर उद्रू भाषियों को उर्दू सीखने में लाभ नज़र नहीं आ रहा है.....इसके भी कई वजह हैं।उर्दू स्क्रिप्त या कहें उर्दू ज़बान अभी भारत में रोज़गार कि भाषा नहीं बन पा रही है। दूसरे, जहाँ तक उर्दू अदब खासकर शायरी पढ़ने की समस्या है तो वो देवनागरी में उपलब्ध होने लगी है।
सवाल: न्यूज़ चैनलों के बढते प्रभाव को किस रूप में परिभाषित करना चाहेगें?

जवाब: दोनों पहलू हैं।पोजिटिव भी, और निगेटिव भी। कई बार मीडिया द्वारा बहुत सी गलत चीज़ें फ़ैल जाती है, यकीन की हदतक, जो समाज के लिए बहुत खतरनाक साबित होतीं हैं।कहा जाता है कि यही पब्लिक की डिमांड है। मगर ऐसा बिलकुल नहीं है। मीडिया की नज़र में पब्लिक है ही कहाँ, उसके ऊपर तो चीज़ें थोपी जा रही हैं। हाँ, कहीं-कहीं मीडिया का काम बेहद सराहनीय होता है। जैसे कि प्रिंस का गड्ढे में गिरना और मीडिया द्वारा लगातार दिखाए जाने के कारण मुस्तैदी से उसे बाहर निकाल लिया जाना।

सवाल: उर्दू लिटरेचर की तमाम चीज़ें अब हिंदी में अनूदित और प्रकाशित होने लगीं हैं, कैसा लगता है?
जवाब: इसका उर्दू पर अच्छा ही असर पड़ रहा है। उर्दू फ़ैल रही है।हिंदी पढ़ने वालों की तादाद अधिक है, वे उर्दू लिटरेचर की चीज़ें पढ़ना पसंद कर रहे हैं, इसलिए ऐसा है। यह उर्दू लिटरेचर के लिए पाजिटिव संकेत है।
सवाल: फ़िल्मी गीतकारों की शिकायत है कि उन्हें साहित्यकार नहीं माना जाता?
जवाब: जो साहित्यिक रचनाएं करते हैं उन्हें माना भी गया है। साहित्य कि अपनी सीमाएं हैं। जिन फ़िल्मी गीतों की लोग वकालत कर रहे हैंवास्तव में वे गीत हैं ही नहीं। इन गीतों से मयूजिक हटा दीजिए तो कुछ नहीं बचेगा। साहित्य वही है जो कागज़ पर सके।

सवाल: कुछ लोगों का कहना है कि हिंदी संस्थान और उर्दू एकेडमी अलग-अलग नहीं होना चाहिए। दोनों का काम एक जगह एक साथ किया जाना चाहिए?
जवाब: दोनों ज़बानों कि अलग-अलग संस्थाएं होनी ही चाहिए। एकता अलग चीज़ है, एक बनाना अलग चीज़ है। सब चीज़ें एक जैसी नहीं हो सकतीं। ये न कभी हुआ है न कभी होगा। हाँ, इन संस्थाओं में इमानदारी से काम किये जाने की ज़रूरत महसूस होती है।

सवाल : शेर किस तरह कहा जाता है?
जवाब: शेर कहने के लिए कोई न कोई टारगेट होता है।कोई न कोई मकसद होता है कि मैं यहाँ अपनी चीज़ पहुंचाना चाहता हूँ। जब बिना मकसद के सिर्फ शेर कहने के लिए शेर कहा जाता है तो उसमें वज़न नहीं होता, साथी शेर होकर रह जाता है। टारगेट का होना बेहद ज़रुरी है।


सवाल:समाज में बुराई भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। इसकी क्या वजह मानते हैं?

जवाब: अच्छाई को बहुत लोगों की ज़रूरत होती है।अकेला आदमी कुछ नहीं कर सकता। आदमी अपना आकलन करता रहे कि दिनभर में क्या अच्छा किया, तो बात बन सकती है।पहले लोग वाच करते थे कि मेरा बच्चा कहाँ से कितना कमा रहा है। मगर अब यह नहीं देखा जाता कि पैसा कहाँ से आ रहा है। बस चाहता है कि मेरा बच्चा पैसा कमा कर लाये। यही बुराई कि जड़ है।

सवाल:यह बार-बार शोर मचाया जा रहा है कि नए लोग अच्छा नहीं लिख रहे हैं?
जवाब:यह बात गलत है। नए लोग भी अच्छा लिख रहे हैं। पहले भी अच्छा-खराब दोनों तरह के लिखने वाले थे, आज वही हालात हैं। बहुत से नए लोग बहुत अच्छा लिख रहे हैं। हाँ, खराब लिखने वालो की तादाद भी कम नहीं है। एक चीज़ ज़रूर खलती है कि नए लोग पढ़ते नहीं हैं। चार गज़ल लिख लिया और हो गए देश के सबसे बड़े शायर। नए लोग पहले खूब मेहनत करें, फल कि इच्छा न करें। दूसरे शायरों लेखकों को खूब पढ़ें तभी पुख्ता शेर होगा।


सवाल:किसी नई फिल्म के लिए गीत लिख रहे हैं?

जवाब:हाँ, मुज़फ्फर एक फिल्म बना रहे हैं,जिसका नाम जहांगीर-नूरजहाँ है, इस फिल्म के लिए गीत लिख रहा हूँ।

(02 अक्टूबर 2011 को हिंदी दैनिक जनवाणी में प्रकाशित)

शुक्रवार, 30 सितंबर 2011

अकबर नाम लेता है खुदा का इस ज़माने में

--- इम्तियाज़ अहमद गाज़ी ----

बेपर्दा कल जो आयीं नज़र आयीं चंद बीवियां,अकबर ज़मीं पे गैरते कौमी से गड़ गया.
पूछा जो उसने आपका पर्दा वो क्या हुआ, कहने लगीं कि अक्ल पे मर्दों के पड़ गया.

अकबर इलाहाबादी का यह शेर पूरी दुनिया में मशहूर है। यही नहीं उनके और तमाम अशआर दुनियाभर में मुहावरों कि तरह इस्तेमाल होते हैं।हालांकि इलाहाबाद में उनके परिवार का कोई नहीं है लेकिन ऐसे तमाम लोग मौजूद हैं जिन्होंने उनकी शाख्सियत देखी है और समय-समय पर उनकी रहनुमाई हासिल की है।इलाहाबाद कोतवाली के निकट यादगारे हुसैनी इण्टर कालेज है। यह कालेज ही अकबर इलाहाबादी का घर था, जिसे स्कूल के लिए दान कर दिया गया था।कोलज के प्रधानाचार्य अहमद हसनैन बताते हैं कि इस कालेज की स्थापना 1942 में हुई थी, तब यह विद्यालय रानीमंडी मोहल्ले में था.अकबर का परिवार पाकिस्तान चला गया था, मगर उनके बेटे मोहम्मद मुस्लिम यहीं थे और वे ही इस विद्यालय को अपनी कोठी में ले आए.लेकिन 1949 में वो भी पाकिस्तान चले गए. उनके पाकिस्तान चले जाने पर पचास हज़ार वर्ग फिट की यह मिलकियत कस्टोडियन में चली गई. रज़ीउद्दीन हैदर,ज़मीर अहसन काज़मी और साबिर हुसैन आदि ने मिलकर विद्यालय की ज़मीन कस्टोडियन से वापस लाने के लिए आनंद भवन में प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरु से मुलाक़ात की. पंडित नेहरु ने उस समय के शिक्षामंत्री हुमायूं काबिर को इस मामले को देखने का आदेश दिया और फिर यादगारे हुसैनी सोसायटी ने तीन किश्तों में यह मिलकियत अपने नाम दर्ज करा ली.
मुशायरों के मशहूर संचालक नजीब इलाहाबादी के दादा अकबर इलाहब्दी के भी थे.नजीब इलाहाबादी बताते हैं कि मेरे दादा अकबर इलाहाब्दी के बारे में बहुत सारी बातें बताते थे.कहते हैं, दादा के अब्बा यानी अकबर इलाहाब्दी के पिता सय्यद तफज्जुल हुसैन उन्हें इंजीनियर बनाना चाहते थे लेकिन उनका मन नहीं लगा और उन्होंने वकालत कि परीक्षा पास की और फिर बाद में डिस्ट्रिक्ट सेशन जज़ बने.उनके पास भी कोई भी मदद के लिए आता तो जी खोलकर मदद करते.
सूफियाना जीवन व्यतीत करने वाले अकबर इलाहाबादी का यह शेर बड़ी शिद्दत से याद किया जाता है-
हुए इस कदर मुहज़्ज़ब कभी घर का मुंह न देखा,
कटी उम्र होटलों में, मरे अस्पताल जाकर.
एक और शेर जो बहुत मशहूर है-
रकीबों ने रपट लिखवाई है जा-जा के थाने में,
के अकबर नाम लेता है खुदा का इस ज़माने में.

(01 मई 2011 को हिंदी दैनिक जनवाणी में प्रकाशित)

शनिवार, 24 सितंबर 2011

अतीक इलाहाबादी: जिंदादिल और मेहमान नवाज शायर


अतीक इलाहाबादी का शुमार इलाहाबाद के उन शायरों में होता है, जिन्होंने दुनिया भर के शायरों की मेहमान नवाजी जिंदादिली के साथ हमेशा की है. जबतक वे जिन्दा रहे दुनियाभर के शायर उनके यहाँ हक से आकर ठहरते थे और अतीक इलाहाबादी जीभर के मेहमाननवाजी करते. उनके अचानक निधन से इलाहाबाद शायरी में गहमागहमी एक दौर खतम सा हो गया.अतीक इलाहाबादी की पैदाइश 28 जून 1952 को हुई थी.उनके वालिद शफीक इलाहाबादी भी एक अच्छे शायर थे. घर में ही अतीक इलाहाबादी का उर्दू अदब का अच्छा ख़ासा माहौल मिला, जिसका पूरा फायदा उन्होंने उठाया. मुशायरों में उनकी मकबूलियत इतनी थी कि देश के कोने-कोने में आमंत्रित किये जाने के साथ ही पाकिस्तान,दुबई,सउदी अरब में भी बुलाये जाते थे. चश्मे बराह,आगमन,मुठ्ठीभर अहसास,सरकार की गली में और अहसाह का दर्पण नामक उनकी किताबें प्रकाशित हुईं हैं. अदबी सेवा के लिए उर्दू एकेडमी उत्तर प्रदेश द्वारा तीन बार सम्मानित किये जाने के साथ-साथ अखिल भारतीय भाषा परिषद और हिंदी साहित्य सम्मलेन प्रयाग उन्हें सम्मानित गया.इनके उस्ताद दिल लखनवी थे जिनकी देखरेख में अतीक इलाहाबादी की शायरी में उल्लेखनीय निखर आया. 25 फ़रवरी 2007 को उनका निधन हो गया. निधन से पहले इम्तियाज़ अहमद गाज़ी ने उनसे एक इंटरव्यू लिया था जो हिंदी दैनिक आज में 25 सितम्बर 2004 को प्रकाशित हुआ था .
सवाल:शायरी का मैयार लगातार गिरता जा रहा है,क्या वजह मानते हैं?
जवाब:सुननेवालों और पढ़नेवालों का मैयार लगातार गिरता जा रहा है. सुनने वालों के जेहन तक पहुँचने के लिए उनके समझने के हिसाब से मुशायरों में शेर सुनाना पड़ता है.इसी वजह से म्यार कायम नहीं रह पाता.आजकल बुद्धिजीवी लोग मुशायरे में नहीं आते. यह मुशायरा और शायरी दोनों का दुर्भाग्य है.
सवाल: अब आलोचना एक-दूसरे की चाटुकारिता बनकर रह गई है, इसे आप किस रूप में लेते हैं?
जवाब:अब आलोचक रह ही कहाँ गए है.नए आलोचकों को मैं आलोचक नहीं मानता. जब आलोचक खुद शेर नहीं कह पाते,उसकी नज़ाकतों को नहीं समझ पाते तो फिर दुश्रों के अशआर पर क्या कहेंगे या लिखेंगे.
सवाल: उर्दू की बेहतरी के लिए क्या होना चाहिए?
जवाब:लोग अपने बच्चों को उर्दू पढाते ही नहीं हैं.बच्चे उर्दू नहीं पढ़ेगें तो फिर दिन पर दिन उर्दू प्रचलन से बाहर होती जायेगी.मैंने एक उर्दू कोचिंग खोला था, जिसमें मुफ्त शिक्षा के साथ उर्दू की किताबें भी मुफ्त दी जाती थीं. लेकिन दो साल में 7-8 बच्चे ही पढ़ने आए,जिसकी वजह से कोचिंग बंद कर देनी पड़ी.
सवाल: उर्दू के प्रति अरुचि की वहज क्या यह नहीं हैं कि शिक्षा का सम्बन्ध राज़ी-रोटी से हो गया है?
जवाब: मैं इस बात को सही नहीं मानत. बंगाली और पंजाबी वगैरह पढ़ने वालों को क्या नौकरी मिल जाती है? फिर भी इससे जुड़े लोग खुद बंगाली और पंजाबी पढ़ते हैं और अपने बच्चों को भी पढाते हैं.
सवाल:हिंदी में ग़ज़लें कही जाने लगी हैं.इससे क्या प्रभाव पड़ा है उर्दू गज़ल पर?
जवाब:कुछ असर नहीं पड़ा.जब उर्दू वाले गीत,दोहा,सोरठा,माहिया,हाइकू आदि लिख रहे हैं, तो फिर हिंदी वालों ने भी गज़ल लिखना शुरू कर दिया. इसमें बुराई ही क्या है.
अतीक इलाहाबादी की ग़ज़लें
(१)
जिंदगी हादसों से गुजर आयी है.
मेरे खेतों में बदली उतर आयी है.
मेरी आँखे अचानक ही पथरा गयीं,
जब कहीं भी मुझे तू नज़र आयी है.
ज़ुल्फ़ बिखराए आँखों में सावन लिए,
इक सुहागन पिया के नगर आयी है.
भीनी-भीनी सी खुशबू है माहौल में,
तुमसे पहले तुम्हारी खबर आयी है.
मेरे घर में दहकते अलाव गिरे,
उनके आँगन में जन्नत उतर आयी है.
खत किताबों में रखके बदलते रहे,
आज शामत किताबों के सर आयी है.
ऐसा लगता है कि हर फूल पर,
उनके होंठों की सुर्खी उतर आयी है.
ऐ अतीक अब चरागों को गुल कीजिये,
आज याद उनकी फिर टूटकर आयी है.
(२)
जब हवा अपना रुख बदलती है.
गर्द भी साथ साथ चलती है.
दिन का सूरज उफक में डूब गया,
अब सितारों से लौ निकलती है.
याद कर-कर के अहद-ए-माजी को,
जिंदगी अपने हाथ मलती है.
झील में तैरते हैं कुछ कागज़,
देखें कब तक नाव चलती है.
गुफ़्तगू उनकी चुभ गई दिल में,
देखें ये फांस कब निकलती है.
जी रहा हूँ मैं इस तरह से अतीक,
जैसे किस्तों में रात ढलती है.
(३)
अपना गम दिल के पास रहने दो,
मुझको यूँ ही उदास रहने दो.
नंग-ए-तहजीब न बन इतना,
कुछ तो तन पर लिबास रहने दो.
गम का सूरज भी डूब जाएगा,
दिल में इतनी सी आस रहने दो.
दौलते-ए-रंज-ओ-गम न छीन ए दोस्त,
कुछ गरीबों के पास रहने दे,
ए इमारत के तोड़ने वाले,
सिर्फ मेरा क्लास रहने दे.
करदे सारी खुशी आता उनको,
और गम मेरे पास रहने दे.
फिर तो दूरी नसीब में होगी,
और कुछ देर पास रहने दे.

मंगलवार, 20 सितंबर 2011

नीम के पेड़ को घंटों निहारते थे सुमित्रानंदन पन्त

------ इम्तियाज़ अहमद गाज़ी ----
सुमित्रानंदन पन्त छायावाद के प्रवर्तक कवि माने जाते हैं.उनका रचा हुआ संपूर्ण साहित्य सत्यम,शिवम के आदर्शों से प्रभावित है और समय के साथ चलता हुआ प्रतीत होता है. वरिष्ट साहित्यकार दूधनाथ सिंह सूर्यकान्त त्रिपाठी निराला को छायावाद का जनक नहीं मानते बल्कि पंतजी को मानते हैं.कहते हैं कि अगर पंतजी नहीं होते तो छायावाद के दूसरे कवियों का होना नामुमकिन था. छायावादी दर्शन में निहित अनजानापन,विस्मय जैसे गुण उनकी देन हैं. दूधनाथ सिंह बताते हैं कि वे ज्योतिष के बड़े अच्छे जानकार थे. अपनी मृत्यु के वर्ष में उन्होंने कहा था- अगर मैं इस वर्ष जी गया तो सौ वर्ष जीवित रहूँगा. वे अपने घर के नीम के पेड़ को घंटों निहारते रहते थे.उनके आँगन में फूलों का बागीचा था जो जाड़ा और गर्मी दोनों मौसमों में महकता था.
वरिष्ठ शायर बुद्धिसेन शर्मा बीते दिनों कि याद ताज़ा करते हुए बताते हैं कि भगवती चरण वर्मा के पुत्र धीरेन्द्र शर्मा से मेरी दोस्ती थी और पंतजी का उनके घर आना-जाना था.एक दिन मैं धीरेन्द्र से मिलने उनके घर गया तो उन्होंने बताया कि पंतजी आए हुए हैं. यह जानकार मैं बहुत खुश हुआ,लेकिन पंतजी बहुत सख्त मिजाज़ के थे, इस वजह से उनसे मिलने में भी डर लगता था. फिर भी धीरेन्द्र वर्मा से मिलवाने का आग्रह किया. धीरेन्द्र ने पहले पंतजी से पूछा फिर मुझे मिलवाया. मैं जब उनके पास गया तो उन्होंने पहले मेरे बारे में पूछा और फिर एक कविता सुनाने को कहा. डरते-डरते एक कविता सुनाई, उन्होंने और मेहनत करने कि हिदायत दी. बुद्धिसेन शर्मा बताते हैं कि उसके बाद पूरे शहर में मैं लोगों से कहता था कि पंतजी मेरे बहुत करीबी हैं, मैं उनको किसी भी कार्यक्रम में बुला सकता हूँ.पंतजी इलाहाबाद स्थित बेली अस्पताल के सामने एक मकान में रहते थे. एक बार बज्मे ग़ालिब संस्था की ओर से कविगोष्ठी आयोजित की जानी थी. उस गोष्ठी की अध्यक्षता के लिए पंतजी को बुलाने का निर्णय लिया गया ओर मुझे यह जिम्मेदारी सौंप दी गई.मैं डरते-डरते उनके पास पहुंचा ओर उनसे आने का निवेदन किया. अपने स्वभाव के विपरीत वे सहजता से आने के लिए तैयार हो गए. कविगोष्ठी वाले दिन उनके पास गया ओर उन्हें साथ ले आया. कार्यक्रम में पहुंचकर उन्होंने सभी लोगों की कविताएं सुनीं और हर एक की कमी को बताते हुए खूब मेहनत करने की सलाह दी.गोष्ठी के समापन पर बोले अगली बार आपलोगों की कविता मैं तभी सुनुगा, जब आप ओर मजे हुए कवि की तरह लिखेंगे.बुद्धिसेन शर्मा बताते हैं कि वे बहुत कड़क मिजाज के थे,इसलिए खासकर नए लोग उनके पास जाने से डरते थे, जिसे वो अपना स्नेह देते थे वो पूरे इलाहाबाद में डींगें हाकते फिरता था.
पंतजी के पड़ोसी प्रोफेसर ललित जोशी बताते हैं कि वैसे तो पंतजी मई के पहले हफ्ते में ही अपने गांव कौसानी चले जाते थे, लेकिन अपनी 70वीं वर्षगांठ मनाने के लिए वे इलाहाबाद में ही रुक गए. उनके वर्षगाठ वाली रात बहुत ही निराली थी.उस रात हरिवंश राय बच्चन एक ढपली लेकर आए थे और आधी रात तक गीत गाते रहे, पूरा घर गीत-संगीत की लहरी से झूम उठा. ज्योतिष के साथ उन्हें संगीत का बहुत अच्छा ज्ञान था.
छायावाद के प्रवर्तक सुमित्रानंदन पन्त का जन्म उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के कसौनी गांव में 20 मई 1900 को हुआ था. उनके पैदा होने के कुछ ही घंटे बाद उनकी माताजी का देहांत हो गया था, दादी ने उनका लालन-पालन किया.हाईस्कूल की परीक्षा पास करने के बाद वे इलाहाबाद आए और यहीं के होकर रह गए. उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए उन्होंने इलाहाबाद स्थित म्योर सेंट्रल कोलज में दाखिला लिया. उन्हीं दिनों गांधीजी के नेतृत्व में चल रहे असहयोग आंदोलन से जुड गए.वे 1950 से 1957 तक आकाशवाणी इलाहाबाद हिंदी अनुभाग के परामर्शदाता रहे, प्रगतिशील साहित्य को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने रूपम नामक पत्रिका का संपादन भी किया.कविता,नाटक,गद्य और निबंध की उनकी कुल 28 किताबें प्रकाशित हुईं.उनके लेखन कार्य के लिए उन्हें 1961 में पद्मभूषण, 1968 में ज्ञानपीठ सहित साहित्य अकादमी और सोबियत लैंड नेहरु पुरस्कार से नवाजा गया. 28 दिसम्बर 1977 को उनका निधन हुआ.कौसानी स्थित उनके घर जिसमें वे बचपन में रहा करते थे, को सुमित्रानंदन पंड वीथिका के नाम से सन संग्रहालय बना दिया गया है, जिसमें एक पुस्तकालय भी है.इलाहाबाद स्थित हाथीपार्क का नाम सुमित्रानंदन पन्त बाल उद्यान रखा गया है और संग्रहालय की वीथिका भी उनके नाम पर है.
(हिंदी दैनिक जनवाणी में 18 सितम्बर 2011 को प्रकाशित)



रविवार, 18 सितंबर 2011

विसंगतियों के लिए सिनेमा जिम्मेदार नहीं

फिल्म पटकथा लेखक संजय मासूम से डॉ. शैलेष गुप्त वीर की बातचीत
सवाल:वर्त्तमान समाज की विसंगतियों और पश्चिम के अंधानुकरण के लिए सिनेमा कहाँ तक जिम्मेदार है?
जवाब: सिनेमा क्यों जिम्मेदार है.सिनेमा तो समाज का आइना ही है, वह उसी को रिफ्लेक्ट करता है, जो लोगों की रहन-सहन है,उनकी भाषा है या जो लोगों की सोच है, तो सिनेमा कहाँ जिम्मेदार है. ... और जहाँ तक प्रेरणा की बात है. सिनेमा सोसाइटी को केवल रिफ्लेक्ट करता है.सिनेमा प्रेरणा देता नहीं लोग उससे प्रेरणा ग्रहण कर लेते हैं, यह अलग बात है. मैं विसंगतियों और पश्चिम के अंधानुकरण के लिय सिनेमा को ज़िम्मेदार नहीं मानता.
सवाल: आजकल फ़िल्मी गीतों में विषय-वस्तु का अभाव है और संगीत का बोलबाला है, क्यों..?
जवाब: इस सन्दर्भ में मैं यही कहूँगा कि आजकल फ़िल्मी गीत नई नस्ल के मुताबिक बन रहे हैं. इनमें विषय-वस्तु का बिलकुल से अभाव नहीं कहा जा सकता, हाँ, विषय-वस्तु में अरिवर्तन हो गया है.अब नई पीढ़ी को कथ्य से अधिक संगीत अच्छा लगता है औत संगीत तो वक्त के हिसाब से ही बनता है.
सवाल:विभिन्न टीवी चैनलों के विविधवर्णी कार्यक्रमों के बीच साहित्य की उपादेयता कितनी बची है?
जवाब: देखिये, साहित्य की उपादेयता तो किसी न किसी सन्दर्भ में हमेशा बनी ही रही है. शब्दों का अपना अस्तित्व होता है,उनका अपना महत्त्व होता है.भले ही माध्यम कुछ हो, साहित्य की उपादेयता हमेशा रही है और आगे भी रहेगी.
सवाल:एक पेशेवर पटकथा लेखक और गैर पेशेवर लेखक में क्या फर्क होता है?
जवाब: लेखक किसी भी विधा का हो, यदि लेखन उसका पेशा है तो उसकी ज़िम्मेदारी अधिक हो जाती है, उसे वक्त पर काम पूरा करना होता है,साथ ही डिमांड का भी प्रेशर होता है. आप अपनी मर्ज़ी सबकुछ नहीं लिख सकते. हाँ, अगर पेशेवर नहीं हैं तो अपनी मर्ज़ी से काम कर सकते हैं, जब मूड करे तब लिख सकते हैं.
सवाल: आपने अपने जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा इलाहाबाद में गुज़ारा है. मुंबई में रहकर इलाहाबाद की कमी आपको किस प्रकार खलती है.
जवाब: हर शहर की अपनी खासियत होती है और किसी भी शहर की कमी दूसरा शहर पूरा नहीं कर सकता.मुंबई की अपनी खासियत है. इलाहाबाद में जो ख़ास माहौल था, जो आवारगी थी, वो यहाँ मुमकिन नहीं हो पाती. इस प्रकार आप कह सकते हैं कि इलाहाबाद में जो बात थी वो इलाहाबाद में ही है, जो बात मुंबई में है वो केवल मुंबई में है.
सवाल: आपको लेखन की प्रेरणा कहाँ से मिली?
जवाब: क्या बताऊँ.... जिंदगी से मिली है, यह आप कह सकते हैं.वैसे इस तरह से मैंने कभी सोचा नहीं. आपके सवाल के बाद इस बारे में सोच रहा हूँ तो लग रहा है कि जीवन ने ही प्रेरणा दी और जीवन ही प्रेरणा दे रहा है अब तक.... आसपास जो घटता है, जिसे हम-आप आब्ज़र्व करते हैं शायद वही अंदर एक बेचैनी पैदा करती है और सृजन के रूप में बाहर आता है.
सवाल: आपके मन-मस्तिष्क में जब भी कोई नई थीम कोंधती है तो क्या उसपर आप तुरंत लेखन शुरू कर देते हैं या बाद में?
जवाब: यह इस बात पर निर्भर करता है कि मन-मस्तिष्क में क्या कैसी चीज़ चल रही है.अगर कोई शेर मेरे दिमाग में कौंधता है तो में तुरंत गज़ल कहने की करता हूँ. अगर कोई विचार ऐसा है की उसमें थोडा वक्त लगाने की ज़रूरत है, थोडा उसे चिंतन करने और समझने ज़रूरत है तो उसमें थोडा वक्त लगता है, अतः यह इसपर निर्भर करता है कि विचार कैसा है.
सवाल: आपके सर्वाधिक पसंदीदा लेखक कौन है, और क्यों?
जवाब: डॉ. राही मासूम रज़ा, क्योंकि उनकी भाषा में मिट्टी की खुशबु है. एक आम जीवन की झलक मिलती है और लगता है की यह हमारे बीच की बातें कह रहे हैं. वे किसी भी बात को अत्यंत स्वाभाविकता व सजीवता के साथ बहुत साधारण तरीके तथा सादगी से कहते थे. यही वजह है की वह मुझे पसंद हैं.
सवाल: पत्रकारिता में ज़रूरत से अधिक व्यावसायिकता के चलते साहित्य में गिरावट आई है, इससे आप कहाँ तक सहमत हैं?
जवाब:मैं काफी हद तक सहमत हूँ, पत्रकारिता में व्यावसायिकता हाबी है. इसमें कोई संदेह नहीं है .... किन्तु वही बात है हर दौर की, हर समय की अपनी ज़रूरत होती है,मांग होती है,पत्रकारिता भी शायद उसी मांग को पूरा करने में व्यावसायिक होती जा रही है. पहले पत्रकारिता का एक मकसद हुआ करता था, वह शायद अब थोडा पीछे चला गया है.
सवाल: शैक्षिक योग्यता से लेखन का क्या कोई सम्बन्ध है, क्या हाई-फाई डिग्रियां लेखन में कोई मदद करती हैं?
जवाब: लेखन में डिग्रियां तो मदद नहीं करतीं लेकिन शिक्षा संस्कार प्रदान करती है, सोचने समझने की छमता का विकास करती है, विश्लेषण की छमता देती हैं और जीवन के सही अर्थों को तलाशने की शक्ति प्रदान करती हैं. लेखन के लिए शिक्षा ज़रुरी है लेकिन डिग्रियां इतनी ज़रुरी नहीं.
सवाल: भविष्य में आपकी कौन-कौन नई फ़िल्में आ रही हैं?
जवाब: मैं तृष्णा हूँ, कृष्-2 के अलावा महेश भट्ट की एक फिल्म आएगी.इसके अलावा ज़ल्द ही एक दो फ़िल्में और आएँगी, जिनपर अभी काम चल रहा है.
सवाल: युवा रचनाकारों के लिए फिल्म और टीवी लेखन में क्या संभावनाएं हैं?
जवाब: अनंत संभावनाएं हैं. फिल्म और टीवी माध्यमों का विस्तार ही होते जाना है.आने वाले दिनों में और भी शाखाएं होगी जैसे आजकल मोबाइल के लिए फ़िल्में बन रही हैं, मोबाइल के लिए कार्यक्रम बनने लगें हैं, ज़ाहिर है कि कार्यक्रम बनेगें तो लेखन कि भी संभावनाएं बढेंगी. अतः युवा रचनाकारों के लिए संभावनाएं असीमित हैं, अनंत हैं.
( गुफ़्तगू के सितम्बर 2011 अंक में प्रकाशित)

शनिवार, 10 सितंबर 2011

दो मिसरों में मुक़म्मल बात गज़ल में ही- नय्यर आकिल


नय्यर आकिल का शुमार सबसे होनहार नौजवान उस्ताद शायरों में होता है जिसे उर्दू शायरी के हर विधा की बखूबी जानकारी थी. उर्दू अदब की दुनिया में नय्यर का नाम न सिर्फ शायरी की उस्तादाना फन के लिए जाना जाता है बल्कि एक बेहतरीन शख्सियत के लिए मशहूर है. उनके असमय निधन से इलाहाबाद शहर के अदबी हलके को इतना गहरा झटका लगा था कि आजतक उस कमी को पूरा नहीं किया जा सका है. नय्यर आकिल की पैदाईश 11 जून 1961 को लखनऊ में हुई थी. उनके वालिद जनाब आकिल इलाहाबादी और वालिदा मोहतरमा राशिदा आकिल, दोनों ही शायर थे. लखनऊ में हाईस्कूल करने के बाद इलाहाबाद आ गए. यही से इण्टर करने के बाद इलाहाबाद विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की, फिर इसी विश्वविद्यालय से उर्दू,फारसी और अरबी विषयों में मास्टर डिग्री हासिल की. इन तीनों ही विषयों में नेट भी क्वालीफाई की.उन्होंने फारसी की मशहूर किताब "गुलिस्तां" जिसके लेखक शेख शादी हैं, का उर्दू में काव्यानुवाद किया है. काटजू रोड पर स्थित उनकी दावा की दुकान शहर का प्रमुख अदबी अड्डा रहा है. इस होनहार शायर का तीन जून 2006 को निधन हो गया. निधन से करीब दो साल पहले इम्तियाज़ अहमद गाज़ी ने उनका एक इंटरव्यू लिया था, जो 11 सितम्बर 2004 को हिंदी दैनिक आज में प्रकाशित हुआ था.
सवाल: उर्दू शायरी के मेयार में आ राही गिरावट की क्या वजह मानते हैं?
जवाब: इसकी प्रमुख वजह उस्ताद और शागिर्द के सिलसिले का कम होना है. इस सिलसिले में जहाँ कुछ खराबी थी वहीँ अच्छाई भी थी. आजकल लोग दो-चार शेर कहने के बाद अपने को बहुत बड़ा शायर समझने लगते हैं.
सवाल: उस्ताद और शागिर्द के सिलसिले में बुराई क्या थी या है?
जवाब: कुछ उस्ताद शागिर्दों को खुलकर सोचने नहीं देते थे.जिन उस्तादों की दूसरे शायरों से नहीं बनती थी, वे चाहते थे कि उनके शागिर्द भी उनसे सम्बन्ध न रखें.
सवाल: आपके उस्ताद कौन हैं. इलाहाबाद के वर्त्तमान शायरों में आप किसको सबसे अधिक पसंद करते हैं?
जवाब:मेरे उस्ताद अल्लामा समर हल्लोरी हैं। जहाँ तक पसंददीदा शायरों की बात है तो कई लोग हैं, एक-दो नाम लेना बहुत मुश्किल है. फिर भी फर्रुख जाफरी साहब को मैं सरे-फेहरिस्त रखता हूँ.उनका एक शेर पेश है-
कहाँ जाते हैं,क्या करते हैं, किसके साथ रहते हैं,
हमें अपना तआवुन उम्र भर करना ही पड़ता है.
सवाल: नई कविता के कवियों का कहना है कि गज़ल का खांचा बना हुआ है, उसमे शब्द फिट कर दीजिए, गज़ल तैयार हो जाती है?
जवाब: उनकी सोच सही नहीं है.नई कविता जब आप पूरी पढ़ लीजिए या सुन लीजिए तो एक बात पूरी होती है.जबकि दो मिसरों में एक मुक़म्मल बात कह देना बहुत मुश्किल काम हैं और यह गज़ल ही मुमकिन करती है.
सवाल: हिन्दीभाषी लोग भी खूब ग़ज़लें कह रहे हैं, इसे आप उर्दू शायरी के लिहाज से किस रूप में देखते हैं?
जवाब: यह शायरी के प्रति अच्छा रुझान है. जैसे हमारे यहाँ रदीफ,काफिया, बहर लोग जानते हैं मगर रवायती ख्याल से बाहर नहीं निकल रहे हैं. इसी तरह हिंदी वालों के यहाँ फिक्र मौजूद है लेकिन उसे शेर के पैकर में ढालने की कमी है.
सवाल: उर्दू शायरी का भविष्य कैसा देखते हैं?
जवाब: जितने सुनने और पढ़ने वाले हैं उतने ही रह जाएँ तो भविष्य उज्ज्वल है. लेकिन यदि उनमें भी कमी आ जाये तो भविष्य अच्छा नहीं है.आज लोग उर्दू लिपि को भूल रहे हैं, जो धीरे-धीरे उद्रू भाषा को भुला देगा.
सवाल: आपकी दुकान साहित्यिक जमावड़े के लिए मशहूर है.नगर के बाहर वाले कौन-कौन शायर यहाँ आ चुके हैं और किससे सबसे ज्यादा प्रभावित हैं?
जवाब: निदा फाजली, बेकल उत्साही,अनवर जलालपुरी,शायर जमाली,राहत इन्दौरी, नजीर बनारसी,कृष्ण बिहारी नूर,रईस अंसारी,मेराज फैजाबादी,मलिकज़ादा मंज़ूर,हसन फतेहपुरी,हमडून उस्मानी,मुज़फ्फर रम्ज़ी वगैरह. दरअसल अतीक इलाहाबादी ही इन्हें लेकर आते हैं. इन सबमें नज़ीर बनारसी से सबसे अधिक प्रभावित हूँ. उन्होंने ने मेरी काफी हौसलाअफजाई की है.उनका एक शेर है-
इस तरह सोया है दीवाना तुम्हारे घर के पास,
एक पत्थर सर के नीचे एक पत्थर सर के पास.

---------------------------------
नय्यर आकिल की ग़ज़लें
(1)
तौके-ए-गम की जंजीर से दो चार हुए.
हो के आज़ाद तो हम और गिरफ्तार हुए.
वह सितम केश परी नम है जिसकी दुनिया,
व्याह लाऊंगा अगर जेब दीनार हुए.
इसी आईने की मानिंद बिखर जावोगे,
ज़ात से अपनी अगर बर सर-ए-पैकार हुए.
जिनसे खदशा या ज़सारत न हुयी उनको मगर,
जिनमें अहबाब थे उस सफ से कई वार हुए.
चाहे जिस ज़ाविये से दायर-ए-गम खींचों,
तुम ये देखोगे हमीं नुक्त-ए-परकार हुए.
(2)
अपने गम के साथ ही सारे जहाँ का गम भी है.
कास-ए-एहसास में खूबी-ए-जाम-ए-जाम भी है.
क्यों न हो माजी की अलमारी से हमको यह लगाव,
इसमें पोशीदा तुम्हारी याद का एल्बम भी है.
गो नहीं झुकता किसी के सामने नख्वत का सर,
सोचिये तो आईने के सामने सरख़म भी है.
आरज़ी आसूदगी देते तो हैं राहत के ख्वाब,
इस सुकूं की जुस्तजू में इक खलिश पैहम भी है.
याद के इस चाँद की तासीर कुच्ज मत पूछिए,
मुन्हसिर इस पर ही बहर-ए-दिल का जेरोबम भी है.
(3)
उसी ने मुझसे मेरे दिल का चैन छीना भी.
सिखा रहा है वही सब्र का करीना भी .
हवा उठाती है खुद बादबाँ से जो तूफ़ान,
उसकी ज़द में है शायद मेरा सफीना भी.
तेरी गली में पड़ा सुर्ख पत्थरों के बीच,
कहीं है मेरी मुहब्बत का आबगीना भी.
ज़मीं ने सुबह-ए-कयामत ही मेरी लाश के साथ,
उगल दिया मेरे आमाल का दफीना भी.
चलो हिसाब बराबर ही कर लिया हमने,
है उसकी तेग भी ज़ख़्मी हमारा सीना भी.
(4)
अपने मित्रों के अहित में जब भी उसका हित हुआ.
पीठ पर खंज़र चलाने में न वह विचलित हुआ.
लोग भी अपने विभाजन पर बहुत संतुष्ट थे,
सर्वसम्मत से वो बिल संसद से भी पारित हुआ.
आत्मा नीलाम करके लिखनी को बेचकर,
मैं भी एक दिन राज दरबारों में आमंत्रित हुआ.
कर दिए निर्यात जीवन मूल्य तक हमने तो क्या,
शास्त्र का भण्डार तो बदले में आयातित हुआ.
छा गया दुनिया पे जब फैला विचारों का प्रकाश,
और जब सिमटा तो बस इस बिंदु तक सीमित हुआ.
(5)
ये हितैषी हैं मगर उनसे अहित होने लगा.
जितनी उन्नति पायी वह उतना पतित होने लगा.
मन का कोलाहल तो फिर मन कोलाहल ही था,
रात्रि की निस्तब्धता में भी ध्वनित हुआ.
और अर्पित अपने जीवन की चिता की आग में,
वह भी मेरी तरह आशाओं सहित होने लगा.
फिर समझ में आ गया सब कुछ मगर प्रारंभ में,
मैं भी उसकी इस सहजता पर चकित हुआ.
बुध्दि जैसा सूर्य भी आखिर दलित होने लगा.

बुधवार, 7 सितंबर 2011

निरालाजी बोले, गेंहू रूपए का पांच सेर कर दीजिए




------ इम्तियाज़ अहमद गाज़ी -----
हिंदी साहित्य में सूर्यकांत त्रिपाठी निराला का नाम ऐसे कवियों में आता है, जिन्होंने न सिर्फ काव्य सृजन किया है बल्कि एक साहित्यकार के जीवन को जिया है.वे राजशाही के आगे कभी नतमस्तक नहीं हुए बल्कि उनके सामने अपनी अहमियत जताई और साहित्यकारों के लिए नजीर पेश किया कि काव्य धर्म राजनीतज्ञों से बहुत ऊँचा है, मामूली फायदे के लिए सत्ता में विराजमान लोगों के सामने कभी नहीं झुकना है. वरिष्ठ साहित्यकार बुधिसेन शर्मा बताते हैं कि एक बार मैनपुरी में कवि सम्मलेन था.निरालाजी और बलवीर सिंह रंग सहित तमाम कवि आमंत्रित किये गए थे. एक दो मंजिले मकान पर बरामदे में सारे कवि ठहराए गए थे. बरामदे में ही एक तखत पड़ा था.तखत पर निरालाजी बैठे थे, अन्य कवि जिनमें महादेवी वर्मा और बलवीर सिंह रंग भी शामिल थे, तखत के पास ही बिछे दरी पर बैठे हुए थे. उस समय उत्तर प्रदेश के राज्यपाल कन्हैयालाल माडिक लाल मुंशी थे.
इतने में एक सरकारी अधिकारी आया और निरालाजी से बोला, राज्यपालजी आपसे मिलना चाहते हैं. निरालाजी बोले, मिलना चाहते हैं तो आ जाएँ, मैं उनके स्वागत के लिए तैयार हूँ.थोड़ी देर में राज्यपाल जी सीढ़ियों से चढ़कर ऊपर आते दिखाई दिए.यह देखते ही निरालाजी ने बलवीर सिंह रंग के सिर पर लगी टोपी उठाकर अपने सिर पर लगा लिया और सीढ़ी के पास पहुंचकर हाथ जोड़कर राज्यपाल जी का स्वागत किया. फिर उनका हाथ पकड़कर तखत तक ले आए. निरालाजी और राज्यपाल कन्हैयालाल माडिक लाल मुंशी तखत पर बैठ गए.हाल-चाल पूछने के बाद कुछ देर तक चुपचाप बैठे रहे. करीब दस मिनट के बाद राज्यपाल जी ने कहा, मेरे लायक कोई काम हो तो बताइयेगा. निरालाजी बोले, हाँ काम है, इस समय गेंहू रूपए में दो सेर मिल रहा है. आप इसे रूपए में पांच सेर कर दीजिए.यह सुनते ही राज्यपाल जी खामोश हो गए और कोई उत्तर नहीं दिया. थोड़ी देर बाद राज्यपाल महोदय जाने लगे तो निरालाजी उनके साथ सीढ़ियों तक गए आए, नमस्कार करके उन्हें विदा कर दिया.
एक और मशहूर घटना बताते हैं बुधिसेन शर्मा, कहते हैं कुम्भ का मेला लगा हुआ था और प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरु और राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद संगम में स्नान करने आए थे. प्रधानमंत्री और निरालाजी पहले से परिचित थे. पंडितजी का निजी सचिव निरालाजी के पास आया और बोला, देश के पहले प्रधानमंत्री आपसे मिलना चाहते हैं. निरालाजी बोले मिलना चाहते हैं तो भेज दीजिए. सचिव का आशय था कि निरालाजी खुद जाकर प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से मिलें,मगर निरालाजी नहीं गए, उनका कहना था कि अगर पंडित नेहरु बुलाते तो मैं ज़रूर जाता, लेकिन प्रधानमंत्री के बुलाने पर नहीं जाऊँगा. निरालाजी को यह बात बहुत नागवार गुज़रती थी कि सत्ता में बैठे राजनीतिज्ञ कि आवाभगत करें. उनको प्रधानमंत्री पंडित नेहरु ने उन्हें कई बार लाभ पहुंचाने की बात कही लेकिन उन्होंने हर बार ठुकरा दिया. उनका मानना था कि साहित्यकार राजनीतिज्ञों के मोहताज़ नहीं हैं और न उनके आगे किसी कीमत पर झुकेंगे.
(हिंदी दैनिक जनवाणी में 14 अगस्त 2011 को प्रकाशित)

शनिवार, 3 सितंबर 2011

गुफ़्तगू के सितंबर 2011 अंक में

3. ख़ास ग़ज़लें ( अकबर इलाहाबादी, फैज़ अहमद फैज़, मज़रूह सुल्तानपुरी. फ़िराक गोरखपुरी )
4. आपकी बात
5-6.सम्पादकीय ( साहित्यिक पत्रिकाओं को सरकारी विज्ञापन क्यों नहीं)
ग़ज़लें
7.शकेब ज़लाली, बशीर बद्र, इब्राहीम अश्क, मुनव्वर राना
8.मुजाहिद फराज़,नूर अमरोही,गौस मथुरावी,ताहिर फराज़
9.सागर होशियारपुरी,तलअत खुर्शीद,लोक सेतिया,वाकिफ अंसारी
10.जाल अंसारी,उषा यादव उषा,शिवशरण अंशुमाली,शुशील कुमार गौतम
11.जय कृष्ण राय तुषार, रमेश नाचीज़
12.दुर्गेश कलम,गौतम राजरिशी,शमीम इटावी,चंद्रा लखनवी,
13. सत्य प्रकाश शर्मा,सरदार पंछी,सगीर अशरफ,धर्मेन्द्र गुप्त साहिल
कवितायें
14.सुलतान अहमद अंसारी,सायमा अंसारी
15.शिबली सना,जसप्रीत फलक
16.पंकज कुमार अनिल,यस.वाई.सहर, पंकज मिश्र अटल
30. अमर नाथ त्रिपाठी अमर
17-18.अदबी ख़बरें
19-20.तआरुफ़ ( एम.वसीम अकरम)
21-23. इंटरव्यू ( संजय मासूम)
24-27.राही मासूम राजा:यह मशाल जलती रहेगी- रविनंदन सिंह
28-30.भारत की गंगा-जमुना तहजीब के रचनाकार-बद्री नारायण तिवारी
31-32. चौपाल:साहित्यिक पुस्तकों की कीमत इतनी अधिक क्यों ( माहेश्वर तिवारी,मुनव्वर राना,एहतराम इस्लाम,सुरेन्द्र विक्रम,श्याम सुंदर निगम)
33-35.पत्रकारिता की जीवंत प्रतिमूर्ति बी.यस.दत्ता-विजयशंकर पाण्डेय
36-40.कहानी:वक्त ने छीन ली मुस्कुराहटें- अंसारी एम ज़ाकिर
41इल्मे काफिया भाग:7- आर.पी.शर्मा महरिष
42-44.तबसेरा(भाव निर्झर,इफ्हाम,जीवोक्रेसी,चलती है पीछे-पीछे परछाई मेरी)
45-47. मुनव्वर राना के सौ शेर
48. संस्मरण:सूर्यकांत त्रिपाठी निराला- इम्तियाज़ अहमद गाज़ी
परिशिष्ट:जलाल फूलपुरी
49. जलाल फूलपुरी का परिचय
50-51.गंगा-जामुनी तहजीब के रचनाकार-श्लेष गौतम
52.बेहतरीन रचनाकार-विजयशंकर पाण्डेय
53-80. जलाल फूलपुरी के कलाम



गुरुवार, 1 सितंबर 2011

साहित्यकारों से निवेदन

1. यदि आप अपनी कृति काव्य संग्रह, कहानी संग्रह, ग़ज़ल संग्रह आदि का विज्ञापन ‘गुफ्तगू’ में प्रकाशित करवाना चाहते हैं तो मात्र 400 रुपए का मनीआर्डर या बैंक ड्राफ्ट और पुस्तक की एक प्रति भेज दें।



2.यदि आप अपनी पुस्तक का प्रकाशन करवाना चाहते हैं और व्यवसायिक प्रकाशकों के यहां बार-बार चक्कर लगाने से बचना चाहते हैं तो, हम कम कीमत पर आपकी पुस्तक का प्रकाशन कर सकते हैं।


अन्य किसी जानकारी के लिए संपक करें।

मोबाइल नंबर 09889316790, 09305763746,

(फोन करने का समय दोपहर 11 बजे से शाम चार बजे तक)।

ई-मेलः guftgu007@rediffmail.com

मंगलवार, 30 अगस्त 2011

बीमार हाकर को देखने उसके घर पहुंचे फ़िराक साहब


------ इम्तियाज़ अहमद गाज़ी ------
बहुत पहले से उन क़दमों की आहट जान लेते हैं
तुझे ऐ जिंदगी हम दूर से पहचान लेते हैं.
तबीयत अपनी घबराती है जब सुनसान रातों में,
हम ऐसे में तेरी यादों की चादर तान लेते हैं.


फ़िराक गोरखपुरी के ये अशआर साहित्य की दुनिया में मील के पत्थर की तरह हैं. साहित्य से जुडा हुआ हर व्यक्ति इन अशआर से अच्छी तरह से वाकिफ है.फ़िराक गोरखपुरी उर्दू अदब का ऐसा नाम है,जिसके जिक्र बिना हिन्दुस्तानी अदब का इतिहास कभी मुक़म्मल नहीं हो सकता.फ़िराक साहब ने पूरी जिंदगी अपनी शर्तों पर जी है और आज के चापलूस टाईप अदीबों के लिए नमूना पेश किया. आमतौर पर यह चर्चा है कि फ़िराक साहब अक्खड टाइप के इंसान थे,लोगों से बेअदबी करते थे. मगर हकीक़त ऐसा बिलकुल नहीं था.हर इंसान के लिए उनकी अलग भूमिका थी, वे नाफर्मानों के लिए अक्खड थे तो गरीबों-मजलूमों के लिए हमदर्द और अभिभावक की भूमिका में नज़र आते. उनके ख़ास शागिर्द रमेश चंद्र दिव्वेदी उर्फ शौक़ मिर्जापुरी एक घंटा का ज़िक्र करते हैं. बताते हैं- फ़िराक साहब के यहाँ अखबार पहुँचाने वाला हाकर काफी बुज़ुर्ग था , एक बार वह बीमार पड़ गया. जिसकी वजह से उसने तीन दिन तक अखबार नहीं दिया. चौथे दिन उसका लड़का अखबार लेकर पहुंचा. फ़िराक साहब ने उसे बुलाया और पूछा तीन दिन तक अखबार क्यों नहीं क्यों नहीं आया? वह बोला, मेरे अबा बीमार हैं और मैंने आपका घर नहीं देखा था, इसलिए आपके यहाँ अखबार नहीं दे पाता था. आज किसी तरह से आपके घर का पता चल पाया इसलिए इसलिए अखबार ले आया हूँ. यह बात सुनकर फ़िराक साहब खामोश हो गए.शाम को मुझे ( शौक़ मिर्जापुरी) को बुलाया और रिक्शे से वहाँ से तकरीबन दस किलोमीटर दूर गाडीवानटोला नामक मोहल्ले में स्थित उसके घर पहुँच गए.तक़रीबन एक घंटे तक उसके पास बैठे रहे, हाल-चाल पूछा, इलाज़ के लिए तीन सौ रुपए दिए और फिर वापस लौटे. अपने साथ नाफरमानी करने वालों को वे बर्दाश्त नहीं करते थे. एक घटना का ज़िक्र करते हुए साहित्यकार नन्दल हितैषी बताते हैं- फ़िराक साहब बीमार थे, अर्धनग्न अवस्था में लेटे थे.सोवियत संघ का एक प्रतिनिधिमंडल रसियन एम्बेसी दिल्ली के माध्यम से इलाहाबाद फ़िराक साहब के पास आया.प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य ने कहा, अपना कपड़ा ठीक करके सही तरीके से बैठ जाइए. इसपर फ़िराक साहब बिगड गए और गुस्से से बोले, यह अपना उब्बक-दुब्बक उठाओ और यहाँ से दफा हो जाओ. बोले, जब हमारी उम्र के होवोगे और हमारी तरह बीमार पड़ोगे तब तुम्हे पता चलेगा. मुझे चले हो ढंग सिखाने.नन्दल हितैषी बताते हैं कि इसके बाद रसियन प्रतिनिधिमंडल के लोगों ने उन्हें बहुत मनाया और इंटरव्यू के एवज में दिया जाने वाला चेक भी दिखाया, लेकिन फ़िराक साहब नहीं माने और उन्होंने अंततः इंटरव्यू नहीं दिया. एक बार फ़िराक साहब से नन्दल हितैषी ने पूछा- शायरी किस भाषा में कि जानी चाहिए. इसपर उन्होंने ग़ालिब का एक शेर सुनाया-
नुक्ताचीं है गमे दिल उनको सुनाये न बने
क्या बने बात जहाँ बात बनाए न बने

फिर बोले, क्या बने... बात... जहाँ... बात... बनाए.. न बने. यह जिस भाषा का शेर है उसी भाषा में शायरी कि जानी चाहिए. फ़िराक साहब तुलसी को सबसे बड़ा कवि मानते थे. उनके अनुसार भारत में चार बड़े कवि हुए हैं, तुलसी,ग़ालिब, सूर और फैज़.
रघुपति सहाय उर्फ फ़िराक गोरखपुरी का जन्म 28 अगस्त 1869 को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में हुआ था.उच्च शिक्षा के लिए इलाहाबाद आये और यहीं के होकर रह गए.फिर इलाहाबाद विश्वविद्यालय में वे अंग्रेजी के प्रोफेसर बने. उन्होंने अनगिनत ग़ज़लें.रुबाईयाँ, कतअ,नज़्म आदि लिखे. गुले नगमा पर सन 1969 में उन्हें ज्ञानपीठ पुरस्कार भी मिला. आज उर्दू के हाईस्कूल, इण्टरमीडियट से लेकर अनेक विश्वविद्यालयों के कोर्से में उनकी शायरी पढाई जाती है. कलम के इस सिपाही की एक लंबी बिमारी के बाद तीन मार्च 1982 को निधन हो गया. उनका शेर प्रासंगिक हो रहा है.
मौत इक गीत रात गाती थी, जिंदगी झूम-झूम जाती थी.
जिंदगी को वफ़ा की राहों में, मौत खुद रौशनी दिखाती थी.
( हिंदी दैनिक जनवाणी में 28 अगस्त 2011 को प्रकाशित)